- महापौर सुनीता दयाल ने किया नवनिर्मित भवन का उद्घाटन, पुलिसिंग को मिला आधुनिक ठिकाना
- आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ थाना, जनसुलभ सेवाओं और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
- पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के साथ वर्ष के अंत तक सभी थानों के आधुनिकीकरण की तैयारी
- अगले साल पुलिस चौकियों को भी मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, जन-मित्र पुलिसिंग पर फोकस
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर थाना अब नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। सुरक्षा, सुविधा और जनसुलभ पुलिसिंग को ध्यान में रखते हुए थाना विजयनगर के नवनिर्मित भवन का बुधवार को महापौर सुनीता दयाल ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नए भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़, एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय केशव कुमार चौधरी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था राज करन नैय्यर, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल, डीसीपी क्राइम पियूष सिंह, डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुन बिसेन, एसीपी कोतवाली उपासना पाण्डेय, एसीपी कविनगर राजेन्द्र डागा, थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ के निर्देशन में जिले के पुलिस थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना विजयनगर को आधुनिक सुविधाओं, तकनीक आधारित व्यवस्थाओं और आमजन के लिए बेहतर वातावरण के साथ पुनर्विकसित किया गया है। महापौर सुनीता दयाल ने नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करते हुए पुलिस विभाग की इस पहल का स्वागत किया। नए भवन में आने वाले फरियादियों और पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की बेहतर व्यवस्था की गई है। स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश, वेंटिलेशन और सूचना एवं मार्गदर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाया गया है। भवन को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास किया गया है, जिससे थाने में आने वाले लोगों को सकारात्मक और सहज माहौल मिल सके। दीवारों पर प्रेरणादायक संदेशों के साथ रंगीन सजावट भी की गई है। इससे थाने का वातावरण पारंपरिक पुलिस कार्यालयों से अलग और अधिक जनसुलभ नजर आएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाना भवन में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए भी सुविधाजनक कार्य वातावरण तैयार किया गया है।
महिला सुरक्षा और जनसुलभ पुलिसिंग पर विशेष फोकस
पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने बताया कि थाना विजयनगर का पुनर्विकास पुलिस की व्यापक योजना का हिस्सा है। थाने में आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और पुलिस से संपर्क करने में उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो, इस दिशा में विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के साथ सकारात्मक माहौल पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायक होगा। महिला सुरक्षा को भी नए थाना भवन में विशेष प्राथमिकता दी गई है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, पुलिसिंग में तकनीक और बेहतर बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल बढ़ाने के साथ नागरिकों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की निरंतर प्रक्रिया है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय केशव कुमार चौधरी ने थानों में बेहतर बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक संसाधनों से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ आमजन के लिए सेवाओं को अधिक व्यवस्थित किया जा सकता है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था राज करन नैय्यर ने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों के संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद करता है। थाना स्तर पर सुविधाओं को बेहतर करने से पुलिस और जनता के बीच संवाद को भी मजबूती मिलती है।
वर्ष के अंत तक सभी थाने होंगे आधुनिक
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिसिंग को आधुनिक सुविधाओं से जोडऩे की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। थाना विजयनगर के नए भवन में नागरिकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी गई है। एसीपी कोतवाली उपासना पाण्डेय ने कहा कि थाने में आने वाले लोगों के लिए बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आधुनिक व्यवस्था से फरियादियों को सुविधा मिलने के साथ पुलिसकर्मियों को भी कार्य करने में सहूलियत होगी। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने बताया कि वर्ष के अंत तक सभी थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इसके बाद अगले वर्ष जिले की सभी पुलिस चौकियों को भी आधुनिक सुविधाओं से जोडऩे की योजना है। थाना विजयनगर का पुनर्विकास इसी व्यापक अभियान की एक कड़ी है। नए भवन में तकनीक आधारित सेवाओं, बेहतर सुविधाओं और जनसुलभ व्यवस्था पर जोर दिया गया है। पुलिस विभाग का उद्देश्य थानों को केवल शिकायत दर्ज करने की जगह तक सीमित रखने के बजाय उन्हें ऐसा केंद्र बनाना है, जहां नागरिकों को सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद वातावरण मिल सके। विजयनगर थाना इसी बदलती कार्यशैली और आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में उठाया गया कदम है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



