Image Slider

  • ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई’ भजन सुनाकर बांधा समां
  • सिर्फ घर नहीं, शहर भी साफ रखें; स्वच्छता में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी: नगर आयुक्त
  • नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के साथ गायक ने दिया स्वच्छता का संदेश
  • घर और शहर को स्वच्छ रखना भी सच्ची भक्ति और देशप्रेम का हिस्सा: सुनील लोधी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में उस समय भक्ति का माहौल बन गया, जब हनुमान अंश फिल्म के सुप्रसिद्ध भजन गायक कलाकार सुनील लोधी शनिवार को निगम पहुंचे। यहां उन्होंने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय निवासियों से मुलाकात की। इस दौरान सुनील लोधी ने हनुमान अंश फिल्म में गाया लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई’ सुनाकर उपस्थित लोगों को भक्तिमय कर दिया। भजन की प्रस्तुति के बाद निगम परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और भजन गायक सुनील लोधी की विशेष मुलाकात रही। दोनों ने शहरवासियों से स्वच्छता को लेकर अपील की। उन्होंने कहा कि अपने घर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ आसपास और पूरे शहर को साफ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं बन सकता, इसमें शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता को भक्ति और देशप्रेम से जोड़ते हुए लोगों से अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को आदत बनाने का आह्वान किया।

नगर आयुक्त और पार्षदों की ओर से भजन गायक सुनील लोधी का शॉल और पटका पहनाकर सम्मान किया गया। इसके साथ ही उन्हें राम दरबार और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। सम्मान मिलने पर सुनील लोधी ने नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण और स्वच्छता पर भी लगातार काम होना जरूरी है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम में मौजूद पार्षदों ने नगर निगम टीम की ओर से किए गए विशेष आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शहर में विकास की रफ्तार बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी प्राथमिकता देना जरूरी है। भक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़कर आयोजित होने वाले कार्यक्रम लोगों को सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

भजन से भक्तिमय हुआ निगम परिसर
सुनील लोधी ने जैसे ही अपना प्रसिद्ध भजन प्रस्तुत किया, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। भजन की प्रस्तुति के दौरान निगम परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद पार्षदों और निगम की टीम ने जय श्रीराम का जयघोष किया। भक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश देने वाला यह आयोजन निगम परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। कार्यक्रम के दौरान पार्षदों ने भजन गायक सुनील लोधी से उनके जीवन, संगीत के सफर और भक्ति संगीत से जुड़े सवाल भी किए। सुनील लोधी ने सभी सवालों का सहजता से जवाब दिया और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि भक्ति संगीत लोगों को सकारात्मक ऊर्जा देने के साथ समाज को अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी बन सकता है।

भक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जब शहरवासी अपने घर के साथ सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने की जिम्मेदारी समझेंगे, तभी स्वच्छ और सुंदर गाजियाबाद का लक्ष्य पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से भी स्वच्छता का संदेश अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम में नजारत प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह सहित निगम की टीम मौजूद रही। पार्षद मनोज त्यागी, प्रदीप चौधरी, कुसुम मनोज गोयल, नीरज गोयल, सुमन जाटव, कुलदीप त्यागी, सुभाष चौधरी, विनिल दत्त, रेखा गोस्वामी, मधुकर त्यागी और अमित त्यागी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान निगम मुख्यालय में उत्साह और सकारात्मकता का माहौल दिखाई दिया। भक्ति संगीत के साथ स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों से शहर को स्वच्छ रखने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने भी इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। आयोजन का संदेश साफ रहा कि आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना ही शहर और समाज के प्रति सच्ची सेवा है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||