Image Slider


साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 के बी-ब्लॉक में सोमवार सुबह बिजली के खंभे पर शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सांझा प्रयास संगठन के संयोजक जुगल किशोर ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे बिजली के खंभे पर तारों में अचानक आग लग गई। इसकी सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। आग लगने की घटना के बाद बिजली के खंभों पर अव्यवस्थित तरीके से लटक रहे इंटरनेट कंपनियों के तारों और प्लास्टिक के बॉक्स को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली के खंभों पर विभिन्न कंपनियों के इंटरनेट और वाई-फाई के तार, प्लास्टिक के बॉक्स और विज्ञापन बोर्ड लगाए गए हैं। इससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। इससे पहले बी-112 के सामने लगे बिजली के पोल पर भी आग लगने की घटना हो चुकी है। लोगों ने ऊर्जा निगम के वरिष्ठ एसडीओ को मामले से अवगत कराया है। उन्होंने साहिबाबाद के मुख्य अभियंता से बिजली के खंभों पर लगे निजी कंपनियों के अनधिकृत तारों को हटवाने और विज्ञापन बोर्ड लगाने पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि लोगों की सुरक्षा के लिए समय रहते ठोस कदम उठाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके। वहीं मुख्य अभियंता जोन तीन बृजेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम की टीम ने तार की मरम्मत का काम कर दिया है। सप्लाई सुचारु रूप से की जा रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||