Image Slider

होमखेलक्रिकेटवनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले 5 कप्तान, सहवाग के नाम है महारिकॉर्ड

Last Updated:

Highest Individual Runs in an Innings by 5 Captain in ODI: वनडे क्रिकेट में कप्तानी के भारी दबाव के बीच खुद को साबित करना हर खिलाड़ी के बस की बात नहीं होती. लेकिन इतिहास के पन्नों में कुछ ऐसे महान कप्तान दर्ज हैं, जिन्होंने इस जिम्मेदारी को अपनी ताकत बनाया. वीरेंद्र सहवाग के से लेकर रोहित शर्मा के दोहरे शतक तक, वनडे इतिहास की 5 सबसे बड़ी कप्तानी पारियों के बारे में जानते हैं. सहवाग, रोहित, जयसूर्या, सचिन और विवियन रिचर्ड्स ने कप्तानी संभालते हुए मैदान पर बल्ले से खूब रन बरसाए.

Zoom

वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दुनिया के 5 कप्तानों की लिस्ट.

नई दिल्ली. वनडे क्रिकेट में कप्तानी का दबाव आम खिलाड़ियों से अलग होता है. फैसले लेने की जिम्मेदारी के साथ-साथ खुद के प्रदर्शन का दबाव भी कप्तान पर होता है. लेकिन इतिहास में कुछ ऐसे धाकड़ कप्तान हुए हैं, जिन्होंने इस दबाव को अपनी ताकत बनाया और मैदान पर रनों का ऐसा तूफान उठाया कि विरोधी गेंदबाज बस देखते रह गए. जब एक कप्तान अपनी टीम का नेतृत्व आगे बढ़कर करता है, तो वो न केवल रिकॉर्ड तोड़ता है बल्कि जीत की इबारत भी लिखता है. दुनिया के उन 5 महान वनडे कप्तानों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपनी टीमों के लिए वनडे इतिहास की सबसे बड़ी पारियां खेली हैं.

वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) की बल्लेबाजी का सीधा फंडा था गेंद देखो और प्रहार करो. साल 2011 में इंदौर के होल्कर स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए सहवाग ने कप्तानी का एक ऐसा रूप दिखाया, जिसे क्रिकेट प्रशंसक कभी नहीं भूल सकते. रेगुलर कप्तान को आराम दिए जाने पर सहवाग ने टीम की कमान संभाली थी. उन्होंने विंडीज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 149 गेंदों में 219 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. अपनी इस आतिशी पारी में उन्होंने 25 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े. सहवाग का यह दोहरा शतक उस समय वनडे इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया था. उन्होंने कप्तान के रूप में 12 मैचों में 417 रन बनाए, लेकिन उनकी यह 219 रनों की पारी आज भी कप्तानी पारियों के शिखर पर विराजमान है.

वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दुनिया के 5 कप्तानों की लिस्ट.

रोहित शर्मा के लिए दोहरा शतक जड़ना नई बात नहीं
‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के लिए दोहरा शतक बनाना कोई नई बात नहीं रही, लेकिन कप्तान के तौर पर दोहरा शतक जड़ना बेहद खास अनुभव होता है. साल 2017 में मोहाली के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने बतौर कप्तान अपनी मास्टरक्लास दिखाई. उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेलते हुए नाबाद 208 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली. रोहित ने अपनी इस मैराथन पारी में 153 गेंदों का सामना किया, जिसमें 12 चौके और 13 दर्शनीय छक्के शामिल थे. रोहित शर्मा ने 2017 से 2025 के बीच 56 वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की और 52.20 की शानदार औसत से 2506 रन बनाए. कप्तान के तौर पर उनके बल्ले से 5 शतक और 17 अर्धशतक निकले, जिसमें 251 चौके और 126 छक्के शामिल हैं.

सनथ जयसूर्या वनडे खेलने का बदला अंदाज
श्रीलंका के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज और कप्तान सनथ जयसूर्या (Sanath Jayasuriya) ने 90 के दशक में वनडे क्रिकेट खेलने का अंदाज ही बदल दिया था. साल 2000 में शारजाह के मैदान पर भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में जयसूर्या ने जो गदर मचाया, उसे भारतीय प्रशंसक आज भी याद करते हैं. जयसूर्या ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह तहस-नहस करते हुए 161 गेंदों में 189 रन बनाए थे. उनकी इस पारी में 21 चौके और 4 छक्के शामिल थे. जयसूर्या ने 1998 से 2003 के दौरान 118 वनडे मैचों में श्रीलंका की कप्तानी की. इस दौरान उन्होंने 38.73 की औसत से 4377 रन बनाए, जिसमें 10 शतक और 25 अर्धशतक शामिल रहे.

सचिन तेंदुलकर ने खेली बेजोड़ पारी
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने अपने करियर में अनगिनत रिकॉर्ड बनाए. जब 1999 में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई, तो हैदराबाद वनडे में कप्तान सचिन का बल्ला जमकर बोला. सचिन ने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ मैदान के हर कोने में शॉट्स खेले और नाबाद 186 रनों की बेहद खूबसूरत पारी खेली. 150 गेंदों की अपनी इस पारी में सचिन ने 20 चौके और 3 छक्के लगाए. उन्होंने राहुल द्रविड़ के साथ मिलकर उस समय की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी बनाया था. सचिन ने 1996 से 2000 के बीच 73 मैचों में भारत की कप्तानी की और 37.75 की औसत से 2454 रन बनाए. बतौर कप्तान सचिन के नाम 6 शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं.

विवियन रिचर्ड्स ने कप्तानी का जलवा श्रीलंका के खिलाफ दिखाया
वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स (Viv Richards) की गिनती दुनिया के सबसे आक्रामक खिलाड़ियों में होती है. बिना हेलमेट पहने खूंखार गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले रिचर्ड्स ने 1987 के विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ अपनी कप्तानी का असली जलवा दिखाया था. कराची के मैदान पर रिचर्ड्स ने महज 125 गेंदों पर 181 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस आतिशी पारी में 16 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. रिचर्ड्स ने 1980 से 1991 के बीच 105 मैचों में वेस्टइंडीज का नेतृत्व किया और 38.81 की औसत से 3105 रन बनाए. बतौर कप्तान उनके नाम 3 शतक और 22 अर्धशतक रहे.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||