Image Slider

होमताजा खबरDelhiबिल्डिंग में दरारें, एग्जिट गेट भी नहीं, कालकोठरी जैसी थी सत्‍यनिकेतन की इमारत

Last Updated:

Satyaniketan Building Collapse LIVE: देश की राजधानी दिल्‍ली के सत्‍यनिकेतन में एक बिल्डिंग के गिरने से उसकी चपेट में कई छात्र आ गए. बताया जा रहा है कि 50 साल पुराने इस भवन में पीजी चल रहा था. पास में दिल्‍ली यू…और पढ़ें

बिल्डिंग में दरारें, एग्जिट गेट भी नहीं, कालकोठरी जैसी थी सत्‍यनिकेतन की इमारतZoom

दिल्‍ली के सत्‍यनिकेतन में इमारत के जमींदोज होने से 6 छात्रों की जान चली गई. घायलों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है.

Satyaniketan Building Collapse LIVE: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत के ढहने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है. हादसे के बाद 15 घंटे से ज्यादा समय से राहत और बचाव अभियान जारी है. एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस समेत कई एजेंसियों की टीमें भारी मलबे को हटाकर किसी और के दबे होने की आशंका में लगातार तलाश कर रही हैं. देर रात एक और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या छह पहुंची. बताया जा रहा है कि सत्य निकेतन की शॉप नंबर-14 को कथित तौर पर अवैध तरीके से बहुमंजिला इमारत में तब्दील कर दिया गया था. इसी इमारत में पीजी चल रहा था, जहां बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे. दोपहर करीब एक बजे इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के बाद कई छात्रों और मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी. बचाव दल बड़े-बड़े ट्रकों की मदद से मलबा हटाकर उसे मौके से बाहर भेज रहे हैं.

हादसे के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. शॉप नंबर-13 और 14 को मिलाकर बनाई गई ठीक बगल की पांच मंजिला इमारत की हालत भी खराब बताई गई है. एहतियात के तौर पर इस इमारत को खाली करा दिया गया है. एमसीडी ने वहां नोटिस चस्पा किया है. बताया जा रहा है कि यह निर्माण पुराने तरीके से किया गया है और इसमें पिलर नहीं हैं, बल्कि ईंटों को सीधे जोड़कर दीवारें बनाई गई हैं. इमारत की स्थिरता बनाए रखने के लिए फिलहाल सपोर्ट सिस्टम लगाया जा रहा है. आशंका है कि मलबा हटाने के दौरान हादसे वाली इमारत के नीचे का बेस कमजोर होने से बगल की इमारत पर भी असर पड़ सकता है. इस बीच दिल्ली सरकार ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय के मुताबिक, प्रारंभिक आकलन और मौके के निरीक्षण के बाद भवन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने साफ किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

एक्‍शन में दिल्‍ली नगर निगम

नगर निगम ने भी अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आदेश दिया है. एमसीडी के मुताबिक चार मंजिल से अधिक के सभी अवैध निर्माण तत्काल सील किए जाएंगे. जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी और दोषी पाए जाने पर तत्काल बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. हादसे ने दिल्ली में पीजी और छात्र आवासों में सुरक्षा मानकों के पालन पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. पूर्व दिल्ली मुख्य सचिव ओमेश सहगल ने इसे अकेली घटना नहीं बताते हुए दिल्ली के कई इलाकों में अनधिकृत निर्माण, बिना मंजूरी के अतिरिक्त मंजिलें और घटिया निर्माण पर चिंता जताई. उन्होंने पहले से अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में नए निर्माण और भवन योजनाओं की मंजूरी पर रोक लगाने की जरूरत बताई.

विपक्ष हमलावर

विपक्ष ने भी सरकार को घेरा है. कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने छात्र सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की. वहीं एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि समय पर पर्याप्त मेडिकल और बचाव संसाधन पहुंचते तो और जानें बचाई जा सकती थीं. दूसरी ओर भाजयुमो अध्यक्ष रजत चौधरी ने कहा कि यह राजनीति का समय नहीं है और सभी दलों को प्रभावित परिवारों तथा बचाव दलों का साथ देना चाहिए. सत्य निकेतन में अब शॉप नंबर-12 और 13 से जुड़ी अवैध तरीके से बनी इमारतों में संचालित गर्ल्स पीजी को भी खाली करा दिया गया है. इन इमारतों को भी जल्द हटाने की तैयारी है, ताकि दोबारा इस तरह की जानलेवा घटना न हो.

