Image Slider

होमखेलक्रिकेटबेटियों के आगे कैसे नतमस्तक हुआ PAK, जीत के बाद सामने आया भारत का ‘मास्टप्लान’

Last Updated:

Shree Charani Statement: भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी चौथी सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए एशिया कप में पाकिस्तान को 68 रन से धूल चटाई. भारत की स्पिन चौकड़ी के आगे पाकिस्तान की टीम अपने सबसे छोटे टोटल 55 रन पर ढेर हो गई थी, जिसके बाद भारत ने नौवें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच श्री चरणी ने टीम के ‘मास्टरप्लान’ का खुलासा किया है.

Zoom

भारत ने पाकिस्तान को महिला एशिया कप में हराया.

नई दिल्ली. पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप टी20 में अपनी धारदार गेंदबाजी से भारत की एकतरफा जीत की नींव रखने वाली स्पिनर श्री चरणी ने कहा कि टीम की स्पिनर मैच से पहले साथ बैठकर रणनीति बनाती हैं. इसके बाद मैदान पर उसके प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर देती हैं. श्री चरणी ने मैच में सात रन देकर तीन विकेट चटकाए, प्रेमा रावत ने नौ रन देकर तीन विकेट निकाले और दीप्ति शर्मा ने पांच रन देकर दो विकेट झटके. इसके अलावा शेफाली वर्मा ने 10 रन देकर एक विकेट हासिल किया. भारतीय स्पिनर चौकड़ी के इस दमदार प्रदर्शन ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और उसे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के अपने अब तक के सबसे कम स्कोर 55 रन पर समेट दिया. जवाब में भारत ने 68 गेंद शेष रहते 7 विकेट से आसान जीत दर्ज की.

भारत पहले ही ग्रुप ए से सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका था. टीम तीनों मैच जीतकर टीम छह अंक के साथ ग्रुप में टॉप पर रही. चरणी ने कहा, ‘टीम की बैठक में हम सब साथ बैठते हैं. प्रेमा, मैं, दीप्ति दीदी और राधा (यादव) दीदी. हम चर्चा करते हैं कि मैच में क्या करना है. इसलिए दीप्ति और राधा दी जो कहती हैं, हम मैदान पर उसे लागू करने की कोशिश करते हैं.’

55 रन पर ढेर हुई पाकिस्तान की टीम

चरणी ने पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर पर कहर बरपाते हुए शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा और आयशा जफर को पवेलियन भेजा. इससे पहले शेफाली ने मुनीबा अली को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई थी. पाकिस्तान ने चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 27 रन बनाकर तेज शुरुआत की थी, लेकिन छठे ओवर में चरणी के दो विकेटों ने उसका स्कोर तीन विकेट पर 29 रन कर दिया. इसके बाद टीम इन झटकों से उबर नहीं सकी और पारी सिर्फ 55 रन पर सिमट गई.

कैसे सफल हुईं श्री चरणी?

चरणी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 विकेट पूरे करने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं. इस 22 साल की गेंदबाज ने अपनी सफलता का श्रेय चीजों को सरल रखने और बुनियादी बातों पर ध्यान देने को दिया. उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ खुद पर ध्यान देने की बात है. मैं अपनी चीजों पर ध्यान देना चाहती हूं… मैं चाहती हूं कि मैं अपना काम सही तरीके से करूं.’ चरणी ने बताया कि पिच का आकलन करने के बाद उन्हें लगा कि गेंद को टर्न मिल सकता है, इसलिए उन्होंने सिर्फ स्टंप पर गेंदबाजी करने पर ध्यान दिया और बाकी काम गेंद पर छोड़ दिया.

प्रेमा रावत की तारीफ की

उन्होंने कहा, ‘मैंने सिर्फ स्टंप पर गेंदबाजी करने की कोशिश की. पिच देखकर हमें पता था कि गेंद टर्न हो सकती है, इसलिए मैंने उसी पर ध्यान दिया.’ चरणी ने प्रेमा रावत की भी जमकर तारीफ की. प्रेमा की लेग स्पिन ने पाकिस्तान की बल्लेबाजों को खासा परेशान किया. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि प्रेमा शानदार और स्वाभाविक प्रतिभा वाली खिलाड़ी हैं. उनके पास सब कुछ है. वह अच्छी फील्डर है. बल्लेबाजी से भी योगदान दे सकती है और गेंदबाजी तो है ही.’

चरणी के मुताबिक गेंदबाजों की मददगार पिच पर करीब 120 रन का स्कोर अच्छा माना जा सकता था. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस विकेट पर 120 के आस-पास का स्कोर अच्छा होता.’ उन्होंने दीप्ति शर्मा को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे जाने को भी रणनीतिक फैसला बताया. चरणी ने कहा कि अब भारतीय टीम आगे के मुकाबलों में एक समय में एक मैच के नजरिए के साथ आगे बढ़ेगी.

About the Author

authorimg

Shivam Upadhyay

परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||