Image Slider

-कनावनी, प्रहलादगढ़ी और माकनपुर की भूमि का मौके पर कराया सीमांकन, अवैध झुग्गियों को हटाकर जमीन कराई कब्जामुक्त
-वर्ल्ड रेजीडेंसी बिल्डर को झुग्गियां हटाने के लिए मिला एक दिन, समय सीमा खत्म होते ही बुलडोजर चलाने की चेतावनी
-नगर निगम, जीडीए और तहसील की संयुक्त कार्रवाई, ग्रीन बेल्ट पर बिना नक्शे हो रहे निर्माण पर भी रोक के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम की 100 फुटा रोड स्थित ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जों के खिलाफ सोमवार को महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और तहसील की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। महापौर के निर्देश पर टीम ने कनावनी, प्रहलादगढ़ी और माकनपुर क्षेत्र की भूमि का मौके पर चिन्हीकरण कराया और ग्रीन बेल्ट में अवैध रूप से बसी झुग्गियों को हटाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान महापौर ने स्पष्ट किया कि इंदिरापुरम की 100 फुटा ग्रीन बेल्ट को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह कार्रवाई महापौर द्वारा कुछ दिन पहले इंदिरापुरम 100 फुटा रोड का अधिकारियों के साथ किए गए निरीक्षण के बाद की गई है। निरीक्षण के दौरान तीन संस्थानों को सील किया गया था। इसके बाद संबंधित दस्तावेजों और भूमि से जुड़े अभिलेखों की जांच-पड़ताल की गई। जांच के बाद महापौर ने जीडीए सचिव को पत्र भेजकर नगर निगम, जीडीए और तहसील की संयुक्त कार्रवाई कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सोमवार को तीनों विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और ग्रीन बेल्ट से कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान महापौर ने कनावनी, प्रहलादगढ़ी और माकनपुर की सीमाओं का मौके पर चिन्हीकरण कराया। इसके बाद ग्रीन बेल्ट की जमीन पर अवैध रूप से बनी झुग्गियों को हटाया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सरकारी भूमि और ग्रीन बेल्ट पर किसी भी तरह का नया अतिक्रमण न होने दिया जाए। महापौर ने कहा कि ग्रीन बेल्ट शहर की पर्यावरणीय और सार्वजनिक संपत्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पर कब्जा करके झुग्गियां बसाना अथवा किसी भी प्रकार का निर्माण करना नियमों के खिलाफ है। ऐसे कब्जों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान सम्पत्ति अधिकारी चंद्रकांता, सम्पत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा, लेखपाल सुरेन्द्र कौशिक, लेखपाल निशांत त्यागी, लेखपाल उदयनारायण, सहायक अभियंता पवन कुमार सहित नगर निगम, जीडीए और तहसील के अधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान वर्ल्ड रेजीडेंसी बिल्डर की ओर से नगर निगम की ग्रीन बेल्ट पर झुग्गियां बसाए जाने का मामला भी सामने आया।

महापौर ने मौके पर ही संबंधित बिल्डर को ग्रीन बेल्ट पर बसी झुग्गियों को हटाने के निर्देश दिए। संबंधित पक्ष की ओर से झुग्गियां हटाने के लिए एक दिन का समय मांगा गया। महापौर ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के भीतर झुग्गियों को नहीं हटाया गया तो अगले चरण में नगर निगम की ओर से बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि तय समय सीमा के बाद मौके की दोबारा जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि अवैध कब्जे हटाए गए हैं या नहीं। महापौर ने कहा कि सरकारी जमीन और ग्रीन बेल्ट पर कब्जे को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा। जो लोग स्वयं कब्जा नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ संबंधित विभाग नियमानुसार कठोर कार्रवाई करेंगे। महापौर ने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण को लेकर जीडीए अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी बिना स्वीकृत नक्शे के अनधिकृत निर्माण किया जा रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण को आगे बढऩे से रोका जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रीन बेल्ट की भूमि पर निर्माण की अनुमति देने अथवा नियमों का उल्लंघन कर निर्माण जारी रखने की किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। कुछ अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच अभी बाकी है। अभिलेखों की जांच पूरी होने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध कब्जा सामने आता है तो संबंधित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि पूर्व में भी इंदिरापुरम की ग्रीन बेल्ट पर बड़ी संख्या में झुग्गियां बसी हुई मिली थीं। जांच के दौरान एक फैजल नामक व्यक्ति द्वारा झुग्गियां बसाए जाने की बात भी सामने आई थी। सोमवार को अभियान चलाकर ऐसी झुग्गियों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रीन बेल्ट को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने तक अभियान जारी रहेगा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्रवाई के बाद भी संबंधित क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि दोबारा कोई कब्जा न हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रीन बेल्ट को सुरक्षित रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||