UP Today News: उत्तर प्रदेश में अपराध, हादसों और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. कहीं भीषण सड़क हादसों में लोगों की जान गई, तो कहीं पुलिस ने मुठभेड़ में बदमाशों को दबोचा. मंदिर में चोरी, शराब तस्करी पर कार्रवाई और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन के फैसले भी सुर्खियों में रहे. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज 18 के इस लाइव ब्लॉग के साथ बने रहें. यहां आपको हर तरह की खबरें मिलेंगी. राज्य में होने वाली बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें भी मिलेंगी.
अगर मुसलमान छींक भी देता है तो… सपा सांसद इकरा हसन
सपा सांसद इकरा हसन ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद के मदरसा वाले बयान पर कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर मुसलमान छींक भी देता है तो उसके घर पर बुलडोजर चल जाता है. केशव जो बिना तत्व के बात कर रहे हैं और उन्हें अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए. अगर उनके पास कोई सबूत या तथ्य होते है तो सबसे पहले वह कार्रवाई कर चुके होते. अब देश का युवा इनसे जवाब मांग रहा है और उपचुनाव यह हार चुके हैं जिसमें देश की प्रतिष्ठित सीट राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट भी नहीं बचा पाए. यह बीजेपी की बौखलाहट है और बौखलाहट में वह सबसे अच्छा जो जानते हैं वही कर रहे हैं. धार्मिक उन्माद फैलाना और हिंदू मुस्लिम करना. दिया बुझने से पहले फड़फड़ाता है. यह वही फड़फड़ाहट है लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती.
कैंसर से परेशान महिला ने दी जलाशय में कूदकर जान
सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र के डिंगिया नाले से एक हैरान करने वाली खबर आई है. यहां कैंसर पीड़ित महिला को परिजनों का कोई सहारा नहीं मिला तो जलाशय में कूदकर जान दे दी. घटना के बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस. शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी. बीमारी के बाद पति से अलग रहकर जिंदगी की जंग लड़ रही थी महिला. कई सालों तक महिला कैंसर से लड़ती रही. फिर परेशान होकर जान दे दी. मामले की सूचना पाकर पुलिस ने परिजनों को शिनाख्त के बाद घटना की जानकारी दी.
डॉ. रोहित मिश्रा का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के प्रथम कानपुर आगमन पर शहर का सियासी पारा और युवाओं का जोश अपने चरम पर दिखा. भाजयुमो के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया. इस भव्य स्वागत से गदगद डॉ. रोहित मिश्रा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए युवा कार्यकर्ताओं में जोश भरा शहर में कदम रखते ही युवा कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम और उनके उत्साह को देखकर प्रदेश अध्यक्ष फख्र से भर उठे.
प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक ही परिवार के 3 लोगों की बेरहमी से हत्या
प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र स्थित गढ़ी कला मोहल्ले में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. पुलिस के अनुसार मृतकों के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं. फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे हैं.
Sambhal News: संभल में पप्पू यादव के विरोध पर बवाल, बजरंग दल नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा
संभल के शंकर चौराहा पर सांसद पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन के दौरान कोतवाल द्वारा बजरंग दल के विभाग संयोजक को पुलिस वाहन में बैठाने पर विवाद हो गया. विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया, हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया और आंदोलन का ऐलान किया.
Agra News: ताजमहल में ड्यूटी के दौरान ASI कर्मचारी की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
आगरा के ताजमहल परिसर में ड्यूटी पर तैनात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के एक कर्मचारी की अचानक मौत हो गई. प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच की जा रही है.
40 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है जिसकी वजह से तीन दिन प्रदेश में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. मौसम विभाग ने 40 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और 56 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है. राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में कल रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है. बारिश की वजह से मौसम सुहाना हो गया है हालाकि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, लेकिन बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
अनिरुद्धाचार्य के गौरी गोपाल आश्रम के गार्डों पर मारपीट का आरोप
मथुरा में एक ई रिक्शा चालक ने प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के गौरी गोपाल आश्रम के गार्डों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।.
