Image Slider

शामली में जलभराव पर बवाल: भीड़ ने भाजपा सभासद की सरेआम की पिटाई, कॉलर पकड़कर ले गए थाने
शामली नगर पालिका में जलभराव की समस्या को लेकर उस वक्त बड़ा बवाल हो गया, जब शिकायत लेकर पहुंचे वार्डवासियों और भाजपा जिला मंत्री व सभासद अनिल उपाध्याय के बीच तीखी कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित महिलाओं और पुरुषों ने सरेआम सभासद की पिटाई कर दी. हद तो तब हो गई जब भीड़ में शामिल लोग उनका गिरेबान (कॉलर) पकड़कर और थप्पड़ मारते हुए उन्हें घसीटते हुए थाने तक ले गए. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं, सरेआम हुई इस बेइज्जती और मारपीट के बाद पीड़ित सभासद अनिल उपाध्याय ने नगर पालिका चेयरमैन पर साजिश रचने और लोगों को उकसाने का गंभीर आरोप लगाया है.

योगी सरकार की OTS योजना: शहरी करदाताओं को बड़ी राहत, 31 करोड़ से ज्यादा की ब्याज माफी
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना शहरी करदाताओं के लिए वरदान साबित हो रही है. इस योजना के तहत अब तक करदाताओं के 31.06 करोड़ रुपये के भारी-भरकम ब्याज की माफी की गई है, जिससे प्रति करदाता औसतन 12,655 रुपये की बचत हुई है और उन्हें अपने पुराने बकायों के निस्तारण का सुनहरा अवसर मिला है. योजना की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके लिए 48 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 29,292 को स्वीकृति मिल चुकी है. 73.80 करोड़ रुपये की कुल मांग के सापेक्ष 24.51 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने से स्थानीय निकायों की तिजोरी भी मजबूत हुई है, जिसमें गृहकर (हाउस टैक्स) वसूली के मामले में लखनऊ नगर निगम पूरे प्रदेश में अव्वल रहा है. सरकार इस योजना से प्राप्त राजस्व का सीधा उपयोग शहरों में पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी नागरिक सुविधाओं के विकास और विस्तार में करेगी.

कासगंज: यातायात पुलिस का विशेष अभियान: 327 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 9.28 लाख का जुर्माना
कासगंज यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 327 वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 9 लाख 28 हजार रुपये का ऑनलाइन जुर्माना लगाया गया है. कोतवाली सदर क्षेत्र के बस स्टैंड, नदरई तिराहा और मालगोदाम चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर हुई इस सघन चेकिंग में 4 वाहनों को सीज किया गया. पुलिस ने इस अभियान के दौरान ओवरस्पीड में दौड़ने वाले 52, 80 डेसीबल से अधिक ध्वनि प्रदूषण करने वाले 11, नशे में वाहन चलाने वाले 3 और मोडिफाइड साइलेंसर लगे 2 दोपहिया वाहनों को पकड़कर उनका भी चालान काटा.

अयोध्या: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अयोध्या में पार्टी के कार्यकर्ता बूथ सम्मेलन को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और उम्मीदवारों के नामों पर बात की. चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीकापुर विधानसभा सीट से पार्टी के प्रभारी देवेश कुमार पिंटू चुनाव लड़ेंगे. बीकापुर अयोध्या की 274 नंबर विधानसभा सीट है. चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जहां करोड़पति चुनाव लड़ेंगे, वहां आजाद समाज पार्टी जनता के बीच से आए व्यक्ति को मैदान में उतारेगी. उन्होंने देवेश कुमार पिंटू को लेकर कहा कि वह जनता के बेटे के तौर पर चुनाव लड़ेंगे. पार्टी की ओर से 21 तारीख को प्रत्याशियों और प्रभारियों की दूसरी सूची जारी करने की बात भी कही गई.

रसड़ा डबल मर्डर का खुलासा, बुजुर्ग पति ने दो दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी-बेटी को मार डाला

बलिया: रसड़ा में हुए चर्चित डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग पति ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी और दिव्यांग नेत्रहीन बेटी की हत्या की थी. दोनों के शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और करीब 100 लोगों से पूछताछ के साथ कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच आगे बढ़ी तो शक परिवार के ही सदस्य पर गया और आखिरकार पति ने हत्या की बात कबूल कर ली. मामला रसड़ा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव का है. पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग आरोपी अपनी पत्नी और बेटी से परेशान था. उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहती थी, जबकि बेटी दिव्यांग और नेत्रहीन थी. पुलिस का दावा है कि इसी परेशानी के चलते उसने दोनों की हत्या की साजिश रची.

