- निर्माण विभाग की छह समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी 21 शिकायतें जनसुनवाई में पहुंचीं
- विजयनगर की जलकल संबंधी शिकायत पर नगर आयुक्त ने अवर अभियंता को मौके पर बुलाकर दिए निर्देश
- जोनल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की शिकायतों के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम की ओर से मंगलवार को संचालित ‘संभव’ जनसुनवाई में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने लोगों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 संदर्भ प्राप्त हुए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और मौके पर टीम भेजकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राप्त शिकायतों में निर्माण विभाग से छह, उद्यान विभाग से तीन, कर विभाग से चार, संपत्ति विभाग से दो, जलकल विभाग से पांच और अतिक्रमण से संबंधित एक संदर्भ शामिल रहा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके समाधान की प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित संपत्ति, जलकल, प्रकाश और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में विजयनगर क्षेत्र से आए एक शिकायतकर्ता ने जलकल विभाग से संबंधित समस्या नगर आयुक्त के सामने रखी। शिकायत सुनने के बाद नगर आयुक्त ने संबंधित अवर अभियंता मयंक मिश्रा को मौके पर बुलाकर समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलकल विभाग से जुड़ी शिकायतों पर विशेष तेजी से कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को पेयजल और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित परेशानी का लंबे समय तक सामना न करना पड़े। संभव में प्राप्त अन्य शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर टीम भेजकर समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कार्रवाई की प्रगति पर भी नजर रखने को कहा।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि संभव जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। जिन समस्याओं का संबंध एक से अधिक विभागों से है, उनमें संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने जोनल प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। जोनल प्रभारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करेंगे, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए नगर निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक संदर्भ को गंभीरता से लिया जाए।
शिकायत के निस्तारण के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी मिले। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। ‘संभव’ जनसुनवाई के माध्यम से नगर निगम अधिकारियों और शहरवासियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। अलग-अलग विभागों से जुड़ी शिकायतों को एक ही मंच पर सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



