Image Slider

UP News and Updates in Hindi: उत्तर प्रदेश में आज कई बड़ी घटनाओं ने लोगों का ध्यान खींचा. कानपुर के कल्याणपुर में घर के बाहर साइकिल चला रहे 12 साल के बच्चे को कार ने टक्कर मार दी, जिसका खौफनाक वीडियो CCTV में कैद हुआ. वहीं, प्रतापगढ़ में आपूर्ति विभाग के संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर की पीट-पीटकर हत्या से सनसनी फैल गई. स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सहारनपुर में भी पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया. यूपी की ऐसी ही तमाम ताजा और अहम खबरों के लिए पढ़ते रहिए न्यूज18 हिंदी.

UP Live News: यूपी में अब दिखता है कानून का राज, लखनऊ पहुंचे नाना पाटेकर ने की सीएम योगी की जमकर तारीफ

UP Live News: लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मशहूर बॉलीवुड अभिनेता और पद्म श्री नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और राज्य में आए बड़े बदलाव की खुलकर प्रशंसा की है. यूपी पुलिस की साइबर जागरूकता शॉर्ट मूवी का हिस्सा बनने पर उन्होंने कहा कि हम कलाकारों की भी समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी बनती है. गायक शंकर महादेवन के मशहूर ‘ब्रेथलेस’ गाने का जिक्र करते हुए उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा कि यह उन्होंने खाकी से ही सीखा है. साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों पर जनता को आगाह करते हुए पाटेकर ने नसीहत दी कि इंटरनेट पर सिर्फ वर्दी या नाम देखकर किसी पर भी आंख मूंदकर विश्वास न करें, क्योंकि एक जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों के लिए सबसे बड़ा और करारा जवाब है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज यूपी में निर्णय लेने की स्पष्टता और कानून का राज साफ दिखाई देता है. नाना पाटेकर ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि सिर्फ पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने से कानून का राज स्थापित नहीं होता, बल्कि इसके लिए मजबूत नेतृत्व चाहिए होता है, जिसके लिए उन्होंने सीएम योगी को बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए विशेष रूप से बधाई दी.

UP Live News: जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद सपा नेता ने बांटे तिरंगे, सुरक्षा में तैनात पुलिस और RAF जवानों का भी बढ़ाया मान

UP Live News: संभल की जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला, जहां समाजवादी पार्टी के नेता सईद अख्तर इस्राइली ने नमाजियों को राष्ट्रीय ध्वज बांटे. आगामी स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में उन्होंने सभी लोगों से अपने घरों पर शान से तिरंगा फहराने का खास आह्वान किया. इस दौरान सपा नेता ने मस्जिद परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को भी तिरंगा भेंट कर उन्हें सम्मानित किया. जवानों की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये खाकी वर्दी वाले अपना घर-परिवार छोड़कर दिन-रात हमारी हिफाजत में डटे रहते हैं. इस मौके पर उन्होंने सुरक्षाबलों के जवानों की लंबी उम्र और सलामती की कामना भी की.

UP Live News: 7-8 सालों से कर्नाटक में रह रहा समीर, सारे कनेक्शन को खंगाल रही खुफिया एजेंसी

UP Live News:  कर्नाटक के कलबुर्गी में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गिरफ्तार किए गए उत्तर प्रदेश के मजदूर का पाकिस्तान से कनेक्शन बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, देश विरोधी गतिविधियों और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से संबंध होने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया समीर मूल रूप से सीतापुर जिले के बिसवां कोतवाली क्षेत्र के रामाभारी गांव का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि समीर पिछले 7-8 सालों से कर्नाटक में ही रह रहा था और वह पिछले एक साल से अपने घर सीतापुर भी लौटकर नहीं आया था. कलबुर्गी में उसकी गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सीतापुर की स्थानीय खुफिया एजेंसियां और पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट हो गई हैं और समीर के स्थानीय संपर्कों व उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि की गहनता से जांच में जुट गई हैं. हालांकि, समीर की बहन ने न्यूज18 से बात करते हुए इन सभी आरोपों से इनकार कर दिया है. साथ ही उन्होंने बताया कि समीर के खिलाफ कोई गहरी साजिश चल रही है.

