Last Updated:
Sukhbir Singh Badal News LIVE: पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड में एक निहंग ने तेजधार हथियार (कृपाण) से हमला कर दिया. इस जानलेवा हमले में उनके हाथ में गंभीर चोट आई है. उन्हें…और पढ़ें
अकाली दल चीफ सुखबीर बादल पर निहंग का हमला, बाल-बाल बची जान, सिक्योरिटी गार्ड घायल. (Photo : Video Grab)
Sukhbir Singh Badal Attacked LIVE: पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल के चीफ सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ है. महाराष्ट्र के नांदेड में माता साहेब गुरुद्वारा के पास गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे उन पर यह अटैक हुआ. एक निहंग हमलावर ने कृपाण से उन पर वार कर दिया. इस हमले में सुखबीर बादल के हाथ में गंभीर चोट आई है. घटना के वक्त उनकी पत्नी और एमपी हरसिमरत कौर बादल भी उनके साथ मौजूद थीं. हमले के तुरंत बाद उन्हें यशोसाई हॉस्पिटल ले जाया गया. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज चल रहा है. यह हमला तब हुआ जब वह गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे. पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर सिंह बादल की सेहत को लेकर उनकी पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की. सूत्रों के मुताबिक PM मोदी ने बातचीत के दौरान सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली.
Sukhbir Singh Badal News : नांदेड में सुखबीर बादल पर हमला कैसे और कब हुआ?
- सुखबीर बादल अपने परिवार के साथ तख्त श्री हुजूर साहिब माथा टेकने गए थे. जब वह गुरुद्वारा जा रहे थे तो अचानक एक शख्स उनके पास आया. उसने तेजधार हथियार से बादल पर अचानक हमला कर दिया. बादल की स्पेशल सिक्योरिटी में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे ने तुरंत बीच-बचाव किया. इस दौरान इंस्पेक्टर केंद्रे को भी चोटें आईं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. हमले का पूरा सीक्वेंस समझने के लिए जांच तेज कर दी गई है.
- महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड के एसपी से घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है. उन्होंने इस हमले के पीछे की असली वजह तलाशने के सख्त आदेश दिए हैं. दूसरी तरफ शिरोमणि अकाली दल में इस हमले को लेकर भारी गुस्सा है. अकाली नेता अर्शदीप सिंह क्लेर ने कहा, ‘यह पंथ विरोधी ताकतों की बहुत बड़ी साजिश है.’ उन्होंने बताया कि सुखबीर बादल पूरी तरह सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं.
- यह सुखबीर बादल पर पहला हमला नहीं है. 4 दिसंबर 2024 को भी अमृतसर के गोल्डन टेंपल के बाहर उन पर फायरिंग हुई थी. तब अकाल तख्त से मिली सजा के तहत वह ‘सेवादार’ की ड्यूटी निभा रहे थे. उस वक्त भी सिक्योरिटी गार्ड्स ने शूटर को तुरंत पकड़ लिया था. अब एक बार फिर उन पर हुए इस हमले ने वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Sukhbir Singh Badal Attack Live News | सुखबीर सिंह बादल पर हमला
Sukhbir Badal News LIVE: सुखबीर बादल पर हमले की AAP ने की निंदा, लेकिन अकाली दल पर साधा निशाना
पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की निंदा की. उन्होंने कहा कि हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं है. हालांकि पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अकाली दल ने पंथ के नाम पर पांच बार पंजाब में सरकार बनाई. पन्नू ने 2015 की बेअदबी की घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस फायरिंग हुई थी. बहबल कलां में दो लोगों की मौत हुई थी. उन्होंने कहा कि लोग उस घटना को अभी भूले नहीं हैं.
