- एक्सपो मार्ट में सज रहे भव्य पवेलियन, एयरपोर्ट से औद्योगिक क्रांति और भविष्य की योजनाओं तक दिखेगी पूरी विकास यात्रा
- यमुना अथॉरिटी के पवेलियन में जेवर एयरपोर्ट की विकास यात्रा और निवेश करने वाली दिग्गज कंपनियां बनेंगी आकर्षण
- 1100 वर्ग मीटर में ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का पवेलियन, औद्योगिक यात्रा के साथ लॉजिस्टिक व ट्रांसपोर्ट हब का मॉडल होगा प्रदर्शित
- एक ही छत के नीचे दिखेगा नोएडा-ग्रेटर नोएडा-यमुना क्षेत्र का इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और भविष्य की योजनाओं का खाका
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस बार नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की विकास यात्रा देश-दुनिया के सामने एक नए अंदाज में प्रस्तुत की जाएगी। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट में शुक्रवार से शुरू होने वाले ट्रेड शो के लिए तीनों प्राधिकरण अपने-अपने भव्य पवेलियन तैयार कर रहे हैं। इन पवेलियन में क्षेत्र में तेजी से बदलती औद्योगिक तस्वीर, आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी, बड़े निवेश और भविष्य की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मॉडल और प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 सितंबर को इस महत्वपूर्ण ट्रेड शो का शुभारंभ ग्रेटर नोएडा में करेंगे। यह भव्य आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद शामिल होंगे। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से विशेष उत्पादों को लाया जाएगा। यह योगी आदित्यनाथ की सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम इंटरनेशनल ट्रेड शो होगा। एक्सपो मार्ट के हॉल नंबर-3 में तीनों प्राधिकरणों के पवेलियन तैयार किए जा रहे हैं।
गुरुवार दोपहर तक सभी तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों, निवेशकों, कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों और आम लोगों को एक ही स्थान पर तीनों क्षेत्रों की औद्योगिक और विकास यात्रा को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और उत्तर प्रदेश की बदलती औद्योगिक तस्वीर को वैश्विक मंच पर सामने लाना है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के पवेलियन में जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की अब तक की विकास यात्रा को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। एयरपोर्ट के अगले चरणों की मास्टर प्लानिंग और क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे की जानकारी भी यहां मिलेगी। इसके माध्यम से निवेशकों को बताया जाएगा कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास किस तरह औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है।
यमुना अथॉरिटी के पवेलियन में क्षेत्र में निवेश करने वाली देश-विदेश की प्रमुख कंपनियां भी शामिल होंगी। सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण, एफएमसीजी और निर्यात क्षेत्र की कंपनियां अपने उत्पादों और गतिविधियों को प्रदर्शित करेंगी। इनमें सेल सोलर पी6 प्राइवेट लिमिटेड, एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड, पॉलीमेडिक्योर, केंट आरओ, साब्स एक्सपोर्ट्स, सन ऑर्गेनिक्स, वीवो मोबाइल इंडिया, साहू एक्सपोर्ट्स, पाइन वैली वेंचर्स, इंटीग्रेटेड बैटरीज इंडिया, मिंडा कॉरपोरेशन, ट्रांसलाइट, पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क, कावेरी, डीएस ग्रुप और प्रीमियर मेडिकल सिस्टम्स शामिल हैं। यमुना अथॉरिटी के सीईओ आर.के. सिंह के अनुसार पवेलियन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की औद्योगिक प्रगति और भविष्य की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
1100 वर्ग मीटर में सजेगा ग्रेटर नोएडा का औद्योगिक मॉडल
