Image Slider

Last Updated:

Sakshi Jha Man Hater Controversy: बिहार की मूल निवासी बताई जाने वाली साक्षी झा ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के मंच पर खुद को “मैन-हेटर” बताया और पुरुषों, शादी एवं अपने परिवार के पुरुष सदस्यों को लेकर विवादित टिप्पणियां कीं. हालांकि, उनके एक्ट को शो में मौजूद जजों ने शून्य अंक दिए जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना शुरू हो गई है. वहीं, शो के होस्ट समय रैना ने लोगों से अपील की कि वे साक्षी झा को ट्रोल न करें और उनके प्रति संवेदनशील रहें.

Zoom

बिहार की शिक्षिका साक्षी झा क्यों बनीं देशभर में चर्चा का विषय?

पटना. कॉमेडियन समय रैना के मशहूर रियलिटी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 (India’s Got Latent Season 2) के तीसरे एपिसोड से चर्चा में आईं साक्षी झा (Sakshi Jha) इस वक्त सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा ट्रेंडिंग चेहरों में से एक हैं. शो के मंच पर खुद को खुलकर ‘मैन-हेटर’ यानी पुरुषों से नफरत करने वाली, बताने और पुरुषों को लेकर बेहद विवादित टिप्पणियां करने के बाद वह रातों-रात वायरल हो गई हैं. बता दें कि इस शो के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब किसी कंटेस्टेंट को जजों के पूरे पैनल से 0/10 स्कोर मिला. इस शो के बाद से उनके बयानों को लेकर इंटरनेट पर ‘टॉक्सिक फेमिनिज्म’ और ‘रेज-बैटिंग’ यानी विवाद से अटेंशन पाने की प्रवृति पर एक बड़ी बहस छिड़ गई है.

कौन हैं साक्षी झा?

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, साक्षी झा मूल रूप से बिहार की रहने वाली एक शिक्षिका और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं. इनके इंस्टाग्राम पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं, जहां उन्होंने अपने बायो में खुद को “पैट्रिआर्की की वर्स्ट नाइटमेयर” यानी ‘पितृसत्ता का सबसे बुरा सपना’ लिखा हुआ है. बीते दिनों ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के मंच पर उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी करने के इरादे से एंट्री ली थी, लेकिन उनके पूरे एक्ट का केंद्र हास्य से ज्यादा पुरुषों के प्रति उनका गुस्सा और नफरत बन गया, जिसने जजों और दर्शकों दोनों को हैरान कर दिया. हालांकि, साक्षी झा का बिहार में वास्तविक जिला कौन-सा है, पिता कौन हैं, किस स्कूल में पढ़ाती हैं, सरकारी या निजी नौकरी में हैं, उनका शैक्षणिक रिकॉर्ड क्या है, और क्या वास्तव में उनका सरनेम “झा” है या नहीं…अभी तक सार्वजनिक और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है. लेकिन, इतना जरूर है कि वह खुद को बिहार का बताती हैं.

शो में दिए वो बयान जिसपर मचा है बवाल

बता दें कि एपिसोड के दौरान साक्षी झा ने माइक संभालते ही कहा कि वह एक ‘मैन-हेटर’ हैं और उन्हें पुरुषों का ईगो यानी अहंकार ठेस पहुंचाने में बहुत मजा आता है. विवाद तब और बढ़ गया जब उन्होंने अपने ही परिवार के पुरुषों को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा, “मेरे पिता हैं, मेरे दादा हैं और भाई हैं, लेकिन आखिरकार वे मर्द हैं, इसलिए मैं उन सब से नफरत करती हूं.” इतना ही नहीं, भविष्य में शादी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह ऐसे व्यक्ति से शादी करना चाहती हैं जो उनका ‘गुलाम’ बनकर रहे और उनका एक लाइफ गोल यह भी है कि वह “शराब पीकर अपने पति को बेल्ट से पीटें.”

इतिहास में पहली बार मिले ‘ऑल जीरो’

बता दें कि साक्षी झा ने इसी शो में एक सवाल के जवाब में यह भी कहा था कि “हां, मुझे मर्दों से जेनरेशनल ट्रॉमा है”. बता दें कि इसका अर्थ होता है कि “मेरे परिवार या पिछली पीढ़ियों के अनुभवों के कारण मुझे पुरुषों के प्रति मानसिक आघात  या गहरा नकारात्मक भाव विकसित हो गया है.” इसके बाद उन्होंने अपने इस परफॉर्मेंस को खुद 10 में से 8 रेटिंग दी थी. लेकिन, शो के जज तन्मय भट्ट, विशाल ददलानी, रघु राम, यशराज मेहरा और खुद समय रैना को उनका यह कंटेंट बिल्कुल पसंद नहीं आया. जजों ने घरेलू हिंसा को बढ़ावा देने और एक पूरे जेंडर के प्रति नफरत फैलाने वाले इन बयानों को कॉमेडी मानने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद जजों के पूरे पैनल ने सर्वसम्मति से उन्हें 0 अंक दिए. यहां तक कि शो में मौजूद ऑडियंस ने भी उनके लिए ‘जीरो’ के नारे लगाए.

विवाद के बाद नौकरी से सस्पेंशन की खबरें

शो के वायरल होने के बाद साक्षी झा को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दावा किया जा रहा है कि शो में दिए गए विवादित बयानों और घरेलू हिंसा के समर्थन के चलते बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने उन्हें टीचिंग जॉब से सस्पेंड कर दिया है. हालांकि, इस सस्पेंशन को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा कोई भी आधिकारिक लिखित आदेश या पुष्टि अभी तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है. सबसे खास बात यह कि वह कहां पोस्टेड हैं यह भी सार्वजनिक नहीं है.

समय रैना ने की शांत रहने की अपील

इस बीच इंटरनेट पर साक्षी झा के खिलाफ बढ़ते गुस्से और लगातार मिल रही गालियों को देखते हुए शो के होस्ट और कॉमेडियन समय रैना ने सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में बात की है. समय रैना ने नेटिजन्स और प्रशंसकों से अपील की है कि वे साक्षी के प्रति थोड़ी दयालुता दिखाएं और उन्हें व्यक्तिगत रूप से टारगेट या ऑनलाइन हैरास यानी परेशान न करें. उन्होंने कहा कि किसी के परफॉर्मेंस से असहमत होना अलग बात है, लेकिन किसी पर व्यक्तिगत हमले करना सही नहीं है.

About the Author

authorimg

Vijay jha

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||