-हेल्थ इंश्योरेंस, टर्म प्लान और दीर्घकालिक निवेश आज की सबसे बड़ी जरूरत: रविंद्र तिवारी
-महंगाई, महंगी शिक्षा और बढ़ते चिकित्सा खर्च के दौर में वित्तीय योजना ही परिवार की असली ताकत
-ऑनलाइन सलाह पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, सही वित्तीय निर्णय से ही सुरक्षित होगा आने वाली पीढिय़ों का भविष्य
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बदलते आर्थिक परिवेश, बढ़ती महंगाई और स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर शिक्षा तक लगातार बढ़ती लागत ने आज प्रत्येक परिवार के सामने नई वित्तीय चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे समय में केवल अच्छी आय अर्जित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस आय की सुरक्षा करना और परिवार के भविष्य को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। वित्तीय विशेषज्ञ एवं फाइनेंशियल कंसलटेंट रविंद्र तिवारी का मानना है कि आज हर व्यक्ति को अपनी वित्तीय योजना इस प्रकार तैयार करनी चाहिए कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में परिवार की आर्थिक स्थिरता प्रभावित न हो। रविंद्र तिवारी कहते हैं कि अधिकांश लोग जीवनभर मेहनत करके अच्छी आय तो अर्जित कर लेते हैं, लेकिन वित्तीय सुरक्षा की ठोस योजना न होने के कारण एक बड़ी बीमारी, दुर्घटना या किसी अप्रत्याशित घटना के बाद वर्षों की बचत कुछ ही समय में समाप्त हो जाती है। इसलिए आज के समय में प्रत्येक परिवार के पास तीन मजबूत वित्तीय सुरक्षा स्तंभ अवश्य होने चाहिए-पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस, पर्याप्त टर्म इंश्योरेंस और भविष्य के लक्ष्यों के लिए नियमित एवं अनुशासित दीर्घकालिक निवेश। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियां कभी भी बिना सूचना के सामने आ सकती हैं। निजी अस्पतालों में इलाज का खर्च लगातार बढ़ रहा है और कई बार एक गंभीर बीमारी पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर देती है। ऐसे में पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस केवल मेडिकल खर्च का साधन नहीं, बल्कि परिवार की वर्षों की मेहनत, बचत और निवेश की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि परिवार के पास पर्याप्त स्वास्थ्य बीमा होता है तो इलाज के दौरान आर्थिक दबाव काफी हद तक कम हो जाता है और भविष्य की योजनाएं प्रभावित नहीं होतीं। रविंद्र तिवारी के अनुसार, परिवार के कमाने वाले सदस्य के लिए पर्याप्त टर्म इंश्योरेंस भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जीवन अनिश्चितताओं से भरा है और यदि किसी कारणवश परिवार के मुख्य कमाने वाले व्यक्ति के साथ कोई अप्रत्याशित घटना घट जाती है, तो टर्म इंश्योरेंस परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करता है। इससे बच्चों की पढ़ाई, गृह ऋण, घरेलू खर्च और अन्य वित्तीय जिम्मेदारियों को पूरा करने में सहायता मिलती है। उनके अनुसार, टर्म इंश्योरेंस किसी निवेश का विकल्प नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने यह भी कहा कि आज शिक्षा की लागत तेजी से बढ़ रही है। उच्च शिक्षा, प्रोफेशनल कोर्स और विदेश में पढ़ाई जैसे विकल्प पहले की तुलना में कहीं अधिक महंगे हो चुके हैं। इसलिए माता-पिता को बच्चों के भविष्य के लिए समय रहते व्यवस्थित निवेश शुरू कर देना चाहिए। म्यूचुअल फंड, एसआईपी (स्ढ्ढक्क) और यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (रुढ्ढक्क) जैसे दीर्घकालिक निवेश विकल्प, यदि सही योजना और अनुशासन के साथ अपनाए जाएं, तो भविष्य के बड़े वित्तीय लक्ष्यों को आसानी से पूरा करने में मदद कर सकते हैं। रविंद्र तिवारी ने इस धारणा को भी गलत बताया कि केवल निजी क्षेत्र में कार्यरत लोगों को ही वित्तीय सुरक्षा की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि आज बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी भी अतिरिक्त हेल्थ इंश्योरेंस, टर्म इंश्योरेंस और सुव्यवस्थित निवेश योजनाओं को अपना रहे हैं। बदलती जीवनशैली, महंगाई और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए केवल सरकारी सुविधाओं पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं माना जा सकता। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सुरक्षित परिवार के लिए अतिरिक्त वित्तीय योजना बनाना समय की आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने डिजिटल युग में बढ़ रही ऑनलाइन वित्तीय सलाह और निवेश प्लेटफॉर्मों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर उपलब्ध हर जानकारी सभी लोगों के लिए उपयुक्त नहीं होती। कई बार सोशल मीडिया, फर्जी वेबसाइटों और अनधिकृत प्लेटफॉर्मों के माध्यम से लोग वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। इसलिए किसी भी निवेश, बीमा या वित्तीय उत्पाद का चयन करने से पहले उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करना और किसी विश्वसनीय, अधिकृत एवं योग्य वित्तीय सलाहकार से परामर्श लेना बेहद आवश्यक है। रविंद्र तिवारी का मानना है कि वित्तीय योजना केवल धन कमाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि परिवार के वर्तमान और भविष्य को सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति समय रहते सही वित्तीय निर्णय लेता है, वही आने वाले वर्षों में आर्थिक आत्मविश्वास, स्थिरता और सम्मान के साथ जीवन जी सकता है। उनका संदेश है कि संपत्ति बनाना सफलता है, लेकिन संपत्ति की सुरक्षा ही वास्तविक दूरदर्शिता है। उनका कहना है कि आज लिया गया एक सही वित्तीय निर्णय आने वाली पीढिय़ों के भविष्य को मजबूत और सुरक्षित बनाने की दिशा में सबसे बड़ा निवेश साबित हो सकता है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



