इस ऐतिहासिक पारी के साथ बेन डकेट ने लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे क्रिकेट इतिहास का एक और सबसे बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है. डकेट अब लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे मैच में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ नाबाद 139 रनों की पारी खेलकर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स का 47 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 1979 के विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 138 रन बनाए थे.
मैच की शुरुआत से ही बेन डकेट और उनके युवा साथी जैकब बेथेल (Jacob Bethell) के इरादे साफ थे. दोनों ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट्स खेले। डकेट और बेथेल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 192 रनों की अविश्वसनीय और रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की. यह साझेदारी सिर्फ इस मैच की दिशा तय करने वाली नहीं थी, बल्कि इसने इंग्लैंड के वनडे क्रिकेट इतिहास का एक बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया.
बेन डकेट ने भारत के खिलाफ करियर का तीसरा शतक जड़ा.
यह अब वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ इंग्लैंड की तरफ से किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है.इन दोनों ने साल 2018 में लीड्स के मैदान पर इयोन मॉर्गन और जो रूट द्वारा बनाई गई नाबाद 186 रनों की साझेदारी के आठ साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. डकेट और बेथेल की इस जोड़ी ने भारतीय टीम को बैकफुट पर धकेलते हुए लॉर्ड्स के मैदान पर एक नया इतिहास रच दिया.
लॉर्ड्स के मैदान पर पहली बार हुआ ऐसा
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वैसे तो कई बड़ी साझेदारियां हुई हैं, लेकिन शुरुआती विकेट के लिए ऐसा डोमिनेशन पहले कभी नहीं देखा गया. बेन डकेट और जैकब बेथेल लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे क्रिकेट में पहले विकेट के लिए 150 से अधिक रनों की साझेदारी करने वाली दुनिया की पहली ओपनिंग जोड़ी बन गए हैं. इससे पहले इस मैदान पर सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड 135 रनों का था, जो साल 1980 में ज्योफ्री बॉयकॉट और पीटर विली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था.
इसके साथ ही, इंग्लैंड के लिए लॉर्ड्स के मैदान पर यह 16 साल बाद हुआ है जब सलामी जोड़ी ने 100 से अधिक रनों की पार्टनरशिप की हो.इससे पहले सितंबर 2010 में एंड्रयू स्ट्रॉस और स्टीवन डेविस ने पाकिस्तान के खिलाफ 113 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी. डकेट और बेथेल ने आज उस सूखे को खत्म करते हुए लॉर्ड्स के दर्शकों को झूमने का मौका दे दिया.
बेन डकेट का ‘एलीट क्लब’ में दाखिला
इस मुकाबले में शतक लगाते ही बेन डकेट ने लॉर्ड्स के मैदान पर वो कारनामा कर दिखाया जो क्रिकेट इतिहास के चुनिंदा बल्लेबाज ही कर पाए हैं. डकेट अब लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले दुनिया के छठे सलामी बल्लेबाज बन गए हैं. इस उपलब्धि को हासिल करते ही वह इंग्लैंड और विश्व क्रिकेट के महानतम ओपनर्स की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं.उनसे पहले लॉर्ड्स में टेस्ट और वनडे दोनों में बतौर ओपनर शतक जड़ने का गौरव सिर्फ डेनिस एमिस, ग्राहम गूच, ग्रीम वुड, मार्कस ट्रेस्कोथिक और एलिस्टेयर कुक जैसे दिग्गजों को ही हासिल था. आज डकेट ने इस खास सूची में अपना नाम दर्ज कराकर यह साबित कर दिया कि क्यों उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे खतरनाक ओपनर्स में गिना जाता है.
भारत के खिलाफ डकेट का तीसरा शतक
बेन डकेट का यह शतक भारतीय टीम के खिलाफ उनके दबदबे को और मजबूती देता है. भारत के खिलाफ डकेट का बल्ला हमेशा जमकर बोलता है, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों या फॉर्मेट कोई भी हो. इस शतक के साथ ही डकेट ने भारत के खिलाफ एक अनोखी ट्रिपल सेंचुरी पूरी की.
अब उनके नाम भारत के खिलाफ भारत की सरजमीं पर टेस्ट शतक दर्ज है, भारत के खिलाफ इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट शतक दर्ज है, और अब भारत के खिलाफ इंग्लैंड में वनडे शतक भी उनके खाते में जुड़ गया है. यह दिखाता है कि भारतीय गेंदबाजी लाइन-अप के खिलाफ उनका फुटवर्क और उनकी टाइमिंग कितनी सटीक रहती है. लॉर्ड्स की यह पारी न सिर्फ इंग्लैंड को जीत की राह पर ले जाने वाली है, बल्कि बेन डकेट के करियर की सबसे यादगार पारियों में हमेशा शीर्ष पर रहेगी.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



