विदेश मंत्रालय की आधिकारिक सूची में जुलाई 2025 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 27 पुरस्कार दर्ज थे. इसके बाद इथियोपिया, ओमान, सेशेल्स, इजरायल, स्वीडन, नॉर्वे, स्लोवाकिया, इंडोनेशिया और उज्बेकिस्तान से मिले नौ और सम्मानों को जोड़ने पर 2026 में यह संख्या 36 तक पहुंचती है.
सबसे पहला बड़ा विदेशी सम्मान सऊदी अरब से मिला
प्रधानमंत्री मोदी को विदेश से मिले प्रमुख राजकीय सम्मानों की मौजूदा सूची में सबसे शुरुआती सम्मान सऊदी अरब का है. अप्रैल 2016 में उन्हें ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअजीज से सम्मानित किया गया था. इसके बाद जून 2016 में अफगानिस्तान ने उन्हें स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान प्रदान किया. अफगानिस्तान का यह देश के प्रमुख नागरिक सम्मानों में शामिल सम्मान था.
2018 में फिलिस्तीन ने प्रधानमंत्री मोदी को ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन से सम्मानित किया. यह विदेशी नेताओं को दिया जाने वाला फिलिस्तीन का प्रमुख सम्मान है. इसी दौर में उन्हें संयुक्त राष्ट्र की ओर से चैंपियन ऑफ द अर्थ अवॉर्ड भी मिला.
2019 में खाड़ी देशों से मिले कई बड़े सम्मान
2019 प्रधानमंत्री मोदी के विदेशी राजकीय सम्मानों के लिहाज से खास साल रहा. अप्रैल 2019 में संयुक्त अरब अमीरात ने उन्हें ऑर्डर ऑफ जायद दिया. यह यूएई का प्रमुख और सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो विदेशी नेताओं को दिया जाता है.जून 2019 में मालदीव ने उन्हें ऑर्डर ऑफ द डिस्टींग्विश्ड रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन से सम्मानित किया. अगस्त 2019 में बहरीन ने उन्हें किंग हमद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां दिया. इसी वर्ष रूस ने भी उन्हें ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल से सम्मानित करने की घोषणा की थी.
अमेरिका से मिला लीजन ऑफ मेरिट
दिसंबर 2020 में अमेरिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लीजन ऑफ मेरिट, चीफ कमांडर डिग्री से सम्मानित किया. यह अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से दिया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है. इसे भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और योगदान के संदर्भ में दिया गया था. यह सम्मान तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से दिया गया था और प्रधानमंत्री की ओर से भारत के तत्कालीन राजदूत ने इसे प्राप्त किया था.
भूटान का ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो भी सूची में
दिसंबर 2021 में भूटान ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो से सम्मानित किया. यह भूटान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले विदेशी सरकार प्रमुख बने. यह सम्मान इसलिए भी खास था क्योंकि यह सामान्य रूप से बेहद सीमित लोगों को दिया जाता है. प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत और भूटान की दोस्ती को समर्पित किया था.
2023 में फ्रांस, मिस्र, ग्रीस और प्रशांत देशों से सम्मान
2023 में प्रधानमंत्री मोदी को कई देशों से महत्वपूर्ण सम्मान मिले. जून 2023 में मिस्र ने उन्हें ऑर्डर ऑफ द नाइल दिया.यह मिस्र का प्रमुख राजकीय सम्मान है.जुलाई 2023 में फ्रांस ने प्रधानमंत्री मोदी को ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया. यह फ्रांस के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों में शामिल है.अगस्त 2023 में ग्रीस ने उन्हें ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर से सम्मानित किया. इसी वर्ष मई में फिजी ने उन्हें कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी और पापुआ न्यू गिनी ने ऑर्डर ऑफ लोगोहू से सम्मानित किया यानी 2023 में प्रधानमंत्री मोदी को यूरोप, अफ्रीका और प्रशांत क्षेत्र के देशों से सम्मान मिले और उनकी विदेशी सम्मानों की सूची और लंबी हुई.
2024 में रूस का सम्मान
रूस ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल देने की घोषणा 2019 में की थी, लेकिन विदेश मंत्रालय की आधिकारिक सूची में इसकी तारीख 9 जुलाई 2024 दर्ज है. 2024 में नाइजीरिया ने प्रधानमंत्री मोदी को ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर दिया. इसके बाद नवंबर 2024 में गुयाना ने उन्हें ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस और डोमिनिका ने डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया. दिसंबर 2024 में कुवैत ने उन्हें ऑर्डर ऑफ मुबारक अल-कबीर से सम्मानित किया.
