Image Slider

– हर अवैध कब्जे तक पहुंचेगा प्राधिकरण का बुलडोजर: कृष्णा करुणेश
-22 हजार वर्गमीटर से अधिक जमीन पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
-नियोजित विकास और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए जारी रहेगा अभियान

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए गुरुवार को सेक्टर-10 के अंतर्गत झट्टा गांव में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में करीब 22,670 वर्गमीटर मूल्यवान सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। सीईओ कृष्णा करुणेश ने कहा कि अवैध कब्जों को हटाने का अभियान चलता रहेगा।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत आने वाले खसरा संख्या-456 की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध प्लॉटिंग कर कब्जा किया जा रहा था। आरोप है कि इस जमीन को छोटे-छोटे प्लॉट में विभाजित कर बेचने की तैयारी भी चल रही थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्राधिकरण ने राजस्व अभिलेखों की जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वर्क सर्किल-10 और भूलेख विभाग की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माण तथा प्लॉटिंग से जुड़े ढांचे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

प्राधिकरण का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर होने वाले अवैध कब्जे और संभावित खरीद-फरोख्त को रोका जा सका। नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी ऐसे मामलों की पहचान कर लगातार अभियान चलाया जाएगा और भू-माफियाओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश के नेतृत्व में अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

प्राधिकरण का कहना है कि सरकारी भूमि की सुरक्षा, नियोजित विकास और आम नागरिकों के हितों की रक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी नीति के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण की नियमित निगरानी कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच करें। अधिसूचित भूमि पर अवैध प्लॉट खरीदने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। यदि कहीं अवैध कब्जा, प्लॉटिंग या निर्माण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्राधिकरण को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर भू-माफियाओं की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||