-आदर्श नगर के लालबाग में बुधवार रात नाबालिग की गोली मारकर की गई थी हत्या, हत्या कर उत्तराखंड की ओर भाग गए थे दोनों आरोपी
-आदर्श नगर थाना पुलिस ने चप्पड़ टोल नाका उत्तराखंड के पास से किराए की कार से दोनों आरोपी को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आदर्श नगर के लालबाग में बुधवार रात 16 साल के नाबालिग नीरज की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपी को पुलिस ने उत्तराखंड के चप्पड़ टोल नाका के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमन उर्फ मुल्ला और अनुज के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि इनके बीच पुरानी रंजिश चल रही थी और इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक किराए की पंच कार एवं दो मोबाइल बरामद किए हैं।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 12 अगस्त की रात आदर्श नगर थाना पुलिस को लालबाग इलाके में चाकूबाजी और गोली की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को पता चला कि 16 साल के नीरज को गोली लगी है और उसे पास से अस्पताल लेकर गए हैं। अस्पताल में पुलिस को पता चला कि नीरज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। वहीं नीरज का दोस्त और चश्मदीद साहिल मिला। जिसने बताया कि वह दोनों एक दुकान पर गए थे। जहां उनकी सलमानी ब्रदर गैंग के सदस्य अमन उर्फ मुल्ला से कहासुनी हो गई। अमन वहां से चला गया। उसके बाद वह नीरज के साथ घर आ रहा था, इसी दौरान अमन अपने दोस्त के साथ आया। पहले उनलोगों ने नीरज पर चाकू से हमला किया और भागने के दौरान उसे गोली मार दी। वह किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। साहिल के बयान पर पुलिस ने हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया।