-नगर आयुक्त ने जीडीए उपाध्यक्ष के साथ किया औचक निरीक्षण, निर्माण कार्यों की ली जानकारी
-3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में टीन शेड, चारदीवारी, खोर और प्रकाश व्यवस्था का काम जारी
-निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, जीडीए उपाध्यक्ष ने नगर निगम की व्यवस्थाओं को सराहा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। निराश्रित गोवंशों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम ने नंदी पार्क गौशाला की क्षमता बढ़ाने का काम तेज कर दिया है। नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला में वर्तमान में 1900 से अधिक निराश्रित गोवंश हैं। लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए गौशाला परिसर में अतिरिक्त व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे गोवंशों को रखने के साथ उनके लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकें। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल के साथ नंदी पार्क गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त और जीडीए उपाध्यक्ष ने गौशाला परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद निर्माण विभाग की टीम से कार्य की प्रगति और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि बढ़ी हुई क्षमता का लाभ जल्द से जल्द निराश्रित गोवंशों को मिल सके।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार नंदी पार्क गौशाला में करीब 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में क्षमता विस्तार का कार्य कराया जा रहा है। इस क्षेत्र में गोवंशों के लिए टीन शेड तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही चारदीवारी, खोर निर्माण, आवश्यक प्रकाश व्यवस्था और इंटरलॉकिंग लगाने का कार्य भी चल रहा है। इन व्यवस्थाओं के तैयार होने के बाद गौशाला में निराश्रित गोवंशों को रखने के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह समेत निर्माण विभाग की टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी लेने के बाद मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य की गति बढ़ाई जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण पूरा कराया जाए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नंदी पार्क गौशाला में इस समय 1900 से अधिक निराश्रित गोवंश हैं।
इसके बावजूद सड़कों और अन्य स्थानों से निराश्रित गोवंश लगातार गौशाला में पहुंच रहे हैं। इसी को देखते हुए गौशाला की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अतिरिक्त क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि गोवंशों की संख्या बढऩे पर भी उनके रखरखाव में किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि गौशाला में केवल गोवंशों को रखने के लिए स्थान बढ़ाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनके लिए बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है। इसी कारण अतिरिक्त क्षेत्र में टीन शेड, खोर, प्रकाश व्यवस्था और इंटरलॉकिंग समेत अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग की टीम को सभी कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त के साथ जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने गौशाला में मौजूद गोवंशों को हरा चारा और गुड़ खिलाया।
इस दौरान उन्होंने गौशाला में गोवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी देखा। गोवंशों के रखरखाव और परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने के बाद उन्होंने नगर निगम की टीम का उत्साहवर्धन किया। जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने कहा कि निराश्रित गोवंशों के लिए गाजियाबाद नगर निगम की ओर से संचालित नंदी पार्क गौशाला में बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। गोवंशों की देखभाल के लिए जिस तरह से व्यवस्थाओं को विकसित किया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बढ़ती संख्या को देखते हुए क्षमता विस्तार का कार्य भी आवश्यक है, जिससे अधिक गोवंशों को सुरक्षित स्थान और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नगर निगम की ओर से नंदी पार्क गौशाला में क्षमता विस्तार के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। अतिरिक्त 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गौशाला में निराश्रित गोवंशों के लिए अधिक स्थान उपलब्ध होगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे गौशाला की क्षमता बढऩे के साथ गोवंशों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने और गौशाला की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


