पहले स्क्रीनिंग में मिला था संकेत
4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एयरबस A320 फ्लाइट अचानक उड़ान के दौरान करीब 300 फीट नीचे आ गई थी. विमान में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे. दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के बाद 13 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों को अस्पताल ले जाना पड़ा था.
इस घटना के बाद दोनों पायलटों का अनिवार्य साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट कराया गया. को-पायलट की जांच में ऐसी कोई समस्या सामने नहीं आई, लेकिन पायलट-इन-कमांड का शुरुआती टेस्ट नॉन-नेगेटिव आया. इसके बाद उनके सैंपल को पुष्टि के लिए निर्धारित लैब भेजा गया. अब सूत्रों के अनुसार, कन्फर्मेटरी लैब टेस्ट में मारिजुआना की मौजूदगी की पुष्टि हुई है.
फ्लाइट ड्यूटी से हटाए गए दोनों पायलट
जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को फ्लाइंग रोस्टर से हटा दिया गया है. हालांकि, इस पॉजिटिव टेस्ट का फ्लाइट के दौरान अचानक ऊंचाई कम होने की घटना से सीधा संबंध था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
दरअसल, AI2379 मामले की जांच सिर्फ पायलटों के टेस्ट तक सीमित नहीं है. विमान में उड़ान के दौरान कई तकनीकी गड़बड़ियों की भी रिपोर्ट सामने आई है.
ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट से लेकर हाइड्रोलिक फेलियर तक
सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान का ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हुआ था. इसके बाद को-पायलट ने मैनुअल कंट्रोल संभाला. विमान में फ्लाइट-कंट्रोल स्टॉल मैसेज भी दिखाई दिया था. इसके अलावा ट्रिपल हाइड्रोलिक फेलियर और कुछ अन्य तकनीकी गड़बड़ियों की भी जांच की जा रही है.
अब जांचकर्ताओं के सामने बड़ा सवाल यह है कि टर्बुलेंस, अचानक 300 फीट की ऊंचाई कम होना और विमान में सामने आई तकनीकी गड़बड़ियां आपस में जुड़ी थीं या नहीं. साथ ही पायलट के टेस्ट के नतीजे का घटना पर कोई असर पड़ा था या नहीं, इसकी भी जांच होगी.
ब्लैक बॉक्स सुरक्षित, गंभीर घटना मानकर जांच
घटना के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इसे ‘गंभीर घटना’ के तौर पर देखा है. विमान का फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर सुरक्षित कर लिया गया है, जिनकी जांच की जा रही है.
इस जांच में विमान निर्माता एयरबस और फ्रांस की विमान दुर्घटना जांच एजेंसी BEA की सहायता भी ली जा सकती है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