Sukhbir Badal News LIVE: PM मोदी ने हरसिमरत कौर बादल से फोन पर जाना सुखबीर बादल का हाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर सिंह बादल की सेहत को लेकर उनकी पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की. सूत्रों के मुताबिक PM मोदी ने बातचीत के दौरान सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली. नांदेड में गुरुद्वारा परिसर में सुखबीर बादल पर हमले के बाद प्रधानमंत्री ने चिंता जताई. बताया जा रहा है कि हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है. उनका नांदेड के अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
Sukhbir Singh Badal LIVE: सुखबीर बादल के हाथ में 4-5 सेंटीमीटर का घाव, सर्जरी जारी
नांदेड के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले ने सुखबीर सिंह बादल और पुलिस निरीक्षक संतोष केंद्रे की तबीयत स्थिर बताई है. उन्होंने कहा कि मुगट स्थित गुरु माता साहेब गुरुद्वारे के सेवादार ने दोनों पर हमला किया. घटना दोपहर करीब पौने दो बजे हुई. दोनों का इलाज नांदेड के यशस्वी अस्पताल में चल रहा है. जिलाधिकारी के मुताबिक सुखबीर बादल के दाहिने हाथ में चोट लगी है. उनके हाथ पर 4 से 5 सेंटीमीटर का घाव है. डॉक्टरों की टीम सर्जरी कर रही है. आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है. पूछताछ के बाद हमले के पीछे की वजह सामने आने की उम्मीद है.
नांदेड गुरुद्वारा में सुखबीर बादल पर हमले को लेकर पुलिस ने जारी किया बयान
महाराष्ट्र के नांदेड में पूर्व पंजाब डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारा माता साहिब में हमला हुआ. पुलिस ने एक बयान में बताया कि एक सेवादार जसपाल सिंह ने बादल पर हमला किया. घटना उस समय हुई जब बादल अरदास के बाद सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे. उन्हें बचाने की कोशिश में इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी घायल हो गए. दोनों के हाथ में चोट लगी है. दोनों को यशो साई अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. आरोपी जसपाल सिंह निहंग है और पिछले दो साल से गुरुद्वारा में सेवा कर रहा था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
Sukhbir Badal Attacked LIVE: नांदेड गुरुद्वारा परिसर में सुखबीर बादल पर हमले की जत्थेदार ने की निंदा
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज ने नांदेड के गुरुद्वारा माता साहिब दीवान परिसर में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे में देश और दुनिया से संगत माथा टेकने आती है. यहां सभी के कल्याण के लिए अरदास होती है. ऐसे पवित्र स्थान पर हिंसा की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल परिवार के साथ गुरुद्वारों के दर्शन करने पहुंचे थे. उन्हें सम्मान भी दिया गया था. जत्थेदार ने कहा कि ऐसे हमले गुरुद्वारों की मर्यादा और पूरे सिख समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं. गुरु का सच्चा सिख किसी श्रद्धालु पर हमला नहीं कर सकता.
Sukhbir Badal News LIVE: सुखबीर बादल पर हमले की बिट्टू ने की कड़ी निंदा
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि बादल की जान लेने की कोशिश बेहद निंदनीय है. यह पंजाब की शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है. बिट्टू ने कहा कि पवित्र धार्मिक स्थलों पर हिंसा और डर की कोई जगह नहीं है. उन्होंने आरोपियों को सामने लाकर सख्त सजा देने की मांग की. साथ ही सुरक्षा में हुई चूक के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही. बिट्टू ने कहा कि सिख धर्म सेवा, साहस और शांति का संदेश देता है, हिंसा का नहीं.
Sukhbir Singh Badal News LIVE: CM फडणवीस ने दिए सुखबीर बादल पर हमले की जांच के आदेश
महाराष्ट्र के नांदेड में पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ. घटना के बाद CM देवेंद्र फडणवीस ने उनसे फोन पर बात की. बादल ने CM को बताया कि उनकी हालत स्थिर है. फडणवीस ने नांदेड के SP से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया. CM ने हमले के पीछे की वजह पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं. CMO सूत्रों के मुताबिक बादल की हालत स्थिर और अच्छी है. फडणवीस ने मामले की पूरी जांच जल्द करने के निर्देश दिए हैं.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



