Image Slider

Last Updated:

समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व सांसद आजम खान के ठिकानों पर ईडी की हुई छापेमारी की घटना पर एनडीए नेता ओम प्रकाश राजभर ने दुख जताया है. ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि कि अखिलेश यादव और शिवपाल यादव दोनों मिलकर आजम खान को परेशान देखना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में आजम खान ने इन लोगों को काफी परेशान किया था, इसलिए आज उनके साथ ऐसा हो रहा है. वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने आजम खान को बर्बाद कर दिया है.

Zoom

आजम खान के 10 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी.

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद आजम खान के ठिकानों पर बुधवार को ईडी की हुई कार्रवाई पर राज्य के मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को जिम्मेवार ठहराया है. ओपी राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव चाहते ही हैं कि आजम खान को परेशान किया जाए. आरोप लगाया कि पूरे मामले के जिम्मेवार अखिलेश यादव और शिवपाल यादव हैं. सरकार में रहते हुए आजम खान के बनाए रामपुर के जौहर यूनिवर्सिटी का नक्शा पास नहीं किया. जब यूनिर्सिटी सरकारी जमीन बनी तो इनकी सरकार पांच साल थी तो इन्होंने उस जमीन को यूनिवर्सिटी के नाम पर ट्रांसफर क्यों नहीं किया.

ओपी राजभर ने आगे कहा कि मजे की बात है कि यह लोग खुद चाहते हैं कि आजम खान को इसी तरह तंग किया जाए, परेशान किया जाए. अखिलेश यादव जब सरकार चला रहे थे तब आजम खान ने बहुत परेशान किया था. इसलिए आज इस तरह का खेल हो रहा है. उन्होंने कहा कि निश्चित है कि जो रकम आजम खान ने यूनिवर्सिटी को दी उसका लेखाजोखा होना चाहिए. बिना लेखाजोखा का पैसा पहुंचाना तो पैसा आया कहां से सवाल यह भी खड़ा होता है. फिलहाल आजम खान नगर विकास मंत्री रहते हुए बेटे का दो पैन कार्ड बनवाने के मामले में जेल में सजा काट रहे हैं.

आजम खान के सपोर्ट में उतरे कांग्रेस सांसद

वहीं आजम खान के ठिकानों पर छापेमारी के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद उनके बचाव में आए. उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर ईडी की छापेमारी पर कहा कि किसी शिक्षण संस्थान को क्यों तबाह करना चाहते हैं? आप उसे अपने कब्जे में लेकर के चला लो यार. बहुत सारे तरीके हैं. रेगुलराइज करने के तरीके हैं. उसे क्यों बर्बाद करने पर तुले हुए हैं? एक शिक्षा संस्थान को बर्बाद करने के ऊपर तुले हुए हैं. आजम साहब को इन्होंने बर्बाद कर दिया. कौन सी दुश्मनी राजनीति के अंदर इस तरह से नहीं निकाली जाती जो दुश्मनी आजम साहब से निकाली जा रही है.

अखिलेश यादव भी आजम खान के समर्थन में उतरे

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आजम खान के मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े ठिकानों पर ईडी की छापामारी पर आरोप लगाया कि एजेंसी उन लोगों को निशाना बना रही है जिन्होंने विश्वविद्यालय बनाया, जबकि कई दूसरे मामलों में कथित भ्रष्टाचार को नजरअंदाज कर रही है.

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘शिक्षा, शिक्षक व शिक्षार्थी विरोधी, स्कूलबंद करवाने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी यूनिवर्सिटी बनाने वालों के खिलाफ ईडी की छापेमारी कर रहे हैं, जिससे कि उनके एक-दो प्रतिशत बचे हुए सांप्रदायिक संकीर्ण सोच के कुतर्की समर्थकों को संतुष्ट कर पाएं, जबकि उन भ्रष्टाचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जो आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं. याद करा दें कि कुछ दिन पहले ही सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने रामपुर जेल पहुंचकर आजम खान से मुलाकात की थी. वहां से निकलने के बाद कहा था कि अगर सपा की सरकार बनी तो आजम खान को गृहमंत्री बनाएंगे.

ईडी ने जेल में बंद सपा नेता आजम खान से जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और विश्वविद्यालय परिसरों पर धनशोधन मामले में छापेमारी की. रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली के जामिया नगर में करीब 10 परिसरों की तलाशी ली जा रही है. जांच सरकारी ठेकों की रकम को कथित तौर पर निजी ठेकेदारों के जरिए ट्रस्ट और विश्वविद्यालय की संपत्तियां बनाने में इस्तेमाल किए जाने से जुड़ी है. ट्रस्ट के मुख्य न्यासी आजम खान हैं और यह रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय व एक पब्लिक स्कूल संचालित करता है. हाल ही में विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश को लेकर भी विवाद हुआ था, जिस पर बाद में रोक लगा दी गई.

About the Author

authorimg

अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर (सहयोगी संपादक) पद पर कार्यरत हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक…

और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||