Image Slider

BRICS Sammelan 2026 LIVE: 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के औपचारिक शुरुआत में अब महज कुछ घंटे ही बाकी हैं. उससे पहले BRICS के सदस्‍य देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्षों समेत पूरे प्रतिनिधिमंडल का दिल्‍ली आगमन शुरू हो चुका है. नई दिल्ली का भारत मंडपम इस हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल समिट की मेजबानी के लिए तैयार हो रहा है. यह कार्यक्रम 12 से 13 सितंबर तक दुनिया भर के प्रतिनिधियों और नेताओं को एक मंच पर लाएगा. 18वें ब्रिक्स समिट के आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्‍ट शेयर में कहा गया, ‘यह दिल्ली है. यह; खास पल है. अपनी विरासत की चमक और भारत मंडपम की तैयारियों के साथ राजधानी 18वें ब्रिक्स समिट के लिए आखिरी तैयारियां पूरी कर रही है.’ एक्स पर एक पहले के पोस्ट में कहा गया, ‘दिल्ली 18वें ब्रिक्स समिट के लिए तैयार हो रही है. जल्द ही दुनिया एक मेज पर मिलेगी.’ जैसे-जैसे नई दिल्ली वीकेंड पर दो दिन के ब्रिक्स समिट की मेजबानी के लिए तैयार हो रही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत इस बड़े इवेंट के लिए तैयारी कर रहा है.

पीएम मोदी ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ब्रिक्स समिट की जगह, भारत मंडपम को दुनिया भर के नेताओं के स्वागत के लिए सजा-धजा दिखाया गया. वीडियो के आखिर में लिखा था – भारत ब्रिक्स 2026 के लिए तैयारी कर रहा है. ब्रिक्स के 2026 के चेयरमैन के तौर पर भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स समिट की मेजबानी करेगा, जिसमें ब्रिक्स सदस्य और पार्टनर देशों के साथ-साथ आउटरीच इनवाइटी (आमंत्रित मेहमान) भी शामिल होंगे. एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, ‘ब्रिक्स 2026 के लिए सब तैयार है!’

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच चुके हैं. अब चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत अन्‍य नेताओं का इंतजार है. भारत की ब्रिक्स चेयरमैनशिप ‘मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण’ थीम पर आधारित है, जो ‘मानवता सबसे पहले’ की भावना पर आधारित लोगों-केंद्रित दृष्टिकोण के लिए पीएम मोदी के विजन को दर्शाता है. इन क्षेत्रों के अलावा, नेता साझा प्राथमिकताओं पर ब्रिक्स के आपसी सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श करेंगे और आपसी महत्व के वैश्विक और क्षेत्रीय मामलों पर अपने विचार साझा करेंगे.

ब्रिक्स में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं. ब्रिक्स पार्टनर देशों में; बेलारूस, क्यूबा, ​​बोलीविया, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम; शामिल हैं. भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है. भारत ने 1 जनवरी को चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली. साल 2026 भी एक अहम पड़ाव है क्योंकि ब्रिक्स अपनी स्थापना के 20 साल पूरे कर रहा है.

September 11, 202613:34 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: भारत रवाना होने से पहले क्‍या बोले ईरानी राष्‍ट्रपति मसूद पेजेशकियन?

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: भारत रवाना होने से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने BRICS और वैश्विक आर्थिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि नया BRICS बैंक सदस्य देशों को अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता से मुक्त करने के उद्देश्य से बनाया गया था. पेजेशकियन के मुताबिक, BRICS का गठन दुनिया में अमेरिकी वर्चस्व कायम करने की कोशिशों का मुकाबला करने के लिए भी किया गया है. उन्होंने कहा कि सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाकर वैकल्पिक आर्थिक व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है. ईरानी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय आया है, जब BRICS के मंच पर स्थानीय मुद्राओं में व्यापार और डॉलर पर निर्भरता घटाने की चर्चा तेज है.

