Image Slider

Last Updated:

5 bowlers Fastest to 600 wickets in Test: टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट का आंकड़ा छूना किसी भी गेंदबाज के लिए पहाड़ पर चढ़ने जैसा है. टेस्ट इतिहास में मुथैया मुरलीधरन से लेकर स्टुअर्ट ब्रॉड तक कुछ ऐसे दिग्गज गेंदबाज रहे हैं जिन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी और लंबी फिटनेस के दम पर यह महारिकॉर्ड अपने नाम किया. मुरलीधरन ने सबसे कम मैचों में यह मुकाम हासिल किया. किसी को 13 तो किसी को 17 साल का लंबा सफर तय करना पड़ा.

Zoom

दुनिया के 5 गेंदबाज, जिन्होंने टेस्ट में सबसे तेज 600 विकेट लिए.

नई दिल्ली.  टेस्ट क्रिकेट का इतिहास रिकॉर्ड्स और महान खिलाड़ियों के संघर्ष से भरा पड़ा है. जब बात गेंदबाजों की होती है, तो बल्लेबाजों के पसीने छुड़ाने वाले कुछ चुनिंदा गेंदबाज ऐसे हैं जिन्होंने अपनी गेंदबाजी के दम पर इतिहास के पन्नों में अमरता हासिल की है. क्रिकेट जगत में जब भी सबसे खतरनाक और सफल गेंदबाजों की चर्चा होगी, तो टेस्ट फॉर्मेट में सबसे तेज 600 विकेट लेने वाले धुरंधरों का जिक्र सबसे पहले आएगा. इस मुकाम तक पहुंचना किसी भी गेंदबाज के लिए एक बहुत बड़ा सपना और कठोर तपस्या का परिणाम होता है.

इस फेहरिस्त में सबसे पहला नाम आता है श्रीलंका के जादुई स्पिनर मुथैया मुरलीधरन (Muthiah Muralidaran) का, जिन्होंने असंभव को संभव कर दिखाया. मुरलीधरन ने महज़ 101 मैचों में अपने 600 टेस्ट विकेट पूरे किए थे. 8 मार्च 2006 को बांग्लादेश के खिलाफ बोगरा के मैदान पर खेलते हुए उन्होंने यह ऐतिहासिक मील का पत्थर छुआ था. 28 अगस्त 1992 को अपने टेस्ट करियर का आगाज करने वाले मुरलीधरन ने इस मुकाम तक पहुंचने में सिर्फ 13 साल और 192 दिन का समय लिया, जो आज भी क्रिकेट जगत में एक अद्भुत रिकॉर्ड है. उनकी फिरकी के आगे दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज पानी मांगते नजर आते थे.

दुनिया के 5 गेंदबाज, जिन्होंने टेस्ट में सबसे तेज 600 विकेट लिए.

भारत की आन, बान और शान ‘जंबो’
भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े मैच विनर और जुझारू गेंदबाजों में शुमार अनिल कुंबले (Anil Kumble) ने इस खास सूची में अपना दूसरा स्थान पक्का किया है. ‘जंबो’ के नाम से मशहूर कुंबले ने 16 जनवरी 2008 को पर्थ के खतरनाक WACA ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए अपने 600 टेस्ट विकेट पूरे किए थे. 9 अगस्त 1990 को भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले कुंबले ने 124 मैचों में यह कमाल किया. अपने करियर के दौरान चोटों से जूझने के बावजूद उनका जज्बा कभी कम नहीं हुआ और उन्होंने 17 साल और 160 दिन के लंबे सफर के बाद इस मुकाम को फतह किया.

लेग स्पिन का जादूगर शेन वार्न
ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर शेन वार्न (Shane Warne) इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर काबिज हैं. वार्न ने अपनी करिश्माई लेग स्पिन से दुनिया भर के बल्लेबाजों को नचाया. उन्होंने 11 अगस्त 2005 को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर के मैदान पर अपने 600 विकेट पूरे किए. 2 जनवरी 1992 को करियर का पहला टेस्ट खेलने वाले वार्न को इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने में 126 मैच लगे. उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में 13 साल और 221 दिन का समय लगा. उनकी गेंदें टर्न होकर बल्लेबाजों को गच्चा देने में माहिर थीं.

स्विंग के सुल्तान और बेजोड़ फिटनेस वाले जेम्स एंडरसन
तेज गेंदबाजों के लिए टेस्ट क्रिकेट में टिके रहना और इतने विकेट लेना किसी लोहे के चने चबाने जैसा होता है, लेकिन इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने इसे सच कर दिखाया. एंडरसन ने 21 अगस्त 2020 को पाकिस्तान के खिलाफ साउथम्पटन के मैदान पर अपने 600 टेस्ट विकेट पूरे किए. 22 मई 2003 को अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले एंडरसन ने 156 मैचों में इस मुकाम को हासिल किया. उनकी अविश्वसनीय फिटनेस और स्विंग कराने की अद्भुत कला के दम पर उन्होंने 17 साल और 91 दिन का लंबा सफर तय करके यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की.

इंग्लिश पेस बैटरी के आक्रामक योद्धा स्टुअर्ट ब्रॉड
जेम्स एंडरसन के पक्के जोड़ीदार और इंग्लैंड के एक और महान तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) ने भी इस एलीट लिस्ट में अपनी जगह बनाई है. ब्रॉड ने 19 जुलाई 2023 को चिर-प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैनचेस्टर के ऐतिहासिक मैदान पर अपने 600 टेस्ट विकेट पूरे किए. 9 दिसंबर 2007 को अपने टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले ब्रॉड ने 166 मैचों में यह मुकाम हासिल किया. अपने आक्रामक तेवर और जुझारू रवैये के लिए पहचाने जाने वाले ब्रॉड ने 15 साल और 222 दिन के सफर के बाद इस जादुई आंकड़े को छुआ.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||