Image Slider

  • यीडा के स्टॉल पर मास्टर प्लान से लेकर नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे तक की झलक
  • फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल और मेडिकल हब समेत प्रमुख परियोजनाओं की दी जा रही जानकारी
  • उद्योगपतियों से संवाद कर निवेश की संभावनाओं से कराया परिचित, बड़ी संख्या में पहुंच रहे आगंतुक

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हॉल नंबर-3 में लगाए गए इस स्टॉल के माध्यम से प्राधिकरण की 25 वर्षों की विकास यात्रा के साथ वर्तमान औद्योगिक प्रगति और भविष्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। स्टॉल पर लगाए गए विभिन्न मॉडल, पोस्टर और परियोजनाओं की जानकारी के माध्यम से यीडा क्षेत्र में बदलते औद्योगिक और शहरी परिदृश्य की तस्वीर प्रस्तुत की जा रही है। यीडा के स्टॉल पर प्राधिकरण के प्रथम चरण के वर्ष 2041 के मास्टर प्लान का मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र है। मॉडल में विभिन्न सेक्टरों, प्रस्तावित विकास और संपर्क मार्गों को दर्शाया गया है। इसके साथ ही नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। इससे आगंतुकों को यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक, वाणिज्यिक और परिवहन सुविधाओं के विस्तार की जानकारी मिल रही है। स्टॉल पर लगाए गए पोस्टरों के माध्यम से पिछले एक वर्ष में हुए प्रमुख औद्योगिक आवंटनों और प्राधिकरण क्षेत्र में हुए निवेश की भी जानकारी दी जा रही है।

यमुना प्राधिकरण के स्टॉल पर कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भी पहुंचकर क्षेत्र की प्रस्तावित और वर्तमान परियोजनाओं की जानकारी ली। स्टॉल पर यीडा की 25 वर्षों की विकास यात्रा को वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया गया है। व्यापार मेले के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों और आगंतुकों तक यीडा क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे, संपर्क सुविधाओं और आगामी परियोजनाओं की जानकारी पहुंच रही है। प्राधिकरण का स्टॉल इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण बना हुआ है कि यहां एक ही मंच पर यीडा के अब तक के विकास, वर्तमान औद्योगिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं को मॉडल और दृश्य माध्यमों के जरिए समझने का अवसर मिल रहा है।

बड़ी परियोजनाओं से बदल रही क्षेत्र की तस्वीर
यीडा के स्टॉल पर क्षेत्र में प्रस्तावित और विकसित की जा रही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, खिलौना पार्क, चिकित्सा उपकरण पार्क, हस्तशिल्प पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार और निवेश के अवसरों की संभावनाओं को भी सामने रखा जा रहा है।

इसके अलावा प्रस्तावित जापान सिटी, सेक्टर-5ए, कोरियन सिटी, सेक्टर-4ए, सिंगापुर सिटी, सेक्टर-7 और ताइवान सिटी, सेक्टर-6 की योजनाओं की जानकारी भी स्टॉल पर उपलब्ध कराई जा रही है। सेक्टर-23डी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डा तथा सेक्टर-13 और 14 में प्रस्तावित चिकित्सा केंद्र की योजनाएं भी प्रदर्शित की गई हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से यीडा क्षेत्र में भविष्य की औद्योगिक और शहरी सुविधाओं की व्यापक तस्वीर लोगों के सामने रखी जा रही है।

उद्योगपतियों से संवाद, निवेश की संभावनाओं पर चर्चा
25 सितंबर को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने यीडा के स्टॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी और विकास मॉडल का अवलोकन करते हुए प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उद्योगपतियों से संवाद कर उन्हें प्राधिकरण की योजनाओं, औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने औद्योगिक विकास आयुक्त एवं अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त के वरिष्ठ अधिकारी दीपक कुमार का स्टॉल पर स्वागत किया तथा प्राधिकरण की विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

व्यापार मेले में यीडा के स्टॉल पर अधिकारियों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम आगंतुकों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग एवं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी एक्सपोमार्ट पहुंचकर यीडा के स्टॉल का भ्रमण किया। उन्होंने प्रदर्शित मॉडल और परियोजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार भी मौजूद रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||