Last Updated:
EC State Elections: आगामी विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच निर्वाचन आयोग ने जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है. 12 अक्टूबर से पांच राज्यों के व्यापक दौरे पर निकल रही चुनाव आयोग की टीम सीधे उत्तराखंड का रुख करने जा रही है.
चुनाव आयोग उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगी. (सांकेतिक तस्वीर)
नई दिल्ली. चुनाव आयोग की टीम 12 अक्टूबर से पांच राज्यों के चुनावी दौरे पर निकलेगी. इस दौरे के तहत आयोग की टीम उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगी. डिप्टी चुनाव आयुक्त के नेतृत्व में आयोग की टीम दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेगी. दौरे के दौरान चुनाव आयोग की टीम राज्य के जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ बैठक करेगी.
बैठक में चुनावी तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की जाएगी. चुनाव आयोग की टीम राज्य में चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेगी. अधिकारियों के साथ बैठक में चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी.
उत्तराखंड चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की संयोजकों की लिस्ट
दूसरी ओर, उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने रविवार को जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के प्रयास तेज करते हुए ‘विस्तारक’ योजना के लिए संयोजकों और सह-संयोजकों की सूची जारी की। भाजपा की प्रदेश इकाई ने बताया कि प्रदेश सचिव नलिन भट्ट को योजना का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि दिनेश खुल्बे, अखिलेश डबराल, विक्रम कंडारी, त्रिलोक सिंह बुटोला और मोहित कौशिक को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा, “प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट की मंजूरी से प्रदेश महामंत्री ने ‘विस्तारक’ योजना के लिए प्रदेश संयोजकों और सह-संयोजकों की सूची जारी की है। यह योजना 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर लागू की जा रही है.” उन्होंने कहा, “यह टीम प्रदेश चुनाव संपन्न होने तक 70 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से ‘विस्तारक’ योजना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.”
पार्टी ने 11 अक्टूबर की शाम यह भी घोषणा की कि विधानसभा क्षेत्रों के लिए नवनियुक्त विस्तारकों और प्रभारियों को 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी का मार्गदर्शन मिलेगा. कार्यशाला में वक्ता संगठनात्मक, राजनीतिक और रणनीतिक पहलुओं के साथ-साथ चुनावी रूपरेखा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण देंगे.
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारकों और प्रभारियों के लिए आयोजित इस कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेता उनका मार्गदर्शन करेंगे. इनमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी. एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह-प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा शामिल हैं.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


