Image Slider

-दीक्षा स्कूल में सेवा कार्यक्रम आयोजित, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। समाजसेवा और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 की ओर से शनिवार को अल्फा स्थित दीक्षा स्कूल में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 21 जरूरतमंद माताओं को दूध की बाल्टियां, दूध के पैकेट, सूखा राशन और क्लब के लोगो वाले कपड़े के बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान माताओं और बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। क्लब की सदस्यों ने सहायता सामग्री वितरित करने के साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और अच्छी आदतों के महत्व पर भी जोर दिया। आयोजन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता, आपसी सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

क्लब की अध्यक्ष अंकिता सिंह ने माताओं को बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पढ़ाई के साथ उनकी साफ-सफाई और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने माताओं से बच्चों के नाखून नियमित रूप से काटने, स्वच्छता बनाए रखने और उनमें अच्छी आदतें विकसित करने की अपील की। कार्यक्रम में वितरित की गई सामग्री का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देना और उनके दैनिक जीवन में सहायता पहुंचाना रहा।

शिक्षा और कानूनी मार्गदर्शन में मदद का भरोसा
कार्यक्रम में क्लब की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अदिति भारद्वाज ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षा या कानूनी मार्गदर्शन से संबंधित किसी भी आवश्यकता पर क्लब के सदस्य उनकी सहायता के लिए तत्पर रहेंगे।

उन्होंने बच्चों को आगे बढऩे, नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस पहल के जरिए बच्चों को यह भरोसा दिलाने का प्रयास किया गया कि जरूरत पडऩे पर समाज के लोग भी उनके सहयोग के लिए आगे आ सकते हैं।

प्रेम, सद्भाव और स्वच्छता के साथ त्योहार मनाने का संदेश
कार्यक्रम में क्लब की उपाध्यक्ष प्रतिभा सिसोदिया, आईएसओ अनीता सिंह, सचिव डॉ. शेली गर्ग और पूर्व अध्यक्ष डॉ. अदिति भारद्वाज उपस्थित रहीं। दीक्षा स्कूल की उर्मिल और निशा मैडम का आयोजन में विशेष सहयोग रहा। क्लब की सदस्यों ने सेवा और सहयोग की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से सभी से त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा स्वच्छता की भावना बनाए रखने का आह्वान किया गया। क्लब की इस पहल ने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||