अयोध्या में हफ्तेभर से लापता गैस एजेंसी कर्मचारी का नहर में मिला शव, 13 सितंबर से था गायब

अयोध्या में करीब एक हफ्ते से लापता गैस एजेंसी कर्मचारी का शव पड़ोसी जिले सुल्तानपुर में नहर से बरामद हुआ है. मृतक की पहचान संजय यादव के रूप में हुई है. वह अयोध्या के हैदरगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक संजय यादव 13 सितंबर से लापता था. परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था. शनिवार सुबह उसका शव सुल्तानपुर के कूरेभार थाना क्षेत्र में देवकली सरैया के पास छोटी नहर में मिला. स्थानीय लोगों ने नहर में शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कूरेभार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया. इसके बाद मृतक की पहचान की गई. घटना की जानकारी अयोध्या में उसके परिजनों को भी दी गई. संजय यादव गैस एजेंसी में कर्मचारी था. उसके अचानक लापता होने के बाद से ही परिवार के लोग परेशान थे. अब नहर में शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संजय की मौत किन हालात में हुई.

स्लीपर बस ने कूड़ा बीनने वाले एक किशोर को कुचला
इटावा जिले की भरथना इलाके के सरोजिनी नगर में स्लीपर बस में कूड़ा बीनने वाले एक किशोर को कुचल दिया है. किशोर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई है. 12 साल के दर्शन नाम के किशोर की दर्दनाक मौत स्लीपर बस से कुचलने से हुई है. इस दर्दनाक हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस बस की पहचान करके उसके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है. फिलहाल मौत की शिकार बने किशोर दर्शन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

कंगना रनौत के खिलाफ रिवीजन दाखिल, जिला जज कोर्ट में आज सुनवाई
मंडी सांसद कंगना रनौत से जुड़े मामले में जिला जज कोर्ट में रिवीजन दाखिल किया गया है. इसमें स्पेशल कोर्ट MP-MLA के 4 अगस्त 2026 के आदेश को चुनौती दी गई है. मामले में वादी पक्ष के अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा आज कोर्ट में अपना पक्ष रखेंगे. वादी पक्ष ने 6 जून को दाखिल प्रार्थना पत्र पर पुलिस की कथित अधूरी आख्या को लेकर सवाल उठाए हैं. आरोप है कि पुलिस ने कंगना रनौत का बयान दर्ज करने के बजाय उनके अधिवक्ता के बयान के आधार पर रिपोर्ट लगा दी. इससे पहले स्पेशल कोर्ट MP-MLA के न्यायाधीश अनुज कुमार सिंह ने प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया था.

लखनऊ में NSG-UP ATS की मॉक ड्रिल, आतंकी हमले पर रिस्पॉन्स टाइम की परखी तैयारी
आतंकी हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए लखनऊ में NSG, यूपी ATS और लखनऊ पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त मॉक ड्रिल की. यह अभ्यास 16, 17 और 18 सितंबर को शहर के प्रमुख सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों, रिहायशी इलाकों और अस्पतालों में किया गया. मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस और केंद्रीय बलों की तैयारियों का जायजा लिया गया. खास तौर पर आतंकी हमले की स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम कम करने, ट्रैफिक व्यवस्था संभालने, एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता और अस्पतालों की इमरजेंसी तैयारी को परखा गया. अधिकारियों ने अलग-अलग परिस्थितियों में सुरक्षा बलों और संबंधित विभागों के बीच तालमेल की भी जांच की.

अमौसी एयरपोर्ट पर SGST की बड़ी कार्रवाई, 40 लाख के iPhone-MacBook जब्त
अमौसी एयरपोर्ट पर SGST ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये कीमत के iPhone और MacBook जब्त किए हैं. यह माल अहमदाबाद से बिना बिल और ई-वे बिल के लखनऊ लाया जा रहा था. जांच के दौरान व्यापारी से माल का स्वामित्व स्वीकार कराया गया, जिसके बाद 14.32 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. कार्रवाई एडिशनल कमिश्नर मनोज कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में हुई. सहायक आयुक्त आशीष कुमार और राज्य कर अधिकारी संतोष कुमार ने जुर्माने की रकम जमा कराई. इससे पहले भी SGST ने बसों के जरिए बिना बिल लाए गए मोबाइल पार्ट्स पर 5.66 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था. मुंबई से बिना बिल लाया गया माल भी लखनऊ में पकड़ा गया. विभाग की ओर से बिना बिल के माल पर अर्थदंड वसूली की कार्रवाई जारी है.

