पीएम मोदी ने कहा, “हमने रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने पर सहमति जताई है. हम पोलैंड की कंपनियों को इन सभी रणनीतिक क्षेत्रों में भारत के साथ मिलकर प्रौद्योगिकी विकसित करने और संयुक्त रूप से उत्पादन करने के लिए आमंत्रित करते हैं.” प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों की बढ़ती आर्थिक ताकत ने भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पैदा किए हैं. उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे.
पीएम मोदी ने कहा, “भारत और पोलैंड, दोनों लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन में विश्वास करते हैं. हमारा मानना है कि वैश्विक शासन संस्थाओं को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए उनमें सुधार जरूरी है.” उन्होंने कहा, “यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत शांति की दिशा में किए जाने वाले हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा.”
दोनों देशों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में PM मोदी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों ने नई गति पकड़ी है और अब दोनों देश 2030 तक आपसी व्यापार को दोगुना करने के साझा लक्ष्य की दिशा में काम करेंगे. उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से भारत और पोलैंड के बीच आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे.
PM मोदी ने कहा कि भारत और पोलैंड के संबंध केवल कूटनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच मानवता और संवेदना की साझा विरासत भी है. द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जामनगर और कोल्हापुर के राजपरिवारों ने पोलैंड के हजारों बच्चों और परिवारों को भारत में आश्रय दिया था. उन्होंने कहा कि पोलैंड के लोग आज भी जाम साहब को ‘डोब्री महाराजा’ यानी ‘द गुड महाराजा’ के नाम से याद करते हैं. प्रधानमंत्री ने इसे दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक मित्रता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक अनिश्चितता और बदलावों के दौर में भारत और पोलैंड विकास, तकनीक और नवाचार के महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहे हैं. भारत ने पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की है. उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ FTA लागू होने के बाद मशीनरी, केमिकल्स, प्लास्टिक और इंजीनियरिंग उत्पादों के क्षेत्र में भारत से पोलैंड को निर्यात के नए अवसर पैदा होंगे.
PM मोदी ने पोलैंड के प्रधानमंत्री के साथ आए बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देशों की कंपनियां मिलकर विश्वसनीय सप्लाई चेन विकसित कर सकती हैं. उन्होंने रेलवे, मोबिलिटी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में पोलैंड से नए निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश आर्थिक सहयोग का विस्तार करते हुए व्यापार और निवेश के संबंधों को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


