Sachin Pilot Interview: सचिन पायलट ने साफ किया कि संगठन में बदलाव केवल चुनावी रणनीति का हिस्सा है और आने वाले चुनावों में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है. पूर्व ओलंपियन परगट सिंह के हाथों में कमान सौंपे जाने को सही ठहराते हुए पायलट ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ एकजुट होकर चुनावी रण में उतरने का संदेश दिया है.
सचिन पायलट ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को ‘जुझारू नेता’ बताया है. (एएनआई)
इस बारे में पूछे जाने पर पायलट ने कहा कि वड़िंग ने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन कई बार संगठन में बदलाव जरूरी होते हैं. उन्होंने कहा, “मैं राजा वड़िंग को 20 साल से जानता हूं. वह बेहद ऊर्जावान और मेहनती युवा नेता हैं. जब हमारे पास केवल 15-16 विधायक थे और परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण थीं, तब उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने में मदद की. चार साल से अधिक समय तक उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की.” पार्टी आलाकमान के फैसले के बाद वड़िंग ने दो अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ दिया था और पूर्व ओलंपियन परगट सिंह ने उनकी जगह ली थी. उस समय वड़िंग ने पद छोड़ने के लिए परोक्ष रूप से पायलट को जिम्मेदार ठहराया था.
पायलट ने कहा, “वह जुझारू नेता हैं. लेकिन संगठन में कभी-कभी बदलाव होते हैं. उत्तर प्रदेश में भी नया अध्यक्ष बनाया गया है और पंजाब में परगट सिंह जी को अध्यक्ष बनाया गया है. आगे बढ़ने की रणनीति के अनुसार ऐसे बदलाव होते रहते हैं.” उन्होंने कहा कि वड़िंग ने पार्टी के लिए बहुत योगदान दिया है और विधानसभा चुनाव में वह ‘बहुत-बहुत महत्वपूर्ण भूमिका’ निभाते रहेंगे. यह पूछे जाने पर कि क्या वड़िंग अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उपयुक्त नहीं रह गए थे, पायलट ने कहा कि यह उनकी उपयुक्त रहने या नहीं रहने का सवाल नहीं है.
कांग्रेस महासचिव ने कहा, “उन्होंने युवाओं के लिए काफी काम किया है और उन्हें आम आदमी पार्टी के खिलाफ आगे आकर संघर्ष करने के लिए प्रोत्साहित किया है. लेकिन चुनाव के समय कई पहलुओं पर विचार किया जाता है और नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश तथा पंजाब में नए अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया.” पायलट ने कहा कि इसका यह अर्थ नहीं है कि निवर्तमान अध्यक्ष के पास कम काम होगा या चुनावी संघर्ष के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कम हो जाएगी.
उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे हैं और पंजाब में युवाओं को यह संदेश दे सकते हैं कि स्वास्थ्य, खेल और फिटनेस, नशे तथा भीड़ की हिंसा में शामिल होने से कहीं बेहतर हैं. उन्होंने कहा कि परगट तीन बार के विधायक भी हैं और पार्टी ने मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें प्रदेश संगठन का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त माना है.
वड़िंग ने 11 अक्टूबर को कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पार्टी के कई नेताओं ने उनका विरोध किया और आगे भी ऐसा हो सकता है. हालांकि उन्होंने परगट सिंह को पूरा सहयोग देने और पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने की बात कही थी. पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. प्रदेश नेतृत्व को लेकर कई सप्ताह तक चली अंदरूनी खींचतान को कांग्रेस के चुनाव अभियान के लिए चुनौती माना जा रहा है. पायलट ने कहा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के लिए गंभीर चुनौती नहीं है और मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी से होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल कांग्रेस के लिए ‘आप’ के बाद अपेक्षाकृत छोटी चुनौती होगी.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