2025 में सम्मान मिलने की रफ्तार और तेज हुई
2025 में प्रधानमंत्री मोदी को कई देशों से सम्मान मिले. मार्च में बारबाडोस ने उन्हें ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम दिया. इसके बाद मार्च में ही मॉरीशस ने उन्हें ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन से सम्मानित किया.अप्रैल 2025 में श्रीलंका ने उन्हें श्रीलंका मित्र विभूषण दिया. जून में साइप्रस ने ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III से सम्मानित किया. जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री मोदी को घाना का ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो का द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो, ब्राजील का ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस और नामीबिया का ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस मिला.
इथियोपिया और ओमान से भी मिला बड़ा सम्मान
दिसंबर 2025 में अफ्रीका दौरे के दौरान इथियोपिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया से सम्मानित किया. इसे इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान बताया गया है.पीएम मोदी ने यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया था. इसके दो दिन बाद दिसंबर 2025 में ओमान ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑर्डर ऑफ ओमान, फर्स्ट क्लास से सम्मानित किया. यह भारत-ओमान संबंधों में उनके योगदान के लिए दिया गया राजकीय सम्मान है.
2026 में सेशेल्स से मिला खास पर्यावरण सम्मान
जून 2026 में सेशेल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को गार्डियन ऑफ द ब्लू हॉराइजन नाम का विशेष सम्मान दिया. सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने यह सम्मान 28 जून 2026 को प्रदान किया.सेशेल्स के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक यह अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाने वाला देश का सर्वोच्च सम्मान है. यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, ब्लू इकोनॉमी, जलवायु कार्रवाई, समुद्री संसाधनों के टिकाऊ इस्तेमाल और छोटे द्वीपीय विकासशील देशों की आकांक्षाओं के समर्थन के लिए दिया गया. प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले व्यक्ति बने. फरवरी 2026 में इजरायल ने प्रधानमंत्री मोदी को मेडल ऑफ द नेसेट से सम्मानित किया. यह इजरायली संसद की ओर से दिया जाने वाला विशेष सम्मान है. इसे देश के संसदीय सम्मान के रूप में देखा जाता है.
स्वीडन से रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार
17 मई 2026 को स्वीडन में प्रधानमंत्री मोदी को रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस प्रदान किया गया. यह स्वीडन के पुराने और प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है. यह सम्मान प्रधानमंत्री की स्वीडन यात्रा के दौरान प्रदान किया गया था. 18 मई 2026 को नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी को ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट प्रदान किया गया. नॉर्वे के राजा हेराल्ड V ने यह सम्मान प्रदान किया. भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार यह विदेशी सरकारों के प्रमुखों को दिए जाने वाले नॉर्वे के सर्वोच्च सम्मानों में से एक है.
स्लोवाकिया का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान
15 जून 2026 को स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस, फर्स्ट क्लास से सम्मानित किया.यह स्लोवाक गणराज्य का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान है. मोदी की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया. 7 जुलाई 2026 को इंडोनेशिया ने प्रधानमंत्री मोदी को स्टार ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया यानी बिंतांग आदिपुर्ना से सम्मानित किया. यह इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया.
उज्बेकिस्तान का सम्मान बना 36वां पड़ाव
30 अगस्त 2026 को उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओली दाराजली दोस्तलिक ऑर्डर यानी ऑर्डर ऑफ हाईएस्ट फ्रेंडशिप से सम्मानित किया. यह विदेशी नेताओं के लिए उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान है. यह सम्मान दोनों देशों के बीच मित्रता को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान के लिए दिया गया. उज्बेकिस्तान का यह सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी से जुड़े विदेशी राजकीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की संख्या 36 हो गई.
36 सम्मानों में कौन-कौन से देश शामिल हैं?
अगर पूरी सूची को एक साथ देखें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक जिन देशों से विदेशी राजकीय या राष्ट्रीय सम्मान मिले हैं उनमें सऊदी अरब, अफगानिस्तान, फिलिस्तीन, संयुक्त अरब अमीरात, रूस, मालदीव, बहरीन, अमेरिका, भूटान, फिजी, पापुआ न्यू गिनी, मिस्र, फ्रांस, ग्रीस, नाइजीरिया, गुयाना, डोमिनिका, कुवैत, बारबाडोस, मॉरीशस, श्रीलंका, साइप्रस, घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, ब्राजील, नामीबिया, इथियोपिया, ओमान, सेशेल्स, इजरायल, स्वीडन, नॉर्वे, स्लोवाकिया, इंडोनेशिया और उज्बेकिस्तान शामिल हैं.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