5 दिन लॉकअप में रखने के आरोप में मेजा थाना प्रभारी और विवेचक सस्पेंड, हाईकोर्ट पहुंचा था मामला
प्रयागराज: मेजा थाने में कथित बांग्लादेशी डॉक्टर को पांच दिन तक लॉकअप में रखने के आरोप में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार शुक्ला और विवेचक इंस्पेक्टर कमलेश यादव को सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने विभागीय जांच के आधार पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है. आरोप है कि डॉक्टर कमलेश विश्वास उर्फ सुजल को 15 अगस्त को हिरासत में लिया गया, लेकिन 19 अगस्त को गिरफ्तारी दिखाकर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया. डॉक्टर के पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी. हाईकोर्ट ने पुलिस कमिश्नर से जवाब मांगा था. इसके बाद एसीपी मेजा से मामले की जांच कराई गई. जांच में थाना प्रभारी और विवेचक प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए. इसके बाद दोनों को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी गई है. डॉक्टर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति हड़पने और बांग्लादेशी नागरिक होने के आरोप भी लगाए गए थे. पुलिस अब उनकी नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है.

बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल से 1.55 लाख की साइबर ठगी, iPhone में सेंध का शक
प्रयागराज: बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष और कौशांबी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल साइबर ठगी का शिकार हो गईं. आरोप है कि साइबर ठगों ने उनके मोबाइल में सेंध लगाकर करीब 1 लाख 55 हजार रुपये यूपीआई के जरिए निकाल लिए. जानकारी के मुताबिक, 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच उनके यूबीआई धूमनगंज शाखा के बैंक खाते से कई बार अनाधिकृत लेनदेन हुआ. पूजा पाल ने आशंका जताई है कि किसी अनधिकृत व्यक्ति ने उनके iPhone में प्रवेश कर यूपीआई के जरिए बिना अनुमति रकम निकाली. मामले में धूमनगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब यूपीआई लेनदेन, UTR और ट्रांजैक्शन आईडी के साथ बैंकिंग और यूपीआई की अनधिकृत पहुंच की जांच कर रही है. मोबाइल में मौजूद निजी और महत्वपूर्ण डेटा के एक्सेस या लीक होने की आशंका भी जताई गई है.

प्रयागराज में BJP की दो दिवसीय बैठक, 2027 चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन
साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने संगठन को धार देना शुरू कर दिया है. बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े 21 और 22 सितंबर को प्रयागराज में रहेंगे. इस दौरान काशी क्षेत्र की दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन होगा. बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी और काशी क्षेत्र के प्रभारी-सह प्रभारी भी शामिल होंगे. प्रयागराज महानगर में होने वाली बैठक में काशी क्षेत्र के 16 जिलों के जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत व नगर पालिका अध्यक्ष समेत पूर्व जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे.

दुबग्गा बाईपास पर डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, धू-धूकर जली
लखनऊ के दुबग्गा बाईपास पर शनिवार को हादसे के बाद रोडवेज बस में आग लग गई. बताया जा रहा है कि बस डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग भड़क उठी. हादसे के वक्त बस में सिर्फ ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद थे. आग लगते ही दोनों सुरक्षित बाहर निकल गए. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस जलकर राख हो गई. मामला दुबग्गा थाना क्षेत्र का है.

दो दिन से लापता 12 वर्षीय किशोर का तालाब में मिला शव, गांव में मची सनसनी
बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर गंगा उर्फ सराय में घर से दो दिन पहले लापता हुए 12 वर्षीय किशोर का शव तालाब में मिला. शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने दो दिन पहले किशोर की गुमशुदगी दर्ज की थी. अब तालाब से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

घर में खाना खा रहे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
शाहजहांपुर के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के ख्वाजा फिरोज में देर रात घर में बैठे खाना खा रहे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया. आरोप है कि पड़ोसी शीबू खान ने घर में घुसकर नीरज त्रिवेदी पर कई बार चाकू से वार किए. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले भी नीरज को घर में घुसकर मारने की धमकी दी थी. हमले में नीरज त्रिवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें गठित की हैं और मामले की जांच की जा रही है.

फास्ट फूड और रेस्टोरेंट पर बड़ी कार्रवाई, 233 प्रतिष्ठानों की जांच; फंगस-चूहे से लेकर एक्सपायर्ड नॉनवेज तक मिला
लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ा जांच अभियान चलाया. 152 टीमों ने कुल 233 प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान कमियां मिलने पर 163 सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं वाले प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस निलंबन और बंद कराने की कार्रवाई शुरू की गई. लखनऊ में 52 टीमों ने 78 प्रतिष्ठानों की जांच की. यहां 42 सुधार नोटिस दिए गए. कई जगह स्वच्छता, ड्रेनेज, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कच्चे-पके भोजन को अलग रखने में खामियां मिलीं. कुछ प्रतिष्ठानों में फंगस, दुर्गंध, ग्रेवी कंटेमिनेशन और वाटर लॉगिंग जैसी गंभीर कमियां भी सामने आईं. नोएडा में 57 टीमों ने 71 प्रतिष्ठानों की जांच कर 42 नोटिस जारी किए. यहां रसोई में फंगस, चूहों की मौजूदगी, गंदगी और एक्सपायर्ड नॉनवेज मिलने की बात सामने आई. 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है. वहीं, गोरखपुर में 43 टीमों ने 84 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 79 सुधार नोटिस जारी किए.