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण करीब 1100 वर्ग मीटर क्षेत्र में अपना विशाल पवेलियन तैयार कर रहा है। इसमें ग्रेटर नोएडा की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की औद्योगिक यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में प्रस्तावित और निर्माणाधीन प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी भी आगंतुकों को दी जाएगी। ग्रेटर नोएडा में स्थापित वैश्विक कंपनियां डिक्शन, हायर और ओप्पो अपने उत्पादों और तकनीक का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के आधुनिक स्वरूप का मॉडल भी पवेलियन में आकर्षण का केंद्र रहेगा। इससे निवेशकों को क्षेत्र में विकसित औद्योगिक और आवासीय सुविधाओं की तस्वीर समझने में मदद मिलेगी।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के अनुसार ट्रेड शो में ग्रेटर नोएडा की मजबूत औद्योगिक क्षमता को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। पवेलियन में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब जैसी आगामी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा। हाल में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के माध्यम से धरातल पर उतरे निवेश और उनके परिणामों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। हॉल 7 में नोएडा विकास प्राधिकरण, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, आईटी एवं आईटीईएस तथा ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की भागीदारी प्रस्तावित है।
एक छत के नीचे दिखेगी पूरे क्षेत्र की औद्योगिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से तीनों प्राधिकरण अपने-अपने क्षेत्रों की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को निवेशकों के सामने रखेंगे। एक ओर जेवर एयरपोर्ट और उससे जुड़ी कनेक्टिविटी व औद्योगिक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी, वहीं दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक टाउनशिप, लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्ट हब जैसी परियोजनाएं भविष्य की विकास संभावनाओं को प्रदर्शित करेंगी। ट्रेड शो में आने वाले कारोबारी समूहों और प्रतिनिधिमंडलों को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी की जानकारी एक ही मंच पर मिलेगी।
तीनों प्राधिकरणों की ओर से तैयार किए जा रहे पवेलियन इस बात को भी सामने रखेंगे कि क्षेत्र में उद्योगों के लिए किस तरह आधुनिक सुविधाएं और बड़े स्तर की कनेक्टिविटी विकसित की जा रही है। ट्रेड शो को उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण मंच के तौर पर देखा जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले निवेशकों और उद्यमियों के सामने तीनों प्राधिकरण अपने क्षेत्रों में हो रहे विकास, औद्योगिक निवेश और भविष्य की योजनाओं का खाका रखेंगे। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र की बदलती तस्वीर को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
24 से 29 सितंबर तक रहेगा रूट डायवर्जन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। विशिष्ट अतिथियों के आगमन के दौरान एक्सपो मार्ट-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के मार्गों पर यातायात दबाव बढऩे की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र के अनुसार 24 सितंबर से 29 सितंबर तक आवश्यकतानुसार भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वह निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
यूपी ट्रेड शो में छात्र स्टार्टअप और कारोबार से होंगे रूबरू
सीखने और संवाद का मिलेगा अवसर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में युवाओं और विद्यार्थियों को स्टार्टअप, उद्यमिता और वैश्विक कारोबारी माहौल को समझने का अवसर मिलेगा। जीबीयू समेत कई विश्वविद्यालय इसमें भाग लेंगे। 25 से 29 सितंबर तक विद्यार्थी शटल संचालन, स्कैनिंग, सांस्कृतिक गतिविधियों, नॉलेज सेशन, इंफॉर्मेशन डेस्क और बी2बी बैठकों में वॉलंटियर के रूप में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विद्यार्थियों की सहभागिता के लिए चार वॉलंटियर टीमें बनाई गई हैं। इन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को आयोजन प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। फैकल्टी सुपरविजन और नोडल संपर्क की भी व्यवस्था की गई है। युवाओं को उद्यमिता और नवाचार से जोडऩे के लिए यंग एंटरप्रेन्योर हंट, स्टार्टअप और फाउंडर जोन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जापान समेत 5 देश होंगे पार्टनर
इस बार ट्रेड शो में जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और सिंगापुर को पार्टनर देश बनाया गया है। इन देशों से आने वाले कारोबारी और खरीदार यूपी के उत्पादों को देखेंगे। आयोजन के दौरान भारतीय और विदेशी कारोबारियों के बीच आमने-सामने बैठकें भी होंगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


