Image Slider

-पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने पुलिस अधिकारियों के साथ समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन
-जलभराव, अवैध ऑटो संचालन, अतिक्रमण और फुटपाथ की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठा
-कौशांबी में 72 करोड़ रुपये के विकास कार्य, 40 करोड़ के काम शुरू

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी को और अधिक सुंदर, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से कौशांबी श्रीराम पार्क स्थित सेंट्रल पार्क में गुरुवार को कौशांबी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (करवा) की ओर से पार्षद कुसुम मनोज गोयल के साथ सार्थक चर्चा की गई। बैठक में कौशांबी में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ-साथ क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को भी पार्षद के सामने रखा गया। करवा पदाधिकारियों ने बताया कि कौशांबी में जल निकासी, बिना निर्धारित रूट के ऑटो संचालन, पंचमणि टावर के बाहर अतिक्रमण, लेबर चौक की अव्यवस्था और निजी वाहनों से बाहर की सवारियों को लाने-ले जाने जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। इसके अलावा श्रीराम पार्क के कुछ हिस्सों में फुटपाथ टूटे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में कहा गया कि इनमें से अधिकांश समस्याएं पुलिस और यातायात व्यवस्था से संबंधित हैं। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने तत्काल चौकी इंचार्ज योगेश सिरोही को मौके पर बुलाकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने ऑटो संचालन, अतिक्रमण, लेबर चौक और निजी वाहनों से सवारी बैठाने-उतारने के मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

चौकी इंचार्ज ने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। पार्षद ने बताया कि श्रीराम पार्क और उसके आसपास स्ट्रीट लाइट के लिए 16 नए खंभे लगाए गए हैं। इन पर जल्द ही लाइटें चालू कर दी जाएंगी, जिससे पार्क और आसपास के क्षेत्र में रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। पार्षद ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट योजना के तहत कौशांबी में करीब 72 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें से लगभग 40 करोड़ रुपये के कार्य शुरू हो चुके हैं। डाबर चौक से आनंद विहार, कामदगिरि, गंगा टावर, जयपुरिया, सतपुड़ा, कंचनजंगा, उदयगिरि और पचमढ़ी होते हुए ईडीएम मॉल तक सड़क एवं अन्य विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि इस महीने के अंत तक कौशांबी की मुख्य सड़क के करीब 32 करोड़ रुपये की लागत वाले कार्य भी शुरू हो जाएंगे। इसके तहत वेब पिक्चर हॉल से एंजेल मॉल, नंदा से डाबर चौक और होटल सम्राट से पंचमणि टावर तक सड़क का विकास किया जाएगा।

इन कार्यों के दौरान बिजली और इंटरनेट के तार भूमिगत किए जाएंगे। बरसाती पानी की निकासी के लिए भूमिगत पाइप डाले जाएंगे, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। सड़कों के किनारे लोगों के आवागमन के लिए फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। पार्षद ने बताया कि ये कार्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत कराए जा रहे हैं। पार्षद ने बताया कि हाउस टैक्स में वृद्धि के खिलाफ स्थानीय लोगों के साथ अभियान चलाया गया था। इसके बाद नगर निगम को निर्णय में बदलाव करना पड़ा और हाउस टैक्स में मामूली वृद्धि ही की गई। इस अवसर पर करवा अध्यक्ष अजीत सिंह और उनकी टीम ने कौशांबी में लगातार विकास कार्य कराने के लिए पार्षद कुसुम मनोज गोयल को बधाई दी।

कार्यक्रम में प्लॉट एरिया की जनरल सेक्रेटरी उर्मिल अरोड़ा ने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। करवा और प्लॉट एरिया की ओर से पप्पू चौपाल के कार्यों की भी सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन करवा की कोषाध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर करवा के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र विजयवर्गीय, पप्पू चौपाल से राकेश जाखेटिया, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, सुमित कश्यप, विक्रम सिंह, अतुल बंसल, चंदन, आशुतोष, मनीष जैन, गौरव वर्मा, राज शर्मा, प्रेम प्रकाश गोगिया, महाराज सिंह गौतम, देव घटक, मनीष मैरोडिया, राजेंद्र गोयल, मुकुल गुप्ता, रितु, मंजू, अशोक गर्ग सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||