UP Live News: एसआरएन अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत पहली सफल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी, बचे लाखों रुपये

UP Live News: प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल के आर्थोपेडिक विभाग ने एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए ‘आयुष्मान भारत योजना’ के तहत पहली हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की है. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और ऑर्थोपेडिक विभाग के प्रोफेसर डॉ. ए.के. वर्मा के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक विशेष टीम ने अत्याधुनिक ‘मिनिमली इनवेसिव तकनीक’ का इस्तेमाल करते हुए महज एक घंटे के भीतर 72 वर्षीय मरीज लवकुश सिंह का सफल ऑपरेशन किया. आमतौर पर प्राइवेट अस्पतालों में इस तरह की हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी के लिए ढाई से तीन लाख रुपये तक का भारी-भरकम खर्च आता है, लेकिन आयुष्मान योजना के तहत यह महंगा इलाज पूरी तरह निशुल्क हुआ. इस सफल ऑपरेशन से राहत महसूस करते हुए मरीज के बेटे धर्मेंद्र सिंह ने एसआरएन अस्पताल के डॉक्टरों के इस शानदार प्रयास की जमकर सराहना की है, साथ ही गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही इस योजना के लिए केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार का हृदय से आभार जताया है.

UP Live News: सोशल इंजीनियरिंग में बसपा फेल, जनता ने नकारा; 2027 में सपा का पीडीए ही हराएगा बीजेपी को

UP Live News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, लेकिन साथ ही उन्होंने बसपा पर तीखे तंज भी कसे. सपा ने सवाल उठाया कि बसपा की सोशल इंजीनियरिंग क्यों फेल हुई और जनता ने उन्हें क्यों नकार दिया, इसका जवाब खुद बसपा को ही देना चाहिए. सपा नेता ने कहा कि बसपा सत्ता से बाहर हो चुकी है और आज उनके पास एक भी सांसद नहीं है, जो उनके कमजोर होते संगठन को दर्शाता है. इसके विपरीत, समाजवादी पार्टी ने दावा किया है कि ब्राह्मण समाज भी अब उनके पीडीए. (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले से जुड़ चुका है. यही पीडीए समीकरण 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने में सक्षम होगा.

यूपी में 6 परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत यूपी में 6 परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. 14 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे. योजना के तहत खारे जल में तालाब निर्माण एवं निवेश के लिए 33.93 हेक्टेयर, मध्याकार RAS के 3 यूनिट और रियरिंग यूनिट के निर्माण के लिए 22.667 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है. बैकयार्ड RAS के 241 यूनिट और जलाशयों में 65 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं के संचय के लिए भी आवेदन लिए जाएंगे. पारंपरिक मछुआरा परिवारों के लिए आजीविका एवं पोषण संबंधी सहायता के तहत 500 यूनिट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के मुताबिक, परियोजनाओं से मत्स्य उत्पादन व उत्पादकता बढ़ेगी, जल संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और मत्स्य पालकों व पारंपरिक मछुआरा परिवारों की आय मजबूत होगी.

लखनऊ में बुद्धेश्वर चौराहा पर विद्यार्थियों ने जाम लगाया

लखनऊ के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने बुद्धेश्वर चौराहा पर जाम लगाया. स्कूल में व्याप्त अव्यवस्थाओं यानी शिक्षकों की कमी पर गुस्साए बच्चों ने नाराजगी जताई. करीब 15 मिनट तक चौराहे पर जाम लगा रहा. बता दें, राज्य सरकार का समाज कल्याण विभाग इस आवासीय स्कूल को संचालित करता है. कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क आवासीय शिक्षा देता है स्कूल. पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया.