सर्राफा दुकानदार को बातों में उलझाकर लाखों की ठगी, सोने के आभूषण लेकर फरार हुआ ठग
बिजनौर: थाना नगीना क्षेत्र के सरायमीर में एक सर्राफा दुकानदार से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक ठग दुकानदार को बातों में उलझाकर करीब 4 से 5 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया. घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

अलीगंज में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, अमेरिकी नागरिकों से करोड़ों की ठगी का आरोप
लखनऊ: अलीगंज में पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है. मौके से कॉल सेंटर में काम करने वाले 12 युवक और 4 युवतियों को हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि फर्जी कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी की जा रही थी. पुलिस ने कॉल सेंटर से ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और दस्तावेज भी बरामद किए हैं. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम के बारे में जानकारी जुटा रही है.

गोरखपुर में विनोद तावड़े ने संजय निषाद से की मुलाकात, संगठन और आगामी रणनीति पर चर्चा
गोरखपुर: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने गोरखपुर स्थित निषाद पार्टी कार्यालय पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद से मुलाकात की. बैठक के दौरान भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय भी मौजूद रहे. मुलाकात में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई. भाजपा और निषाद पार्टी के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया. विनोद तावड़े इन दिनों गोरखपुर दौरे पर हैं और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं.

18 दिन से लापता पप्पू नबी की बोरे में बंद लाश मिली, पत्नी पर प्रेमी संग हत्या का आरोप
बरेली: भुता थाना क्षेत्र के फैजनगर गांव में 18 दिन से लापता करीब 60 वर्षीय पप्पू नबी की बोरे में बंद लाश मिलने से सनसनी फैल गई. शव मिर्जापुर रोड किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया. पप्पू 11 सितंबर से लापता थे, जबकि उनकी पत्नी नरगिस ने 15 सितंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस के मुताबिक, जांच में पत्नी नरगिस के 25 वर्षीय रियाज उर्फ राजा के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. आरोप है कि नरगिस ने रियाज के साथ मिलकर पप्पू की हत्या की और शव को बोरे में बंद कर झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.

₹1.38 लाख में महिला को बेचकर हरियाणा में कराई जबरन शादी, मध्यस्थकर्ता गिरफ्तार

बांदा: मानव तस्करी से जुड़े मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने एक मध्यस्थकर्ता को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान प्रेमचन्दर पुत्र लल्लू के रूप में हुई है, जो बबेरू थाना क्षेत्र के सोनहुली गांव का रहने वाला है. चित्रकूट निवासी महिला ने आरोप लगाया था कि परिजनों ने उसे 1.38 लाख रुपये में हरियाणा के एक व्यक्ति को बेच दिया और जबरन शादी करा दी. पीड़िता का आरोप है कि पहले से शादीशुदा होने के बावजूद उसकी दूसरी शादी कराई गई. इस मामले में हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं. अब पुलिस मानव तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और उसकी कड़ियों की जांच कर रही है. मामला बबेरू थाना क्षेत्र के सोनहुली गांव का है.

लखनऊ में पार्किंग शुल्क के बड़े अंतर पर हाईकोर्ट सख्त, LDA से मांगा जवाब

लखनऊ: राजधानी में दोपहिया वाहनों की पार्किंग फीस में भारी अंतर के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) से जवाब मांगा है. कोर्ट ने पूछा है कि पार्किंग शुल्क, खासकर मासिक शुल्क तय करने के लिए LDA किन मानकों और आधारों को अपनाता है. जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान याची ने बताया कि मेट्रो स्टेशन के पास LDA की पार्किंग में दोपहिया वाहन का मासिक शुल्क 250 रुपये लिया जा रहा है, जबकि फिनिक्स मॉल में इसी तरह की पार्किंग के लिए 300 रुपये प्रतिमाह शुल्क है. वहीं, याचिका में संबंधित एक अन्य पार्किंग स्थल का मासिक शुल्क 1,200 रुपये निर्धारित किए जाने पर सवाल उठाया गया है. याची ने पार्किंग शुल्क में इतने बड़े अंतर को लेकर तर्कसंगत आधार पर सवाल उठाया है. हाईकोर्ट ने LDA को प्रति शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 26 अक्टूबर को होगी.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||