Image Slider

  • राशन डीलरों की बढ़ी कमाई, अब कोई पात्र लाभार्थी राशन से वंचित न रहे: सुनील शर्मा
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का गाजियाबाद में हुआ सजीव प्रसारण, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने बांटे अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्ड
  • जिले में 11 अन्नपूर्णा भवन संचालित, 79 निर्माणाधीन; अगले माह तक 90 भवन होने का लक्ष्य
  • जिले में हर महीने करीब 20 लाख लाभार्थियों को मिल रहा खाद्यान्न, 99 हजार क्विंटल राशन का निशुल्क वितरण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उचित दर विक्रेताओं यानी राशन डीलरों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से किए गए महत्वपूर्ण फैसले का सोमवार को गाजियाबाद में सजीव प्रसारण किया गया। लखनऊ के लोकभवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को कविनगर स्थित जानकी भवन, रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने देखा। सरकार ने उचित दर विक्रेताओं को मिलने वाले लाभांश में बढ़ोतरी करते हुए इसे 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इससे राशन डीलरों को अपनी आय बढ़ाने में अतिरिक्त मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर जिलाधिकारी (नगर) विकास कश्यप, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह और जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी मंचासीन रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने स्वागत संबोधन किया।

सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने में राशन डीलरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के समय जनसुनवाई में खाद्य विभाग से जुड़ी शिकायतों की संख्या काफी अधिक थी, लेकिन आज स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन डीलरों की आय और लाभ बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रति क्विंटल 10 रुपये और राज्य सरकार की ओर से 25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद उचित दर विक्रेताओं को प्रति क्विंटल 125 रुपये लाभांश मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से भी लाभांश में अतिरिक्त बढ़ोतरी का आग्रह किए जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जनपद में अन्नपूर्णा भवन तैयार किए जा रहे हैं। इन भवनों के माध्यम से राशन के सुरक्षित भंडारण की सुविधा के साथ उचित दर विक्रेताओं को अतिरिक्त आय का अवसर भी मिलेगा।

अन्नपूर्णा भवनों में नियमानुसार 39 प्रकार की वस्तुओं की बिक्री की जा सकेगी। हालांकि प्रतिबंधित, नशीली और ज्वलनशील वस्तुओं की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने राशन डीलरों से स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में सहयोग की अपील भी की। कोरोना काल में राशन वितरण व्यवस्था को बनाए रखने में उचित दर विक्रेताओं के योगदान की भी सराहना की। गाजियाबाद में वर्तमान में 11 अन्नपूर्णा भवन संचालित हैं, जबकि 79 भवन निर्माणाधीन हैं। इनका निर्माण अगले माह तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है। इसके बाद जिले में अन्नपूर्णा भवनों की कुल संख्या 90 हो जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 37 और अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की कार्ययोजना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

इसके अलावा जिले में 15 जनपोषण केंद्र/न्यूट्रिशियन हब भी संचालित हैं, जहां उचित और न्यूनतम मूल्य पर पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला आपूर्ति विभाग की ओर से राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। जिले में 122 पेट्रोल पंप और 96 गैस एजेंसियां संचालित हैं। गैस एजेंसियों से जुड़े कुल 4,48,334 उपभोक्ता हैं, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक 1,07,326 गैस कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। जीरो पावर्टी के तहत पात्र परिवारों को निशुल्क उज्ज्वला गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है।

‘कोई पात्र लाभार्थी राशन से वंचित न रहे’
सजीव प्रसारण के बाद कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न नियमित रूप से पहुंचता रहे। उन्होंने राशन डीलरों से कहा कि राशन का वितरण पूरी पारदर्शिता और नियमितता के साथ किया जाए। कोई भी पात्र लाभार्थी राशन से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राशन डीलरों की आय में बढ़ोतरी सरकार की ओर से उनके योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वासà के संकल्प की दिशा में यह एक और महत्वपूर्ण कदम है। सरकार ने राशन डीलरों के लिए लाभ और कमाई के नए अवसर खोले हैं। उन्होंने उचित दर विक्रेताओं से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

पात्र लाभार्थियों को बांटे अंत्योदय और गृहस्थी कार्ड
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने पात्र लाभार्थियों को पांच अंत्योदय कार्ड और सात पात्र गृहस्थी कार्ड वितरित किए। राशन डीलरों ने भी कैबिनेट मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सरकार के प्रति आभार जताया। जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और राशन डीलरों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।

जिले में 556 राशन डीलर, करीब 20 लाख लाभार्थी
जिला आपूर्ति विभाग के अनुसार गाजियाबाद में वर्तमान में कुल 556 राशन डीलर हैं। पात्र गृहस्थी योजना के तहत 4,40,831 राशन कार्ड प्रचलित हैं, जिनसे करीब 19.23 लाख यूनिट जुड़ी हैं। वहीं अंत्योदय अन्न योजना के तहत 8,500 राशन कार्ड हैं, जिनमें करीब 29,272 यूनिट शामिल हैं। दोनों योजनाओं के माध्यम से जिले में प्रतिमाह करीब 20 लाख लाभार्थियों को खाद्यान्न योजना का लाभ मिल रहा है। पात्र गृहस्थी योजना के तहत प्रत्येक यूनिट पर तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल, यानी कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न का निशुल्क वितरण किया जा रहा है।

अंत्योदय अन्न योजना के तहत प्रत्येक कार्ड पर 35 किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाता है, जिसमें 21 किलोग्राम गेहूं और 14 किलोग्राम चावल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक तीन माह में प्रति कार्ड तीन किलोग्राम चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में हर महीने करीब 99 हजार क्विंटल खाद्यान्न का निशुल्क वितरण किया जा रहा है। ई-पॉस मशीनों के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण के जरिए 99.98 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है, जबकि राशन कार्डों में फीडिंग और सीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत बताया गया है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||