Image Slider

  • लपटें विकराल, धुआं जहरीला; दमकलकर्मियों के हौसले ने बचाया औद्योगिक क्षेत्र
  • समय रहते आग पर काबू, आसपास की फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंचने दी लपटें
  • सीएफओ सौरभ कुमार सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन टीम ने संभाला मोर्चा 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित वीएसआर लैमिनेट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में रविवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में पन्नी पर लेमिनेट करने वाली मशीन और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। आग से उठता काला धुआं तेजी से फैलने लगा और अंदर धमाकों जैसी आवाजें आने से स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान कुल 11 दमकल गाडिय़ों की मदद ली गई। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास की फैक्ट्रियों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया रविवार शाम 4:58 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को एमडीटी-1222 के माध्यम से फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली।

इसके बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह, अग्निशमन अधिकारी कोतवाली शेषनाथ यादव और दमकलकर्मियों की टीम चार दमकल गाडिय़ों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर फैक्ट्री से काला धुआं निकलता दिखाई दिया। आग पन्नी पर लेमिनेट करने वाली मशीन, पन्नी और अन्य सामान में फैल रही थी। फैक्ट्री टीन शेड और भवन में बनी होने के कारण आग बुझाने में विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने तीन होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फैक्ट्री के अंदर जहरीला धुआं काफी अधिक भरा हुआ था। आग के दौरान धमाकों की आवाजें भी आ रही थीं, जिससे अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया। हालात को देखते हुए जिले के अन्य फायर स्टेशनों से भी दमकल गाडिय़ां बुलाई गईं।

दमकलकर्मियों ने भवन के अंदर प्रवेश कर और बाहर से लगातार पानी डालकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। टीम की सतर्कता, आपसी तालमेल और लगातार प्रयासों के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम ने तेजी और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक दिया। कुल 11 दमकल गाडिय़ों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने की आशंका टल गई। घटनास्थल पर फैक्ट्री मालिक रजत चंदक और सुशील मौजूद थे। फैक्ट्री का पता ई-153 और ई-154, कविनगर औद्योगिक क्षेत्र है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई और दमकलकर्मियों की मेहनत से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||