September 11, 202612:28 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए मसूद पेजेशकियन भारत रवाना

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: राजधानी दिल्‍ली में ब्र‍िक्‍स सम्‍मेलन की गहमा-गहमी बढ़ गई है. विदेशी मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है. रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन भारत पहुंच चुके हैं. दूसरी तरफ, ईरान के राष्‍ट्रपति मसूद पेजेशकियन भारत के लिए रवाना हो चुके हैं. आज देर शाम पेजेशकियन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होनी है.

September 11, 202611:43 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: पश्चिम एशिया में तनाव का बिजनेस पर असर चुनौती के बीच अवसर – अहमद बिन सुलायेम

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: दुबई डायमंड एक्सचेंज (DDE) और दुबई गोल्ड एंड कमोडिटीज एक्सचेंज (DGCX) के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और CEO अहमद बिन सुलायेम ने पश्चिम एशिया में तनाव का ग्लोबल एनर्जी मार्केट और बिजनेस माहौल पर पड़ रहे प्रभाव को चुनौतियों के बीच ही अवसर बताया है. उन्‍होंने कहा कि बस कुछ महीने पहले ही UAE ने OPEC छोड़ा था और इससे भारत और दूसरे देशों के साथ बेहतर ट्रेड डील के रास्ते खुल गए. इसलिए मुझे लगता है कि कीमत से ज्‍यादा जरूरी लॉजिस्टिक्स है. असल बात यह है कि कौन स्टोर कर सकता है और कौन आगे की योजना बना सकता है. भारत और BRICS जैसे देश 5-10 साल पहले ही योजना बना लेते हैं. UAE अपने तेल संसाधनों का इस्तेमाल न्यूक्लियर और रिन्यूएबल एनर्जी में निवेश करने के लिए कर रहा है. इसलिए भारत और BRICS देशों, दोनों के लिए सस्टेनेबिलिटी (टिकाऊपन) सबसे अहम है.

September 11, 202610:38 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: ब्रिक्स करीब आधी आबादी और 40 फीसद जीडीपी का प्रतिनिधित्‍व करता है – पीयूष गोयल

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने BRICS सहयोग को आर्थिक अवसरों, रोजगार, संपन्नता और लोगों की समृद्धि में बदलने की जरूरत पर जोर दिया है. मौजूदा समय उसके लिए अवसर के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी का भी है. इस संदर्भ में आर्थिक कूटनीति और राजनीतिक कूटनीति के बीच करीबी संबंध को महत्वपूर्ण बताया गया. उन्‍होंने का कि भारत को उम्मीद है कि BRICS बिजनेस फोरम से महत्वपूर्ण और ठोस परिणाम सामने आएंगे. भारत ने कहा कि BRICS देशों के बीच सहयोग का वास्तविक लाभ सदस्य देशों की अर्थव्यवस्थाओं और आम लोगों तक पहुंचना चाहिए. BRICS में दुनिया की करीब आधी आबादी और वैश्विक GDP का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा शामिल है. यह ग्रुप वैश्विक व्यापार के करीब एक-चौथाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है. ऐसे में भारत ने BRICS को भारतीय उत्पादों के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बताया. भारत इंट्रा-BRICS व्यापार में खुद को एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में देखता है. पीयूष गोयल ने आगे कहा कि इंजीनियरिंग सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स देश के विनिर्मित निर्यात के सबसे बड़े क्षेत्रों में शामिल हैं. वहीं, भारत को ‘दुनिया की फार्मेसी’ बताते हुए कहा गया कि भारतीय दवाओं और अन्य उत्पादों के लिए BRICS बाजार काफी महत्वपूर्ण हैं. भारत ने BRICS साझेदारों के बीच व्यापार को और गहरा, मजबूत और विविध बनाने की जरूरत बताई. इसके लिए आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक लचीला बनाने पर जोर दिया गया. भारत ने कहा कि व्यापार किसी भी सदस्य देश की आर्थिक वृद्धि या लोगों के कल्याण में बाधा नहीं बनना चाहिए. भारत ने कच्चे माल और महत्वपूर्ण खनिजों के लिए बाजार खोलने की अपील की. साथ ही कहा कि आपूर्ति श्रृंखलाएं तभी वास्तव में मजबूत और भरोसेमंद होंगी, जब वे दोनों दिशाओं में काम करें. भारत ने गैर-टैरिफ उपायों को भी बड़ी चुनौती बताया. कहा गया कि ऐसे उपाय कई बार टैरिफ की तुलना में निर्यात लागत को और अधिक बढ़ा देते हैं. इसलिए बाजार पहुंच को आसान और सुगम बनाने के साथ नियामकीय प्रक्रियाओं को सरल करने तथा माल की खेप को तेजी से मंजूरी देने की जरूरत है. भारत ने BRICS देशों के किसानों के हित में भी सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया. इसके तहत कृषि-प्रौद्योगिकी यानी AgriTech स्टार्टअप को मिलकर ऐसे समाधान विकसित करने की अपील की गई, जो विभिन्न सदस्य देशों के किसानों की जरूरतों को पूरा कर सकें.

