Image Slider

गाजियाबाद। जिले में भू-जल स्तर में सुधार हुआ है। जिला भू-जल प्रबंधन परिषद ने दावा किया है कि विकास खंड भोजपुर और रजापुर में बीते पांच साल में भू-जल स्तर एक मीटर से अधिक ऊपर आया है। परिषद की नोडल अधिकारी सृष्टि जायसवाल ने बताया कि 2021 के प्री-मानसून में भोजपुर का भू-जल स्तर 11.61 मीटर था, जो 1.06 मीटर ऊपर आकर 10.56 मीटर हो गया है। सबसे ज्यादा सुधार रजापुर विकास खंड में हुआ है। यहां भू-जल स्तर 20.10 मीटर से घटकर 12.78 मीटर पर पहुंच गया। यानी यहां 7.32 मीटर का सुधार हुआ है।


नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में मुरादनगर को छोड़कर लोनी, रजापुर और भोजपुर रेड जोन में हैं। मुरादनगर में भू-जल तीन से छह मीटर की गहराई पर है। रजापुर और भोजपुर में भू-जल स्तर में सुधार हुआ है, जबकि लोनी में अभी भी भू-जल स्तर 24 मीटर पर है। छह मीटर से अधिक गहराई पर भू-जल जाने पर क्षेत्र रेड जोन में आ जाता है।

भू-जल को बेहतर करने के लिए कुओं को कर रहे जिंदा

नोडल अधिकारी ने बताया कि 104 तालाबों पर किए जा रहे कार्य का असर दिख रहा है। इसके साथ ही जिले में एक बार फिर कुओं को जिंदा किया जा रहा है। रिमोट सेंसिंग के माध्यम से भोजपुर में 173 कुएं चिह्नित किए गए हैं। इन कुओं की सफाई कराकर आसपास के घरों से निकलने वाले पानी को फिल्टर के माध्यम से कुओं से जोड़ा गया है। इनमें पानी पहुंचने से आने वाले दिनों में क्षेत्र में भू-जल स्तर ऊपर आ सकता है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत भोजपुर और अमराला गांव में दो कुएं तैयार किए गए हैं। आने वाले दिनों में भोजपुर के कुओं का जीर्णोद्धार करने के साथ ही अन्य ब्लॉकों में भी कुओं को चिह्नित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोनी में भी भू-जल स्तर सुधारने के लिए योजना तैयार की जा रही है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||