September 7, 202607:56 IST

Delhi Satya Niketan Building Collapse News LIVE: सत्‍यनिकेतन में यूं नहीं गिरी इमारत, कई कमियां आईं सामने

दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा लाइव: दिल्‍ली के सत्‍यनिकेतन में जो बिल्डिंग जमींदोज हुई है, उसमें कई खामियां सामने आई हैं. ‘इंडियन एक्‍सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, इमारत में दरारें थीं, इसके बावजूद बेसमेंट में काम चल रहा था. इसे अलावा पीजी होने के बावजूद इसमें एग्जिट गेट नहीं था, जिससे छात्र आपात स्थितियों में बाहर निकल पाते.

September 7, 202606:34 IST

Satya Niketan Building Collapse Live: AIIMS ने सत्‍यनिकेतन हादसे पर जारी किया बयान, उसमें क्‍या है?

सत्‍यनिकेतन हादसा लाइव: सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद JPN एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, AIIMS में कुल 10 मरीजों को लाया गया. AIIMS के 6 सितंबर के अपडेट के मुताबिक, इनमें चार मरीजों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 1 मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. तीन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है. हादसे में घायल एक मरीज की अंग (लिम्ब) की सर्जरी की गई है. वहीं, मामूली चोट वाले एक मरीज को निगरानी के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. यह जानकारी AIIMS नई दिल्ली की PIC Media Cell की डॉ. रिमा दादा की ओर से जारी की गई.

September 7, 202606:23 IST

Satyaniketan Building Collapse Live: अब तक 6 की मौत, 11 बचाए गए

सत्‍यनिकेतन हादसा लाइव: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना के बाद रातभर राहत और बचाव अभियान जारी रहा. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक और व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. अब तक कुल 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है. पुलिस और बचाव दल मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं. वहीं, मामले में कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों का पता लगाने और उनकी तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है.

September 7, 202606:18 IST

Satyaniketan Building Collapse Live: CCTV फुटेज में देखिए कैसे भरभराकर गिर गई बिल्डिंग

सत्‍यनिकेतन हादसा लाइव: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने का रूह कंपा देने वाला मंजर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. पीजी के सामने स्थित मंदिर में लगे कैमरे की फुटेज में दिखाई देता है कि एक बुजुर्ग छाते के नीचे बैठे थे. इसी दौरान अचानक इमारत भरभराकर गिर पड़ी. देखते ही देखते मलबे और धूल का भयानक गुबार पूरी गली में फैल गया. हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सीसीटीवी फुटेज में इमारत के गिरने की भयावहता साफ नजर आ रही है.

September 7, 202606:11 IST

Satyaniketan Building Collapse Live: सीएम रेखा गुप्ता के आदेश पर बिल्डिंग मालिक पर एफआईआर

सत्‍यनिकेतन हादसा लाइव: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बेसमेंट और पांच मंजिल इमारत के ढहने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायलों का अभी इलाज जारी है. वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेश के बाद बिल्डिंग मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि मौके पर जाकर जायजा लेने और शुरुआती जांच के आधार पर मुख्यमंत्री ने इस घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने और इमारत के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है. सीएमओ ने बताया कि इस गंभीर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा और उनके खिलाफ कानून के सबसे सख्त प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी. वहीं, दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने जानकारी देते हुए बताया कि साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में कथित मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. यह बिल्डिंग एक पीजी थी. आरोप है कि ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिर गई. इन लोगों का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.

September 7, 202606:09 IST

Satyaniketan Building Collapse Live: 50 साल पुरानी थी बिल्डिंग, फिर भी चल रहा था कंस्‍ट्रक्‍शन का काम

सत्‍यनिकेतन हादसा लाइव: दिल्ली में इमारत ढहने की घटना ने लापरवाही और लालच की भयावह तस्वीर सामने ला दी है. हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए. बताया जा रहा है कि करीब 50 साल पुरानी जर्जर इमारत लंबे समय से बदहाल हालत में थी. दिल्ली विश्वविद्यालय के पास होने के कारण आसपास बड़ी संख्या में पीजी हॉस्टल हैं, जिससे इसे कमाई का जरिया बनाया गया. आरोप है कि इमारत के मालिक हरि राम बंसल ने कई महीनों तक इसमें बदलाव और निर्माण कराया. अगस्त में छात्रों समेत किरायेदारों को यहां रखा गया, जबकि निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ था. हादसे के वक्त बेसमेंट में मजदूर काम कर रहे थे. बचाए गए छह लोगों में दो मजदूर शामिल थे, जिनमें से एक की मौत हो गई.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||