September 11, 202610:31 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: ब्रिक्स समिट के दौरान PM मोदी की द्विपक्षीय मुलाकातों का शेड्यूल

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: ब्रिक्स समिट के दौरान PM मोदी कई देशों के प्रमुखों और प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे. विदेश मंत्रालय ने PM मोदी के द्विपक्षीय मुलाकातों का शेड्यूल जारी किया है-:

11 सितंबर को PM मोदी की 3 अहम मुलाकातें

दोपहर 3:30 बजे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात

शाम 6:15 बजे ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात

शाम 6:45 बजे संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात

(तीनों मुलाकातें भारत मंडपम में होंगी)

12 सितंबर को PM मोदी की 5 द्विपक्षीय बैठकें

सुबह 10 बजे इथियोपिया के PM अबिय अहमद अली से मुलाकात
सुबह 10:30 बजे मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम से मुलाकात
सुबह 11 बजे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात
सुबह 11:30 बजे वियतनाम के PM ले मिन्ह हंग से मुलाकात
शाम 5:45 बजे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात
(PM की सभी बैठकें भारत मंडपम/हैदराबाद हाउस में होंगी)
12 सितंबर सुबह 11:30 बजे राष्ट्रपति की ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात (मुलाकात राष्ट्रपति भवन में होगी)

13 सितंबर को PM मोदी की 7 द्विपक्षीय बैठकें

दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव
3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर
3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी
4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा
4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये
5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टीमा
5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो

(सभी बैठकें भारत मंडपम में होंगी)

खास बात: 11 से 13 सितंबर के बीच PM मोदी की 15 द्विपक्षीय बैठकें निर्धारित हैं, जिनमें रूस, ईरान, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र समेत कई महत्वपूर्ण BRICS और पार्टनर देशों के शीर्ष नेता शामिल हैं.

September 11, 202610:03 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: चांदनी चौक में विदेशी अतिथियों के लिए बन रहा खास जलेबा-रबड़ी

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों को राजधानी के ऐतिहासिक बाजारों और उनकी संस्कृति से रूबरू कराने की तैयारी शुरू हो गई है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर ब्रिक्स देशों के विदेशी मेहमानों के लिए चांदनी चौक, कनॉट प्लेस समेत दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक बाजारों का दौरा कराने का आग्रह किया है. CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली के बाजार विदेशी मेहमानों के लिए खरीदारी के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और खान-पान को समझने का भी बेहतर माध्यम बन सकते हैं. CTI के नेतृत्व में बाजार कारोबारी विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए तैयारियां कर रहे हैं. CTI के मुताबिक कई व्यापारी विदेशी ग्राहकों से बेहतर संवाद के लिए अंग्रेजी और अन्य विदेशी भाषाएं सीख रहे हैं. संस्था पर्यटकों की मदद के लिए टूरिस्ट गाइड भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है. चांदनी चौक के प्रसिद्ध जलेबी वाले ने विदेशी मेहमानों के लिए विशेष ‘जलेबा रबड़ी’ तैयार करने की योजना बनाई है. सम्मेलन में करीब 30 सदस्य और साझेदार देशों के नेता तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे.

