Image Slider

  • नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने विभागीय अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के दिए निर्देश
  • सड़क और आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण पर सभी जोन में विशेष निगरानी के आदेश
  • निर्माण विभाग की 9 शिकायतें सबसे अधिक, जलकल की 5 और अतिक्रमण की 6 शिकायतें मिलीं

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संभव कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 31 संदर्भ प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को केवल कागजी निस्तारण के बजाय मौके पर जाकर समस्याओं का निरीक्षण करने और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सबसे अधिक संदर्भ निर्माण विभाग से संबंधित रहे, जबकि अवैध अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी जोनल प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि सड़कों पर किसी भी तरह का ऐसा अतिक्रमण नहीं होना चाहिए, जिससे यातायात प्रभावित हो या लोगों के आने-जाने का रास्ता बाधित हो। उन्होंने सभी जोनल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण की शिकायतों की विशेष निगरानी करने और शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जहां पक्का निर्माण कर रास्ते या सार्वजनिक स्थान पर कब्जा किया गया है, वहां निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

संभव के तहत हुई जनसुनवाई में निर्माण विभाग से संबंधित 9 संदर्भ प्राप्त हुए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से 3, उद्यान विभाग से 3, प्रकाश विभाग से 1, कर विभाग से 2, जलकल विभाग से 5, अतिक्रमण से संबंधित 6, जन्म-मृत्यु विभाग से 1 और अन्य विभाग से 1 संदर्भ प्राप्त हुआ। अधिकारियों को सभी संदर्भों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी शिकायतों का निस्तारण करने से पहले आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर स्थिति देखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर भी जोर दिया गया।

नगर निगम की ओर से अतिक्रमण संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। नगर आयुक्त ने अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों के लिए दिन निर्धारित कर पुलिस बल और अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लेते हुए महाअभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ और आवागमन के रास्ते को बाधित करने वाले अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी जोनल प्रभारियों को निर्देशित किया कि अभियान के बाद भी क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका प्रभावी समाधान कराया जाए। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक संभव के अंतर्गत प्राप्त समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई कराई जा रही है। 31 संदर्भों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, महाप्रबंधक जल केपी आनंद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||