Image Slider

-सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ पूरी रात चला सघन चेकिंग अभियान
-ग्रामीण जोन में सबसे ज्यादा 562, नगर में 539 और ट्रांस हिंडन में 245 के खिलाफ कार्रवाई 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार देर रात चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने महानगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सघन चेकिंग करते हुए 1346 लोगों के खिलाफ धारा-34 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस की एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों में खलबली मच गई। पुलिस टीमों ने बाजारों, पार्कों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर खुले में शराब का सेवन करने वालों को चिह्नित किया। पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब का सेवन करने से आम लोगों, महिलाओं, बच्चों और परिवारों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था, शांति और नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई करेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। कमिश्नरेट पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का फोकस ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर रहेगा, जहां शाम और रात के समय लोगों की भीड़ अधिक रहती है।

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान आमजन के साथ संयमित एवं मर्यादित व्यवहार रखते हुए कानून का पालन सुनिश्चित कराया जाए। एक ही रात में 1346 लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और अनुशासन भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्ती बरती जाएगी।

तीनों जोन में एक साथ चला अभियान
दिनांक 3 अक्टूबर की रात कमिश्नरेट गाजियाबाद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के लिए सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय किया गया। टीमों ने पैदल गश्त करने के साथ वाहनों की चेकिंग की और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी भी ली।

पुलिस ने विशेष रूप से उन स्थानों पर निगरानी बढ़ाई, जहां रात के समय लोग एकत्र होकर खुले में शराब का सेवन करते हैं। पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन न करने के लिए जागरूक भी किया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे दूसरे लोगों को भी परेशानी होती है।

ग्रामीण जोन में सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान जोनवार कार्रवाई की बात करें तो ग्रामीण जोन में सबसे अधिक 562 लोगों के चालान किए गए। इसके बाद नगर जोन में 539 और ट्रांस हिंडन जोन में 245 लोगों के खिलाफ धारा-34 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस तरह तीनों जोन में कुल 1346 चालान किए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा गया, बल्कि लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने के लिए जागरूक भी किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराब का सेवन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता

-जे. रविन्दर गौड़
पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद।

पुलिस का उद्देश्य केवल कानून तोडऩे वालों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा रात के समय पुलिस गश्त को प्रभावी बनाया जाए। ऐसे अभियानों से सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन कायम करने के साथ-साथ असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलती है। पुलिस की मौजूदगी और लगातार चेकिंग से ऐसे लोगों में कानून का भय पैदा होता है, जो सार्वजनिक स्थानों को शराबखोरी या हुड़दंग का अड्डा बनाने का प्रयास करते हैं।
-जे. रविंद्र गौड
पुलिस आयुक्त

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||