बेटे की चाहत में बच्चा चोरी की साजिश, एसडीओ सस्पेंड

हमीरपुर में बेटे की चाहत में पांच लाख रुपये देकर बच्चा चोरी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार बिजली विभाग के एसडीओ आरके वर्मा पर अब विभागीय कार्रवाई भी हो गई है. दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आगरा की प्रबंध निदेशक श्रुति सिंह ने एसडीओ आरके वर्मा को निलंबित कर दिया है.

आखिर कब तक यह हिंदुस्तान इसकी कीमत चुकाता रहेगा: सीएम योगी ने पूछा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दिवस इतिहास के उन काले अध्यायों से हमें बहुत कुछ सीखने की एक प्रेरणा भी प्रदान कर रहा है, क्योंकि यह केवल उसका स्मरण भर मात्र करने भर से इसकी समस्या का समाधान नहीं होने वाला है. यह समस्या क्यों पैदा हुई, किन लोगों के कारण पैदा हुई, इसके कितने दोषियों को सजा दी गई और आखिर कब तक यह हिंदुस्तान इसकी कीमत चुकाता रहेगा? यह प्रश्न आज भी हम सबके सामने उसी मजबूती के साथ खड़े हुए हैं, और इसलिए इतिहास केवल परीक्षा का एक पाठ्यक्रम नहीं होता है, इतिहास गौरवशाली क्षणों पर गर्व की अनुभूति करने और अतीत की गलतियों को परिमार्जन करने का एक अवसर भी हमें देता है,और स्मृति दिवस के पीछे का भाव भी आदरणीय प्रधानमंत्री जी का यही रहा है.

फर्रुखाबाद में तेज रफ्तार डंपर ने डाक कांवड़िये को कुचला, मौके पर मौत; हाईवे पर 10 KM लंबा जाम

फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांधी गांव के पास इटावा-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने डाक कांवड़िये को कुचल दिया. हादसे में कांवड़िये की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वह गंगा जल लेकर गोला (लखीमपुर खीरी) जा रहा था. साथी कांवड़ियों ने घटना के बाद हाईवे जाम कर दिया, जिससे करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की रफ्तार थम गई. सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कांवड़ियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया. शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है, जहां मृतक के परिजन भी पहुंचे.

विभाजन दिवस पर CM योगी की मौन पदयात्रा, सरदार पटेल की प्रतिमा से लोकभवन तक निकला मार्च

लखनऊ: विभाजन दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत विधायक और जनप्रतिनिधियों ने आज मौन पदयात्रा निकाली. यह यात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से शुरू होकर लोकभवन तक पहुंची. वर्ष 2021 से हर साल विभाजन दिवस पर मौन पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है. इस बार विधानसभा चुनाव से करीब 10 महीने पहले हो रही इस पदयात्रा को राजनीतिक लिहाज से भी खास माना जा रहा है.

 

यूपी पुलिस के 12 अफसर-कर्मियों को राष्ट्रपति का वीरता पदक

वीरता, विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदकों का ऐलान किया गया है. यूपी पुलिस के 12 अफसरों-कर्मियों को राष्ट्रपति का वीरता पदक, 6 को विशिष्ट सेवाओं और 75 को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक मिलेगा. वहीं, यूपी फायर सर्विस के 16 अफसर-कर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा. यूपी STF के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत राष्ट्रपति का वीरता पदक मिलेगा. इसके अलावा फायर सर्विस के एक कर्मी को विशिष्ट और चार को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक दिया जाएगा.

गोद में बैठे बच्चे ने घुमाई कार की स्टेयरिंग, नाले में गिरी कार

लखनऊ: आशियाना के राजा बिजली पासी किला मार्ग पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया. राजाजीपुरम निवासी 71 वर्षीय दीपक अपने नाती को स्कूल से लेकर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि बच्चा ड्राइविंग सीट पर गोद में बैठा था. अचानक उसने कार की स्टेयरिंग घुमा दी, जिससे कार रिटेनिंग वॉल तोड़ते हुए किला मोहम्मदी नाले में जा गिरी. कार में दीपक के साथ आया रेखा भी मौजूद थीं. सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम ने हाइड्रा क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला. कार डूबने से पहले ही तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

 

प्रयागराज में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 11 साल की सजा

प्रयागराज की पोक्सो स्पेशल कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी मोहम्मद अबू बकर को 11 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. कोर्ट ने उस पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. जुर्माना न देने पर एक साल अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी. कोर्ट ने पीड़िता के पुनर्वास के लिए दो लाख रुपये की क्षतिपूर्ति देने का भी आदेश दिया है.