September 11, 202608:35 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: पीएम मोदी ने ब्रिक्‍स सम्‍मेलन से पहले कही बड़ी बात

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: ब्रिक्‍स समिट की औपचारिक शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्‍ट शेयर कर कहा, ‘अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS Summit के लिए जुटेंगे. पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी.

सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्।

सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥’

September 11, 202607:48 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: 15 हजार पुलिसकर्मी, अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात, ट्रैफिक पर अस्थायी पाबंदियां

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. शनिवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेता भारत पहुंचेंगे. सम्मेलन का मुख्य आयोजन भारत मंडपम में होगा. सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस के करीब 15 हजार जवानों को तैनात किया गया है. इसके अलावा 200 कंपनियां अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई हैं. दिल्ली में 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सम्मेलन के दौरान पूरी दिल्ली बंद नहीं रहेगी. हालांकि, VVIP काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रोक, डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लगाए जाएंगे. अधिकारियों के मुताबिक, इन रोकों की अवधि तय नहीं होगी और सुरक्षा स्थिति के अनुसार वाहनों को चरणबद्ध तरीके से छोड़ा जाएगा. पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के साथ आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं और यातायात संबंधी एडवाइजरी पहले ही जारी की जा चुकी है.

September 11, 202607:18 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: ब्रिक्स को लेकर दिल्‍ली पुलिस की क्‍या है तैयारी

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले सुरक्षा तैयारियों को लेकर विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) मनीष अग्रवाल ने कहा कि लगभग 16 राष्ट्राध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है. इनमें कई ऐसे नेता भी हैं, जिन्हें उच्च स्तर की सुरक्षा मुहैया कराई जानी है. दिल्ली पुलिस ने शिखर सम्मेलन से जुड़े सभी कार्यक्रमों और बैठकों के प्रबंधन के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ व्यापक समन्वय किया है. इनमें गृह मंत्रालय (MHA) और विदेश मंत्रालय (MEA) से लेकर खुफिया ब्यूरो (IB) और अन्य संबंधित एजेंसियां शामिल हैं. यह समन्वय सम्मेलन से पहले और इसके दौरान होने वाली सभी गतिविधियों के लिए किया गया है. उन्होंने आगे कहा, ‘दिल्ली पुलिस ने इन सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए आंतरिक रूप से 15,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया है. गृह मंत्रालय ने हमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की लगभग 200 कंपनियां उपलब्ध कराई हैं. इनकी तैनाती कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अन्य परिचालन संबंधी कार्यों के लिए की जा रही है.’ उन्होंने बताया कि हमने निर्धारित मार्गों को पूरी तरह सुरक्षित और जांच के बाद सैनिटाइज कर दिया है. दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक शाखा इन मार्गों पर निगरानी रखेगी, ताकि किसी भी तरह की तोड़फोड़ या सुरक्षा संबंधी खतरे को रोका जा सके और यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो. इन वीआईपी आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक शाखा ने आम लोगों से उन मार्गों से बचने की अपील की है, जहां यातायात प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा, मार्गों पर प्रतिबंध के समय और तारीखों से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी जारी कर दी गई है.

