Image Slider

  • 15वें वित्त आयोग की धनराशि से सड़कों और फुटपाथ का होगा कायाकल्प, लंबे समय से उठ रही थी सुधार की मांग
  • वार्ड-77, वैशाली और श्याम पार्क एक्सटेंशन में शुरू होंगे विकास कार्य, क्षतिग्रस्त सड़कों को मिलेगी नई मजबूती
  • शहर के हर वार्ड और हर कोने तक विकास पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी: सुनीता दयाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और साइड पटरी के सुधार की मांग अब धरातल पर उतरने लगी है। नगर निगम की ओर से रविवार को करीब 5 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ कराया गया। महापौर सुनीता दयाल ने नारियल फोड़कर विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों के पूरा होने के बाद कई प्रमुख मार्गों और आवासीय क्षेत्रों में सड़क की स्थिति बेहतर होने के साथ ही साइड पटरी को भी व्यवस्थित रूप दिया जाएगा। नगर निगम के अनुसार इन विकास कार्यों के प्रस्ताव 15वें वित्त आयोग की धनराशि से स्वीकृत किए गए हैं। स्थानीय पार्षदों और नागरिकों की ओर से लंबे समय से सड़कों की मरम्मत और सुधार की मांग की जा रही थी। लोगों की जरूरत को देखते हुए नगर निगम स्तर पर प्रस्ताव तैयार कर उन्हें स्वीकृति दिलाई गई और अब मौके पर काम शुरू कराया गया है।

विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद नीलम भारद्वाज, पार्षद गौरव सोलंकी, पार्षद कविता भाटी, एसके भारद्वाज, अशोक आटे वाले, प्रवीण भाटी सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जताई। नगर निगम की ओर से वार्ड-77 में नवीन हास्पिटल मार्ग, महागुन मॉल के सामने वाली सड़क तथा यशोदा मार्ग और कलिंग मार्ग के बीच स्थित सड़क के सुधार का कार्य कराया जाएगा। इन सड़कों पर डेंस तकनीक से सुधार किया जाएगा। इसके साथ ही साइड पटरी पर परफोरेटिड टाइल्स लगाई जाएंगी। इस कार्य पर करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

सड़कों के सुधार के साथ साइड पटरी को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है। इससे पैदल आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलने के साथ सड़क किनारे की व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर इन मार्गों के सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही थी। महापौर ने अपने संबोधन में आगामी चुनाव का भी उल्लेख करते हुए भाजपा के विधायकों को समर्थन मिलने की बात कही। वहीं कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय प्रतिनिधियों और नागरिकों ने विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताई। नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया।

वैशाली और श्याम पार्क में भी करोड़ों के काम
वैशाली सेक्टर-3 एफ और रचना वैशाली क्षेत्र में सड़कों के सुधार का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही साइड पटरी पर परफोरेटिड टाइल्स लगाने का काम भी होगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 2 करोड़ 21 लाख रुपये है। इसी क्रम में वार्ड-83 के श्याम पार्क एक्सटेंशन में जीटी रोड स्थित निझावन इलेक्ट्रॉनिक्स से पुलिस चौकी तक क्षतिग्रस्त सड़क का डेंस से सुधार कराया जाएगा। इस कार्य पर करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के अनुसार सड़क सुधार के इन कार्यों से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

हर वार्ड और हर कोने तक विकास पहुंचाना जिम्मेदारी
शिलान्यास के दौरान महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शहर के हर वार्ड और हर कोने तक विकास पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाले, फुटपाथ, डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम कराया जा रहा है। महापौर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के निर्देशन में विकास और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को गति मिली है।

सड़क, एलईडी लाइट, शौचालय, हाईवे और स्वच्छता से जुड़े कार्यों के माध्यम से शहरों की तस्वीर में बदलाव आया है। गाजियाबाद में भी विकास कार्य लगातार जारी हैं और आने वाले समय में इसी क्रम को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क और फुटपाथ जैसे कार्य सीधे तौर पर आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े हैं। इसलिए जिन क्षेत्रों में लंबे समय से सुधार की आवश्यकता है, वहां चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||