Image Slider

शिक्षा प्रणाली में सुधार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों के आज प्रस्तावित संसद मार्च को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है। आज संसद सत्र शुरू हो रहा है इसलिए दिल्ली पुलिस ने मार्च की अनुमति नहीं दी है। लिहाजा, जंतर-मंतर के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई है और खबर है कि फोर्स आ रही है।  

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन और आज प्रस्तावित ‘संसद मार्च’ को लेकर राजधानी दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। एक तरफ जहां सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने अस्पताल से ही मार्च में शामिल होने और प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करने का एलान किया है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई है और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‘मैं कल के मार्च में निश्चित रूप से शामिल होऊंगी’

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की स्थिति पर बात करते हुए उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि मैं विरोध प्रदर्शन में निश्चित रूप से उनका (सोनम का) प्रतिनिधित्व करूंगी और मार्च में शामिल होऊंगी। 

दिल्ली पुलिस अलर्ट

दिल्ली पुलिस ने पूरी नई दिल्ली में बीएनएसएस की धारा 163 लगा दी है, फिर इनपुट है कि प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री आवास, इंडिया गेट या फिर महत्वपूर्ण जगहों पर जा सकते हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने पूरी नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ा कर दिया है। पूरी नई दिल्ली क्षेत्र को 15 जोन में बांटा गया है। हर जोन की सुरक्षा की कमान एक आईपीएस अधिकारी को दी गई है। नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था में जिन पुलिस अधिकारी व जवानों की ड्यूटी लगाई है उन्हें सोमवार तड़के चार बजे ड्यूटी पाइंट पर पहुंचने को कहा है।

हालांकि ये स्पष्ट है कि दिल्ली पुलिस किसी टकराव के मूड में नहीं है। ऐसे में प्रदर्शनस्थल के आसपास किसी भी पुलिसकर्मी को लाठी आदि न रखने के सख्त आदेश दिए गए हैं। सीजेपी के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस में रविवार दोपहर बाद ब्रीफिंग की। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा में 22 डीसीपी और आठ ज्वाइंट सीपी व एडिशन सीपी को सुरक्षा की कमान दी गई है।

अर्द्धसैनिक बलों की 40 कंपनियों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस के नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खुद सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। नए पुलिस कमिश्नर ने दिल्ली पुलिस की कमान संभालते ही सबसे पहले आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता वाॅगचुक को जंतर-मंतर से हटवाया था।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||