Image Slider

नई दिल्ली: विराट कोहली का कवर ड्राइव, रोहित शर्मा जैसा पुल शॉट और जो रूट का अंदाज, ये तीनों ही चीजें अगर एक ही खिलाड़ी में देखने को मिल जाएं, तो इससे अच्छा कॉम्बिनेशन क्या हो सकता है? इन तीनों ही दिग्गजों की झलक 21 साल के शेख रशीद में देखने को मिलती है, जो टीम इंडिया में नंबर तीन की पोजीशन के लिए अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं. आंध्र प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रशीद हाल ही में इंडिया ए की टीम में भी चुने गए थे और फिलहाल वह साउथ जोन के लिए दलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं.

शेख रशीद जो रूट को अपना आदर्श मानते हैं और उनकी तरह ही 66 नंबर की जर्सी पहनते हैं. ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से बात करते हुए रशीद ने कहा, “मैं जो रूट के बहुत से वीडियो देखता हूं. मुझे उनका बैक-फुट पंच कवर ड्राइव बहुत पसंद है क्योंकि यह मेरा पसंदीदा शॉट है. जब मैं उनकी बल्लेबाजी देखता हूं, तो मैं बहुत कुछ सीखता हूं. मैं उनसे जुड़ाव महसूस करता हूं. जब मैं उन्हें खेलते देखता हूं, तो मुझे लगता है कि मैं खुद खेल रहा हूं. मैं उनसे यह सीखना चाहता हूं कि वह अलग-अलग परिस्थितियों में अपनी पारी को कैसे आगे बढ़ाते हैं.”

शेख रशीद ने ठोका टीम इंडिया में नंबर-3 का दावा

शेख रशीद रविवार से शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में साउथ जोन की तरफ से नॉर्थ जोन के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे. रशीद उन टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों की लिस्ट में हैं, जिन पर चयनकर्ताओं की पैनी नजर है. देवदत्त पडिक्कल ने फिलहाल नंबर 3 का स्थान पक्का कर लिया है, लेकिन 21 साल के रशीद को टेस्ट टीम के लिए तैयार किए जा रहे खिलाड़ियों के पूल में शामिल किया गया है.

बता दें कि रशीद के बचपन के कोच एन.एस. गणेश ने पिछले 7 सालों से उनके मन में एक ही बात डाली है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद लंबे समय में उनकी जगह आपको ही लेनी चाहिए. रशीद 2022 का अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रह चुके हैं. आंध्र प्रदेश के लिए रशीद का पिछला रणजी सीजन भी दमदार रहा था. उन्होंने 8 मैचों में 89.57 की औसत से 627 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और दो अर्धशतक शामिल थे, जिससे उन्हें हाल ही में इंडिया ए के श्रीलंका दौरे पर जगह मिली.

मौका भुनाने के लिए तैयार हैं शेख रशीद

टीम इंडिया में जगह मिलने को लेकर रशीद ने कहा, “मुझे मौकों को भुनाना होगा. भारत में मौका मिलना आसान नहीं है और जब मुझे मौका मिले, तो मुझे जिम्मेदार होना चाहिए क्योंकि यहां बहुत प्रतिस्पर्धा है. मैं टेस्ट कैप हासिल करना चाहता हूं और मैं इसी पर काम कर रहा हूं, लेकिन मैं जल्दबाजी नहीं करना चाहता हूं. यह एक प्रोसेस है. अंडर-19 से मैं रणजी आया और अब इंडिया ए में हूं. इसलिए अगले कदम तक पहुंचने के लिए मुझे एक बल्लेबाज के रूप में खुद को साबित करना होगा.”

IPL में मिल चुका है रशीद को खेलने का मौका

इंडियन प्रीमियर लीग में शेख रशीद को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने का मौका मिल चुका है. रशीद सीएसके के लिए कुल 5 मैचों में मैदान पर उतरे हैं, जिसमें उन्होंने 71 रन बनाए. हालांकि, रशीद के ये आईपीएल आंकड़े कुछ खास नहीं हैं. सीएसके के साथ रशीद तीन सीजन रहे, लेकिन उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें ऐसा लगता है कि यह एक चूका हुआ अवसर है, तो वह ऐसा नहीं मानते हैं.

आईपीएल में ज्यादा मौके नहीं मिलने पर रशीद ने कहा, “आईपीएल मेरे लिए सीखने का एक बड़ा अवसर था. माइक हसी से मैंने बहुत कुछ सीखा, खासकर अलग-अलग परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने के उनके अनुभव से. एक टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में ये मेरे लिए जरूरी सबक हैं. लंबे इंतजार के बाद जब मैं आईपीएल खेला, तो मैं टीम के बजाय अपने लिए खेल रहा था. जब मुझे दोबारा मौका मिलेगा, तो मैं एक अलग बल्लेबाज रहूंगा.”

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||