Image Slider

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के निर्देश पर शहर में सरकारी एवं प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में प्राधिकरण ने सेक्टर-77 स्थित ग्राम सोरखा में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4,200 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस भूमि की अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये बताई गई है। सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देशों के अनुपालन में वर्क सर्किल-6 की टीम ने 7 सितंबर 2026 को ग्राम सोरखा के खसरा संख्या-18 पर किए गए अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद पूरी भूमि को प्राधिकरण ने अपने कब्जे में लेते हुए अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

मास्टर ग्रीन के लिए आरक्षित है भूमि
प्राधिकरण के अनुसार, उक्त जमीन मास्टर ग्रीन विकसित करने के लिए आरक्षित/निर्धारित है। अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया। मामले में अतिक्रमणकर्ता द्वारा माननीय न्यायालय में वाद संख्या 758/2025 दाखिल कर नोएडा प्राधिकरण के निर्माण एवं विकास कार्यों में हस्तक्षेप न करने की कार्रवाई के खिलाफ राहत पाने का प्रयास किया गया था। हालांकि, प्राधिकरण की ओर से मामले में प्रभावी पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप माननीय न्यायालय ने निषेधाज्ञा को निरस्त कर दिया। इसके बाद प्राधिकरण ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद अवैध निर्माण को ध्वस्त कर लगभग 40 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

शहर में बढ़ेगा हरित क्षेत्र
नोएडा प्राधिकरण की ओर से इस भूमि पर मास्टर ग्रीन विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके विकसित होने से क्षेत्र में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और आसपास रहने वाले नागरिकों को बेहतर पर्यावरणीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सीईओ कृष्णा करुणेश ने प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण के मामलों में सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अथवा प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||