दोनों उप मुख्यमंत्रियों की मुस्कराती हुई तस्वीर वायरल
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक संपन्न हुई. बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य एक साथ एक छतरी के नीचे बाहर निकले. दोनों उप मुख्यमंत्रियों की मुस्कराती हुई यह तस्वीर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है. तस्वीर ने साफ संदेश दिया कि सरकार के दोनों प्रमुख चेहरे पूरी एकजुटता के साथ हैं.
सोनभद्र में बेकाबू ट्रेलर का कहर: तीन दुकानें और मकान तोड़ा, युवक गंभीर घायल
सोनभद्र के मारकुंडी में तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर तीन दुकानों और एक मकान में घुस गया. हादसे में पूर्व प्रधान का बेटा रामलखन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. दुर्घटना में करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है.
बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा: मिट्टी के ढेर से टकराकर पलटी कार, एक की मौत
बुलंदशहर के सिकंद्राबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वैगनआर कार मिट्टी के ढेर से टकराकर पलट गई. हादसे में नदीम खान (30) की मौत हो गई, जबकि अनुज खटाना गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों अपने गांव लौट रहे थे. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी.
Lucknow News: ट्रैफिक सिपाही की वर्दी फाड़ना पड़ा भारी, डंपर चालक समेत तीन पर केस दर्ज
लखनऊ के शहीद पथ पर ट्रैफिक सिपाही और डंपर चालक के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई. सिपाही ने वर्दी फाड़ने, जानलेवा हमला करने और जमीन पर गिराकर मारपीट का आरोप लगाया. सरोजिनी नगर थाने में चालक अमित समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है.
Sambhal News: तमन्ना मलिक और अमन त्यागी को कांवड़ लाने से रोका, शांति भंग की आशंका पर कार्रवाई
संभल में असमोली पुलिस की रिपोर्ट पर एसडीएम ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को इस वर्ष हरिद्वार से कांवड़ लाने पर रोक लगा दी. शांति भंग की आशंका जताते हुए दंपति को धारा 126/130/131 के तहत नोटिस जारी किया गया और 20 हजार रुपये का मुचलका भरने के निर्देश दिए गए. यहां पढ़ें पूरी खबर
Lucknow News: लखनऊ के पंचमुखी हनुमान मंदिर में लाखों की चोरी, चांदी के मुकुट-छत्र और CCTV DVR भी ले गए चोर
लखनऊ के महानगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरों ने लाखों रुपये के चांदी के मुकुट, छत्र और सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर लिए. सोमवार तड़के घटना का पता चला. मंदिर संरक्षक की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर महानगर पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Azamgarh News: आजमगढ़ में भीषण हादसा: डीजल टैंकर में लगी आग, 3 जिंदा जले
आजमगढ़ के जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पर डीजल से भरा टैंकर टायर फटने के बाद बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से टकराकर पलट गया. देखते ही देखते टैंकर आग का गोला बन गया. हादसे में ड्राइवर समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. कई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया.
Kaushambi News:कौशांबी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: एक के पैर में गोली, दूसरा अंधेरे में फरार
कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में रतगहा-चायल मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. आरोपी प्रदीप के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने घायल आरोपी के पास से बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.
Kanpur News: गोविंद नगर के फर्नीचर शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
गोविंद नगर स्थित गौरव फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग पर दमकल विभाग की सात गाड़ियों और पोर्टेबल बाइक्स की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया. आग में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है.
Deoria News: देवरिया पुलिस का बड़ा एक्शन: बिहार भेजी जा रही 42 पेटी शराब जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
देवरिया पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ अभियान में बनकटा और लार थाना क्षेत्रों से 42 पेटी शराब व बीयर बरामद की. बिहार भेजी जा रही खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया. बरामद शराब और वाहनों की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई.
Moradabad News: मुरादाबाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष: छतों से बरसे पत्थर, महिला समेत 4 घायल
मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के नगला हाशा गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ. लोग छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते नजर आए. घटना में महिला समेत चार लोग घायल हुए. पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
Lalitpur News: ललितपुर में पुलिस मुठभेड़: घनश्याम हत्याकांड के 3 और आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
ललितपुर के सिद्धन रोड स्थित घनश्याम हत्याकांड में फरार तीन आरोपियों को तालबेहट पुलिस ने एमपी की ओर भागते समय मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. तीनों के पैर में गोली लगी. इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. इससे पहले छह आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