September 11, 202607:14 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: ब्रिक्स प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए एनडीएमसी ने कसी कमर, ग्रीन थीम और रोशनी से सजेगी दिल्ली

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल (एनडीएमसी) अपने अधिकार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लाइटिंग और रोशनी के काम के अलावा इस वीकेंड शहर में होने वाले ब्रिक्स समिट की तैयारी के तहत अपनी ग्रीन स्पेस (हरियाली वाली जगहों) को सुंदर बनाने, बेहतर करने और उनके रखरखाव की योजना पर काम कर रही है. एनडीएमसी के वाइस चेयरपर्सन कुलजीत सिंह चहल ने सिविक एजेंसी की तरफ से की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने एनडीएमसी की तैयारियों के बारे में बताया, जिसमें फ्लावर बोर्ड, देशों के झंडे लगाना, ब्रिक्स ब्रांडिंग वाले इलेक्ट्रिक बोर्ड, पौधों पर सजावटी लाइटिंग, सजावटी गमले रखना और मुख्य रास्तों व जगहों पर सुंदरता बढ़ाने के दूसरे इंतजाम शामिल हैं. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नई दिल्ली को वर्ल्ड-क्लास राजधानी के तौर पर दिखाने और ब्रिक्स डेलीगेट्स व अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को शानदार अनुभव देने की तैयारियों के तहत, एनडीएमसी ने 17 बड़े गोल चक्करों, 11 होटलों और 10 प्रमुख एनडीएमसी इमारतों पर सजावटी लाइटिंग का काम किया है.

September 11, 202607:12 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: राष्‍ट्रपति पुतिन का अलग अंदाज में स्‍वागत

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ’18वें ब्रिक्स समिट के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत है. हवाई अड्डे पर राज्य मंत्री के.वी. सिंह ने उनका स्वागत किया. भारत और रूस के बीच बहुआयामी और लंबे समय से चले आ रहे संबंध हैं, जो ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ पर आधारित हैं.’

September 11, 202607:11 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: पीएम मोदी की आज पुतिन और ईरानी राष्‍ट्रपति पेजेशकियन से अहम मुलाकात

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के 12 सितंबर को औपचारिक शुरुआत से पहले शुक्रवार को भारत में दुनिया के कई बड़े नेताओं का जमावड़ा होगा. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे. पुतिन के साथ पीएम मोदी की बैठक शाम 4 से 4:30 बजे के आसपास, जबकि पेजेशकियन के साथ बैठक शाम 6 से 6:30 बजे के करीब प्रस्तावित है. इससे पहले शाम 5 से 6 बजे के बीच ब्रिक्स बिजनेस फोरम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन शामिल होंगे. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के भी शामिल होने की संभावना है. ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन के आज दोपहर करीब 2:30 बजे दिल्ली पहुंचेंगे. इसके बाद वह बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे और फिर पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे. ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद ईरान के राष्ट्रपति का पहला भारत दौरा है. इन मुख्य कार्यक्रमों के अलावा आज दिनभर ब्रिक्स सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधिमंडलों के भारत पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा. ऐसे में शिखर सम्मेलन के पहले दिन बिजनेस फोरम और पीएम मोदी की पुतिन तथा पेजेशकियन के साथ द्विपक्षीय बैठकें खास तौर पर अहम रहेंगी.

September 11, 202607:08 IST

BRICS Sammelan 2026 Live: रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने भारत में किया लैंड

ब्रिक्‍स सम्‍मेलन 2026: ब्रिक्स समिट 2026 का मंच सज चुका है. अब मेहमान भी आने लगे हैं. ब्रिक्स सम्मेलन 2026 में जिस पल का इंतजार था, वो घड़ी आ गई. भारत का सबसे अहम यार रूस ब्रिक्स के मंच पर साथ-साथ होगा. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आ चुके हैं. वह यूक्रेन जंग के बाद पहली बार भारत आए हैं. पुतिन आज यानी तड़के शुक्रवार को भारत की तीन दिन की यात्रा पर आए. वह ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेंगे. आज यानी शुक्रवार शाम को ही पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात है. इस द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||