Image Slider

  • मंत्री सुनील शर्मा की निधि से लगाई गई हाईमास्ट लाइट का विधि-विधान से शुभारंभ 
  • श्रीराम पार्क के आसपास 16 नए खंभों पर स्ट्रीट लाइट, मुख्य मार्ग का काम भी शुरू

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी में कैलाश टावर और त्रिशूल टावर के बीच क्षेत्रवासियों को अब रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिलेगी। विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा की निधि से शनिवार रात को यहां हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। कैलाश टावर स्थित मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हाईमास्ट लाइट का शुभारंभ किया। लाइट लगने के बाद आसपास के मार्ग पर रात में आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। मंत्री सुनील शर्मा की निधि से वार्ड के कई स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाई गई हैं। इसी क्रम में कैलाश और त्रिशूल टावर के बीच भी हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से स्थानीय निवासियों के साथ यहां से गुजरने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। पार्षद ने बताया कि कौशांबी में श्रीराम पार्क के आसपास नगर निगम की ओर से 16 नए खंभे लगाए गए हैं। इन खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी किया गया है।

इससे पार्क के आसपास और स्थानीय मार्गों पर रात के समय प्रकाश व्यवस्था पहले की तुलना में बेहतर हुई है। क्षेत्रवासियों ने प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों और नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। कौशांबी के मुख्य मार्ग का काम भी शुरू हो चुका है। यह कार्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वपूर्ण हरित सड़क आधारभूत ढांचा विकास योजना के तहत कराया जा रहा है। मुख्य मार्ग के विकास से क्षेत्र की सड़क व्यवस्था और आवागमन में सुधार होने की उम्मीद है। मुख्य मार्ग और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े विकास कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के निवासियों ने खुशी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कौशांबी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में बेहतर सड़क और प्रकाश व्यवस्था की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

हाईमास्ट लाइट लगने से रात में अंधेरे वाले स्थानों पर रोशनी बढ़ेगी और आने-जाने में सुविधा होगी। कार्यक्रम के दौरान कैलाश-त्रिशूल टावर के महासचिव आरके धर, उपाध्यक्ष उषा अग्रवाल, उप सचिव संतोष झा, कोषाध्यक्ष विजय कुमार, अवधेश कुमार, रंजन कुमार सिंह, जगदीश, विजय खन्ना, प्रमोद सैनी, रामा, निशांत, प्लॉट एरिया की महासचिव उर्मिला अरोड़ा, वार्ड सचिव विनोद कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए पार्षद कुसुम मनोज गोयल का धन्यवाद किया। लोगों ने कहा कि सड़क, प्रकाश और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों से क्षेत्र के लोगों को सीधे लाभ मिलेगा।

पार्षद ने भी कहा कि वार्ड में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आगे भी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। कौशांबी में एक ओर हाईमास्ट लाइट और नई स्ट्रीट लाइटों से रात के समय प्रकाश व्यवस्था मजबूत हो रही है, वहीं मुख्य मार्ग का काम शुरू होने से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में भी सुधार की उम्मीद है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के बीच समन्वय से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||