महिला कार्यकर्ताओं पर पुलिस की बर्बरता का लगाया आरोप
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें और संगठन के कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली के अलग-अलग पुलिस थानों में हिरासत में लिया गया है। जाखड़ ने महिलाओं के साथ पुलिस की कथित बर्बरता का आरोप लगाते हुए कहा कि हिरासत में लेकर उनकी आवाज दबाई नहीं जा सकती। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जारी रखने की बात कही। जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर कहा कि उनका संगठन पीछे नहीं हटेगा और पुलिस की कथित कार्रवाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा।
प्रदर्शन से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा
नई दिल्ली में शुक्रवार को ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और उसके आसपास सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सीजेपी कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने सेंट्रल पार्क में इस प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शुक्रवार, 16 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस के आसपास की कुछ सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों को यात्रा की पहले से योजना बनाने, अतिरिक्त समय लेकर चलने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
दिपके की अपील पर अन्य शहरों में जमा होंगे समर्थक?
अभिजीत दिपके महाराष्ट्र से आते हैं। उनकी अपील पर मुंबई दिल्ली के अलावा अन्य शहरों में भी कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक जमा हो सकते हैं। अपील शाम पांच बजे की है, ऐसे में देखना दिलचस्प रहेगा कि उनकी अपील पर कितना समर्थन जमा होता है।
दिपके के आंदोलन को लेकर दिल्ली पुलिस मुस्तैद
अभिजीत दिपके के तिरंगा मार्च और चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन को लेकर दिल्ली पुलिस मुस्तैद है। कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच कनॉट प्लेस से इतर भी कई संवेदनशील जगहों पर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
कनॉट प्लेस के पास जुटेंगे सीजेपी समर्थक, दिल्ली से मुंबई तक हलचल
मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को आज आजाद मैदान में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली की अनुमति दी। पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने गुरुवार को बताया कि आयोजकों ने विरोध प्रदर्शन आजाद मैदान में ही करने की घोषणा की है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि आजाद मैदान एक विरोध स्थल है, इसलिए अनुमति मिली। CJP ने प्रेस विज्ञप्ति में इसे अपने नेताओं आशुतोष रांका और सौरभ दास के समर्थन में बताया। दास और रांका को बुधवार को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उन्होंने जंतर मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए थे। यह गिरफ्तारी गृह मंत्रालय द्वारा जंतर मंतर का विरोध स्थल दर्जा वापस लेने के एक दिन बाद हुई।
सीजेपी का आंदोलन कब शुरू हुआ,किन मुद्दों पर सरकार का घेराव?
देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन विगत 2 अक्तूबर को मुंबई में शुरू हुआ था। सोशल मीडिया पर सीजेपी जैसी मुहिम खड़ी करने वाले अभिजीत दिपके ने मतदाता सूचियों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए और उनके इस्तीफे की मांग करते हुए एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया। यह अभियान 10 अक्तूबर को दिल्ली पहुंचा, जब जंतर मंतर पर इकट्ठा होने के आह्वान पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को मुंबई से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही हिरासत में ले लिया गया था। इशके बाद सरकार ने कहा कि अब जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन करने की निर्धारित जगहों की सूची से हटा दिया गया है। इस फैसले का मुखर विरोध कर रही CJP ने कहा, जंतर मंतर सत्ता के गलियारों के करीब होने के कारण विरोध का प्रमुख स्थल बना हुआ है। वे इस कार्रवाई के खिलाफ हैं।
सीईसी और सरकार पर अभिजीत दिपके क्या आरोप लगा रहे हैं?
दिपके ने आरोप लगाया है कि सरकार ज्ञानेश कुमार का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूचियों के एक दोषपूर्ण SIR और 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने की अध्यक्षता की थी। यह कुल मतदाताओं का लगभग 14 फीसदी है। दीपके ने कहा, ‘2024 में जीत का अंतर सिर्फ दो फीसदी था। 13 करोड़ से अधिक मतदाता हटा दिए गए – लगभग 14 फीसदी।’ उन्होंने सवाल किया, “जहां दो फीसदी चुनाव का फैसला कर रहा है, वहां आप 13 करोड़ वोट हटा रहे हैं। अगर यह सेटिंग नहीं है तो क्या है?” दिपके ने X पर आरोप लगाया कि उनका पीछा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘जिस जगह मैं रुका हूं, उसे चारों तरफ से अंडरकवर पुलिसकर्मियों ने घेर लिया है। ये लोग मुझ पर लगातार नजर रख रहे हैं। सफेद स्कॉर्पियो भी हर जगह मेरा पीछा कर रही है।’
ये भी पढ़ें- ‘हर जगह मेरा पीछा कर रही सफेद स्कॉर्पियो’: दिपके का दावा-पुलिस ने घर के आस-पास चारों ओर से घेर रखा है
पुलिस ने कहा-11 लोगों को मंजूरी, बाकी दूर रहें; उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई होगी
‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के संबंध में दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि वह सीजेपी के प्रदर्शन में सिर्फ 11 लोगों के समूह को राष्ट्रीय ध्वज लेकर और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने पर विचार कर सकती है। कनॉट प्लेस व आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू है। ऐसे में किसी भी तरह के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दो दिनों के लिए सेंट्रल पार्क बंद, दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात
NDMC ने दो दिनों के लिए सेंट्रल पार्क बंद करने के पीछे “प्रशासनिक कारण” का जिक्र किया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कनॉट प्लेस विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल नहीं है। पुलिस ने लोगों से सीजेपी की तरफ से आहूत मार्च से दूर रहने का आग्रह किया है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि वह लोगों के एक चुनिंदा समूह को राष्ट्रीय ध्वज लहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा दे सकती है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि आज के विरोध प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस और जंतर मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। राष्ट्रीय राजधानी में पहले से ही अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात हैं। पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रणनीतिक स्थानों पर कर्मियों को तैनात करेगी।
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों की कड़ी में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों की कड़ी में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया गया है। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के नेताओं सौरभ दास और आशुतोष रांका को 13 अक्तूबर को जंतर मंतर में जबरन प्रवेश करने के आरोप में पकड़ा है। बाद में दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के खिलाफ CJP ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ उसी जगह लौटने का फैसला किया। दिपके ने दिल्ली पुलिस से सवाल किया, “दिल्ली पुलिस को तिरंगा लहराए जाने में क्या दिक्कत है?” 16 अक्तूबर के दिन NDMC की तरफ से सेंट्रल पार्क बंद रहने की घोषणा पर दिपके ने कहा, ‘अगर हम 100 जगहों की घोषणा करते हैं, तो क्या नरेंद्र मोदी सभी 100 जगहों को बंद करा देंगे?’ दिपके ने कहा है कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते वे अपने शहरों में शाम पांच बजे तिरंगे के साथ बाहर निकलें और एकजुट होकर सरकार को आईना दिखाएं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


