Image Slider

-सामान्य चिकित्सक, स्त्री रोग विशेषज्ञ और नेत्र विशेषज्ञ ने दिए 310 से अधिक चिकित्सकीय परामर्श
-रक्तचाप, रक्त शर्करा, बीएमआई और रक्त में ऑक्सीजन स्तर की हुई जांच
-असामान्य जांच परिणाम वाले लोगों को आगे चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार की सलाह
-आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देकर पात्र ग्रामीणों को पंजीकरण में दी गई सहायता

उदय भूमि संवाददाता
रेवाड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना आज बड़ी आवश्यकता बन गई है। इसी उद्देश्य को लेकर होंडा इंडिया फाउंडेशन की सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट स्वस्थ’ के अंतर्गत नंदरामपुर बास गांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। बाबा बिशन दास मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 136 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि सामान्य चिकित्सक, स्त्री रोग विशेषज्ञ और नेत्र विशेषज्ञ ने 310 से अधिक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किए। स्वास्थ्य शिविर से एक दिन पहले शारदा वेलफेयर फाउंडेशन की टीम ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संपर्क किया। टीम ने लोगों को शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों को चिकित्सकीय सलाह लेने तथा पात्र होने पर सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान का असर शिविर में देखने को मिला और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ स्वास्थ्य जांच कराई।

शिविर में प्रत्येक लाभार्थी के रक्तचाप और आकस्मिक रक्त शर्करा की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ लोगों में रक्तचाप और रक्त शर्करा का स्तर सामान्य से अधिक पाया गया। कई ऐसे लोग भी सामने आए, जिन्हें पहले अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी नहीं थी। कुछ लाभार्थी नियमित रूप से दवाइयों का सेवन भी नहीं कर रहे थे। चिकित्सकों ने ऐसे लोगों को गंभीरता से लेते हुए आगे चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार उपचार कराने के लिए प्रेरित किया। ‘प्रोजेक्ट स्वस्थ’ के माध्यम से टपूकड़ा के औद्योगिक क्षेत्र के आसपास स्थित गांवों में सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां, जरूरतमंद मरीजों के लिए आगे उपचार की सलाह और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोडऩे में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। नंदरामपुर बास में आयोजित शिविर भी इसी अभियान की कड़ी रहा, जिसने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ समय पर जांच और उपचार की जरूरत का संदेश दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आए स्वास्थ्य संबंधी संकेत
शिविर में चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि रक्तचाप और रक्त शर्करा की गई जांच प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच है। असामान्य परिणाम आने की स्थिति में बीमारी की पुष्टि के लिए आगे चिकित्सकीय परीक्षण आवश्यक है। जरूरतमंद लाभार्थियों को उनकी स्थिति के अनुसार संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में जांच और उपचार के लिए भेजने की सलाह दी गई। इसके अलावा ग्रामीणों के वजन, लंबाई के आधार पर शरीर द्रव्यमान सूचकांक (बीएमआई) और रक्त में ऑक्सीजन के स्तर की भी जांच की गई। चिकित्सकीय परामर्श के बाद जरूरतमंद लाभार्थियों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी से ग्रामीणों को गांव के नजदीक ही विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर सलाह लेने का अवसर मिला।

सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोडऩे की पहल
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी भी दी गई। टीम ने ग्रामीणों को योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में बताया और पंजीकरण तथा नामांकन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया। आयोजकों का उद्देश्य केवल एक दिन की स्वास्थ्य जांच तक सीमित न रहकर ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जोडऩा भी रहा। ग्राम पंचायत के सरपंच गौरव यादव सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन में सहयोग किया।

सरपंच ने ग्रामीणों से नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। ग्रामीणों ने गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराने वाली इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन लोगों को विशेष लाभ मिलता है, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के लिए दूर जाना पड़ता है। शिविर के सफल आयोजन में शारदा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से देश राज सिंह, बबली राजपूत, तरुण कुशवाहा और बबिता शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं होंडा इंडिया फाउंडेशन की ओर से रविंद्रा यादव का सहयोग रहा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||