- जिला आबकारी अधिकारी की रणनीति रंग लाई, एक ही दिन में तीन शराब तस्कर गिरफ्तार, अवैध शराब बरामद
- बॉर्डर सील होने से बदला तस्करों का तरीका, अब यूपी की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर कर रहे थे अवैध बिक्री का खेल
- दिन-रात चल रही सघन चेकिंग, आबकारी निरीक्षकों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों की कमर टूटी
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आबकारी विभाग ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ ऐसा अभियान छेड़ रखा है, जिसने पूरे जिले में शराब तस्करों की नींद उड़ा दी है। बुधवार को विभाग की टीम ने दिन और रात दोनों समय अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। तीनों आरोपियों के कब्जे से उत्तर प्रदेश मार्का देशी शराब बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से बेचने की तैयारी की जा रही थी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की सख्त कार्यशैली और लगातार हो रही मॉनिटरिंग का ही परिणाम है कि जनपद में अवैध शराब के नेटवर्क पर लगातार प्रहार हो रहा है। विभाग की रणनीति अब केवल बाहरी राज्यों से आने वाली शराब को रोकने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर संचालित हो रहे अवैध कारोबार पर भी बराबर नजर रखी जा रही है। आबकारी विभाग की चौबीसों घंटे सक्रिय टीमें जिले की सीमाओं, संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित तस्करी मार्गों पर लगातार गश्त एवं चेकिंग कर रही हैं।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद की सीमाओं पर इतनी कड़ी निगरानी रखी जा रही है कि बाहरी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी लगभग पूरी तरह थम चुकी है। यही कारण है कि अब शराब तस्करों ने अपना तरीका बदल लिया है। वे जनपद की लाइसेंसी शराब दुकानों से शराब खरीदकर उसे दुकानों से दूर ले जाकर अधिक कीमत पर अवैध रूप से बेचने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन आबकारी विभाग की सतर्क टीमों ने उनके इस नए हथकंडे पर भी प्रभावी अंकुश लगाना शुरू कर दिया है। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी एवं थाना सेक्टर-24 पुलिस की संयुक्त टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान मंटू यादव पुत्र स्वर्गीय सतीश यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश मार्का दोस्ताना ब्रांड देशी शराब के 40 पव्वे (200 एमएल) बरामद किए गए। आरोपी शराब को अवैध रूप से बेचने की फिराक में था, लेकिन संयुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह एवं थाना कासना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए प्रवीन पुत्र अर्जुन को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से दोस्ताना ब्रांड देशी शराब के 24 पव्वे (200 एमएल) बरामद हुए। पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। इसके अलावा आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह की टीम ने एक अन्य कार्रवाई में तरुण पुत्र सिकंदर को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से विंडीज ब्रांड देशी शराब के 25 पव्वे (200 एमएल) बरामद किए गए। विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया। आबकारी विभाग की इस लगातार कार्रवाई से जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में भय का माहौल है। विभाग की टीम दिन-रात सक्रिय रहकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, जिससे अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्तर पर अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे बाहरी राज्यों से तस्करी हो या स्थानीय स्तर पर अवैध बिक्री, किसी भी गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर शहर और ग्रामीण इलाकों तक लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