प्रयागराज में डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य का आज दूसरा दिन, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

 

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के प्रयागराज दौरे का आज दूसरा दिन है. वह कुछ लोगों के आवास पर व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे. दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस में लोगों से मिलेंगे. शाम 4:30 बजे बीजेपी कार्यालय में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद 6:30 बजे मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. शाम 7:10 बजे ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. यूबी यादव के आवास पर जाएंगे. डिप्टी सीएम प्रयागराज में ही रात्रि विश्राम करेंगे.

 

 

CM योगी का आज अयोध्या दौरा, हनुमानगढ़ी से रामजन्मभूमि तक करेंगे दर्शन-पूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या दौरे पर रहेंगे. वह सुबह 11:40 बजे लखनऊ से रवाना होकर 12:30 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे और दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद महंत राजू दास के आश्रम पहुंचकर संत रामदास को श्रद्धांजलि देंगे. दोपहर 1 बजे रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में दर्शन करेंगे. इसके बाद दिगंबर अखाड़े में परमहंस रामचंद्र दास जी महाराज के 23वें पुण्य-स्मृति महोत्सव में शामिल होंगे. करीब 2:35 बजे संत रविदास मंदिर में पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर लगभग 3 बजे अयोध्या से रवाना होंगे.

आगरा में डिलीवरी के बाद प्रसूता को चारपाई पर लिटाकर नदी पार, VIDEO वायरल

आगरा की ऊतंगन नदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में डिलीवरी के बाद प्रसूता और नवजात को चारपाई पर लिटाकर चार लोग नदी पार कराते नजर आ रहे हैं. परिजनों के मुताबिक, महिला और बच्चे को घर ले जाने के लिए यह जोखिम उठाना पड़ा. ग्रामीणों ने इलाके में रास्ते की समस्या का आरोप लगाया है. वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक टीम मामले की जांच में जुट गई है.

प्रतापगढ़ में संविदा कर्मी की पीट-पीटकर हत्या

प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात आपूर्ति विभाग के संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर सौरभ उर्फ मोनू विश्वकर्मा की पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि लक्ष्मणपुर ब्लॉक के पास कुछ लोगों ने बाइक से घर लौट रहे मोनू को घेरकर लाठी-डंडों और सरिया से हमला किया. घायल मोनू को ग्रामीण मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों से उसकी रंजिश चल रही थी. सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की. पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे नहीं मिले. तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

सिर पर तवा मारकर पत्नी ने की पति की हत्या, पुलिस हिरासत में आरोपी

लखनऊ के जानकीपुरम में बेटी से मिलने पहुंचे 40 वर्षीय आशीष सोनी की पत्नी तपस्या ने कथित तौर पर तवे से सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने तपस्या को हिरासत में लिया है. दोनों के बीच करीब पांच साल से विवाद चल रहा था.

साइकिल चला रहे 12 साल के बच्चे पर चढ़ी कार, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कैलाश विहार में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया. घर के बाहर साइकिल चला रहे 12 वर्षीय बच्चे के ऊपर कार चढ़ गई. हादसे में कार का अगला पहिया बच्चे के सीने के ऊपर से गुजर गया, जबकि साइकिल कार में फंसने से पिछला पहिया बच्चे के ऊपर आने से बच गया. कार करीब 10 मीटर तक बच्चे को घसीटती रही. हादसे के बाद कार सवार युवक बच्चे को निकालकर मौके से फरार हो गया. घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना CCTV में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||