Last Updated:
Pappu Yadav News: पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में चप्पल फेंकने की घटना के बाद मामला और तूल पकड़ गया है. हंगामे और झड़प के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने और उनके काम में अड़ंगा डालने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. रविवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान दो युवकों ने अचानक घुसकर सांसद पर चप्पल चला दी थी, जिसके बाद समर्थकों और हमलावरों के बीच जमकर हाथापाई हुई.
दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. (पीटीआई)
Delhi Police FIR Pappu Yadav: दिल्ली पुलिस ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर संवाददाता सम्मेलन के बीच झड़प के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमले और उनके काम में बाधा डालने के संबंध में एफआईआर दर्ज की है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. यह एफआईआर दर्ज होने से एक दिन पहले रविवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान दो लोगों ने यादव के आवास में प्रवेश किया और सांसद पर चप्पल फेंकी जिससे उनके और यादव के समर्थकों के बीच झड़प हुई और पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी. इस घटना से थोड़ी देर के लिए हंगामे की स्थिति पैदा हो गई और दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया.
पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के कई प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें धारा 221 (लोक सेवक के आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा डालना), धारा 121 (1) (लोक सेवक को आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने से रोकने या रोकने के इरादे से स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 132 (लोक सेवक के खिलाफ हमला करना या आपराधिक बल का उपयोग करना) और धारा 3 (5) (सामान्य) इरादा शामिल है.
एक अधिकारी ने कहा कि सांसद के आवास पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कर्तव्यों का पालन करते समय उनके काम में बाधा डाली गई और उन पर हमला किया गया, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई. जांचकर्ता परिसर और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रहे हैं, गवाहों और पुलिस कर्मियों के बयान दर्ज कर रहे हैं और अन्य सबूत इकट्ठा कर रहे हैं.
यादव जब संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उनके नाटक को लेकर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि उन्होंने भगवान राम का अपमान किया है. इसके बाद उसने यादव पर चप्पल फेंक दी, जिसके बाद बिहार के पूर्णिया से सांसद यादव के समर्थकों और हमलावर के बीच हाथापाई हो गई. पुलिस ने कहा कि दोनों को हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की गई.
अधिकारी ने कहा, ‘घटना के पीछे के मकसद की भी जांच की जा रही है. हम आरोपियों के दावों के साथ-साथ आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के बयान की भी जांच कर रहे हैं.’ राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शुक्रवार को भगवा कपड़े पहनकर संसद परिसर में मकर द्वार के सामने अन्य विपक्षी सांसदों के साथ नाटक किया था. यह प्रदर्शन अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में किया गया था. इस दौरान राहुल गांधी समेत विभिन्न सांसदों ने दान पेटी में पैसे डाले, जबकि यादव ने राम मंदिर में हुई ‘चोरी’ को दिखाने के लिए कथित रूप से पैसे अपनी जेब में रख लिए.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



