Image Slider

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में किसान मंगलवार को लगातार तीसरे दिन पंजाब-हरियाणा के बीच खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर डटे रहे। प्रदर्शनकारी दिल्ली कूच की जिद पर अड़े हुए हैं। पंजाब, हरियाणा, यूपी व राजस्थान समेत कई राज्यों से किसान मोर्चे में शामिल होने पहुंचने लगे हैं। उधर, भाकियू चढ़ूनी गुट के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने आंदोलन को समर्थन पर चुप्पी साध ली है। 

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के संयोजक जगजीत सिंह डल्लेवाल ने मंगलवार को बताया कि 20 अगस्त को देशभर में रोष मार्च निकाले जाएंगे। जिला मुख्यालयों पर पुतला फूंककर प्रदर्शन किया जाएगा। डल्लेवाल ने कहा, आखिर किसानों को शांतिपूर्ण पैदल मार्च करते हुए दिल्ली क्यों नहीं जाने दिया जा रहा?

अब किसानों के पास ट्रैक्टर-ट्रालियां भी नहीं हैं। सिर्फ 51 किसानों का जत्था ही दिल्ली के जंतर-मंतर जाना चाहता है। डल्लेवाल ने 29 अगस्त तक विभिन्न राज्यों में किसान महापंचायत कराने का भी एलान किया। इन महापंचायतों में केंद्र की किसान और खेतीबाड़ी से जुड़ी नीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा।  

हरियाणा की ओर बॉर्डर सील…पुलिस तैनात 

दाता सिंहवाला-खनौरी बॉर्डर पर तीसरे दिन भी आंदोलन शांतिपूर्ण रहा। किसानों के दिल्ली कूच के एलान के बाद हरियाणा की ओर बॉर्डर को पांचस्तरीय बैरिकेडिंग कर सील किया गया है। पुलिस की तीन कंपनियां तैनात हैं। जींद एसपी कुलदीप सिंह ने अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। 

उधर, प्रशासन से आगे जाने की अनुमति न मिलने पर पंजाब सीमा में धरने पर बैठे किसान नेताओं ने एलान किया है कि बुधवार सुबह 11 बजे 51 किसान पैदल बॉर्डर के पास पहुंचेंगे और कपड़े उतारकर धरना देंगे। डल्लेवाल ने कहा, किसान 29 अगस्त तक खनौरी बॉर्डर पर डटे रहेंगे। 

एकजुट हुए बिना दिल्ली कूच सार्थक नहीं : टिकैत

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा, हरियाणा, यूपी, राजस्थान और पंजाब का किसान जब तक एकजुट नहीं होगा, तब तक दिल्ली कूच सार्थक नतीजे निकलने की संभावना नहीं है। किसान अमेरिका के साथ ट्रेड डील के विरोध में हैं। 

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||