महिला थाना, सिटी थाना नूंह और पिनगवां थाने के लिए चल रही कागजी कार्रवाई, आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे भवन
शेरसिंह डागर
नूंह। उधार की इमारतों में चल रहे जिले के तीन प्रमुख थानों को जल्द ही अपना स्थायी भवन मिलने की उम्मीद है। महिला थाना, सिटी थाना नूंह और पिनगवां थाने के नए भवनों के निर्माण को लेकर कागजी कार्रवाई चल रही है। एसपी अर्पित जैन ने बताया करीब 17 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इन तीनों भवनों को ग्रीन बिल्डिंग की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से इनका निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है।
इन भवनों के निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर नक्शा पास कराने के लिए भेजा गया था। अब पुलिस विभाग की ओर से प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कवायद की जा रही है। जल्द औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण की दिशा में काम शुरू कराया जाएगा।
कम आएगा बिजली का बिल
नूंह जिले में पहली बार पुलिस थानों के भवन ग्रीन बिल्डिंग की अवधारणा पर बनाए जाने की योजना है। भवनों में डबल दीवार की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा और दोनों दीवारों के बीच खाली जगह छोड़ी जाएगी। इससे भवन के अंदर का तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित रहेगा और गर्मी व सर्दी का असर कम होगा। इससे एयर कंडीशनर, कूलर और हीटर के इस्तेमाल में कमी आने के साथ बिजली की बचत भी होगी। नए भवनों में थाना प्रभारी के कमरे, जांच अधिकारियों के लिए अलग-अलग कमरे, मुंशी कक्ष, मालखाना, हवालात, पुरुष एवं महिला शौचालय, दिव्यांगों के लिए शौचालय, पार्किंग और पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सालाहेड़ी में बनेंगे सिटी और महिला थाने के भवन
पिनगवां थाने का नया भवन बिजली बोर्ड के समीप करीब पौने दो एकड़ जमीन पर बनाया जाना प्रस्तावित है। इस पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। तीन मंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर पर थाना प्रबंधक, महिला एवं पुरुष जांच अधिकारियों के कमरे, हवालात, मालखाना और मुंशी कक्ष के अलावा पुरुष, महिला और दिव्यांगों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। पहली मंजिल पर महिला और पुरुष जांच अधिकारियों के लिए अलग कमरे होंगे। दूसरी मंजिल पर थाना प्रभारी समेत महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के रहने के लिए कमरे बनाए जाएंगे। भवन में जिम की सुविधा भी प्रस्तावित है।
नूंह सिटी थाना और महिला थाना के नए भवन सालाहेड़ी गांव में करीब पौने तीन एकड़ जमीन पर बनाए जाने हैं। दोनों भवनों पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। नूंह सिटी थाने का भवन चार मंजिला होगा, जिसमें निचले हिस्से में वाहन पार्किंग की व्यवस्था होगी। महिला थाने का भवन भी पिनगवां थाने की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस ग्रीन बिल्डिंग के रूप में तैयार किया जाएगा।
जल्द निर्माण की कोशिश :
जिले के तीनों थानों की नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। ये भवन ग्रीन बिल्डिंग योजना के तहत तैयार किए जाएंगे। इसको लेकर जल्द कागजी कार्रवाई पूरी होगी। -डॉ. अर्पित जैन, एसपी
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



