Image Slider

gbd

जीटी रोड पर घंटाघर के बाहर रात नौ बजे लगा जाम। संवाद

गाजियाबाद। शहर भर में 90 स्थानों पर बुराई का अंत देखने के लिए निकले शहरवासियों को यातायात और नागरिक पुलिस की बदइंतजामी का सामना करना पड़ा। रामलीला मैदान पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या के आकलन के विपरीत डायवर्जन भी काम नहीं आया। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जैसे ही धू-धू कर जलने लगे तो कारों को रोककर श्रद्धालुओं ने वीडियो और रील बनानी शुरू कर दी। सड़क किनारे खड़े वाहन और ठेले वालों के कारण मुख्य मार्ग भी संकरे हो गए। ऐसे में लोगों को जाम से रूबरू होना पड़ा। कोढ़ में खाज उस समय हो गई जब यातायात और नागरिक पुलिस सड़कों से नदारद थी। शहर के 14 व्यस्त चौराहों से निकलने के लिए 40 से 50 मिनट लगे।


कविनगर थाना क्षेत्र में जाम की स्थिति विकराल रही। आठ बजे रामलीला कमेटी ने पुतलों का दहन शुरू किया। लोगों ने होली चाइल्ड स्कूल चौराहे वाले फ्लाईओवर से धू-धू जलते पुतलों को देखा और वाहन रोककर रील और वीडियो बनानी शुरू की। हालात ये रहे कि फ्लाईओवर से होली चाइल्ड चौराहा और आंबेडकर रोड तक वाहनों की कतार लग गई। उधर, आरडीसी में कई स्थानों पर रामलीला मंचन हुआ और नाकाफी पुलिस स्थानीय लोगों के वाहनों की पार्किंग का इंतजाम न कर सकी। ऐसे में हापुड़ रोड चौराहे से राजनगर एक्सटेंशन चौराहे तक मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मेरठ रोड स्थित राजनगर एक्सटेंशन चौराहे से काईमेरा सोसायटी तक जाम रहा। हिंडन नदी पर भी जाम की स्थिति रही। मेट्रो स्टेशन, जीटी रोड, चौधरी मोड, औद्योगिक क्षेत्र और लाल कुआं तक वाहनों की करीब चार किलोमीटर की कतार रेंगती नजर आई। शास्त्रीनगर में भी स्थिति सामान्य नहीं रही।

मुख्य बाजारों की भीड़ से अनजान अधिकारी

त्योहारी सीजन में नवयुग मार्केट, रमतेराम रोड बाजार, घंटाघर बाजार और आरडीसी में लोग दिल्ली और नोएडा, बागपत और हापुड़ के लोग खरीदारी करने आते हैं। इसका आकलन यातायात विभाग के अधिकारी नहीं लगा सके। बाजारों में यातायात पुलिस तैनात नहीं की गई। इन बाजारों में पार्किंग व्यवस्था न होने से लोग सड़क किनारे कारें खड़ी कर खरीदारी में जुट जाते हैं। जिससे सड़क संकरी और वाहनों के दबाव के चलते पिछले चार दिनों से जाम की स्थिति रही। हालांकि यातायात विभाग इससे अनभिज्ञ रहा और पहले वर्ष की भांति रूट डायवर्जन कर पुलिस की मुस्तैदी का भी आकलन नहीं किया गया।

एडीसीपी यातायात वरुण कुमार सिंह का कहना है कि बाजारों में भीड़ और रामलीला मंचन देखने उमड़े श्रद्धालुओं के कारण कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति रही। पूर्व से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। आगामी त्योहार के लिए जाम से छुटकारा पाने के लिए योजना बनाई जाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||