Image Slider

नई दिल्ली. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में हाल में एक ऐसा मुकाम हासिल हुआ, जिसने इस फॉर्मेट के 50 से भी ज्यादा सालों के सफर को एक नए नजरिए से देखने पर मजबूर कर दिया है. वनडे क्रिकेट के जन्म से लेकर अब तक कुल 5000 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इस ऐतिहासिक पड़ाव पर जब पिछले पांच दशकों के आंकड़ों के पन्ने पलटे, तो एक बेहद दिलचस्प और साफ तस्वीर सामने आई.वनडे क्रिकेट में भले ही दुनिया की दर्जनों टीमों ने हिस्सा लिया हो, लेकिन जब बात बल्लेबाजी के रिकॉर्ड्स और इस फॉर्मेट पर राज करने की आती है, तो भारतीय दिग्गजों का दबदबा निर्विवाद नजर आता है.

सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar), विराट कोहली (Virat Kohli), रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे नामों ने अपने बल्ले के दम पर वनडे क्रिकेट के इतिहास को ऐसे सुनहरे पन्नों से भर दिया है, जिन्हें आने वाले कई दशकों तक भुलाना या तोड़ पाना किसी भी टीम के लिए नामुमकिन सा लगता है.

बल्लेबाजी के हर बड़े शिखर पर भारत का जलवा
5000 वनडे मैचों के बाद सामने आए आंकड़े यह साफ बयां करते हैं कि ’50 ओवर के इस खेल’ में रन बनाने की कला को भारतीय बल्लेबाजों ने एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया है. मैदान पर सबसे ज्यादा उपस्थिति दर्ज कराने से लेकर विशालकाय स्कोर खड़ा करने तक, हर जगह भारतीय ‘रन-मशीनों’ का ही दबदबा है.

सबसे ज्यादा रन और मैच
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा 463 मैच खेले हैं और उनके नाम 18,426 रनों का एक ऐसा पहाड़ जैसा रिकॉर्ड दर्ज है, जिसके करीब पहुंचना भी किसी अन्य खिलाड़ी के लिए सपना लगता है. शतकों के मामले में विराट कोहली ने अपनी बादशाहत कायम की है, जो 54 शतकों के साथ सबसे आगे हैं. वहीं, सबसे ज्यादा 96 अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड सचिन के नाम है.

विस्फोटक बल्लेबाजी और दोहरे शतक
वनडे में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा के पास है, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी खेली थी. रोहित के नाम वनडे में 3 दोहरे शतक दर्ज हैं. एक ऐसा कारनामा जो दुनिया का कोई अन्य बल्लेबाज एक से ज्यादा बार नहीं दोहरा सका.

छक्कों और चौकों की बारिश
बाउंड्रीज के मामले में भी भारतीय आगे हैं. सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा 2,016 चौके हैं, जबकि रोहित शर्मा 369 छक्कों के साथ दुनिया में सबसे ज्यादा हवाई फायर करने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं. निरंतरता की बात करें तो विराट कोहली 58.59 की बेहतरीन बल्लेबाजी औसत के साथ शीर्ष पर हैं. वहीं, मैच फिनिश करने की बात आए तो महेंद्र सिंह धोनी का नाम सबसे ऊपर आता है, जो 84 बार नॉट-आउट रहकर मैच जिताने की मिसाल पेश कर चुके हैं.

सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, जोड़ियों का भी राज
भारतीयों का यह जलवा केवल व्यक्तिगत आंकड़ों तक सीमित नहीं रहा. वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल बल्लेबाजी साझेदारी का रिकॉर्ड भी भारत के नाम है. सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की ओपनिंग जोड़ी ने मिलकर 8,227 रन बनाए हैं, जिसमें 26 शतकीय साझेदारियां शामिल हैं. यह आंकड़ा आज भी वनडे इतिहास की किसी भी दो बल्लेबाजों की जोड़ी द्वारा बनाया गया सर्वोच्च रिकॉर्ड है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||