Image Slider

नई दिल्ली. मॉडर्न क्रिकेट की दुनिया आज कड़े नियमों, सख्त डाइट चार्ट, यो-यो टेस्ट और कड़े अनुशासनात्मक दिशानिर्देशों से बंधी हुई है. आज के समय में कोई खिलाड़ी मैच के दिनों में देर रात तक बाहर रहने या शराब पीने की सोच भी नहीं सकता. लेकिन क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसा दौर भी था, जब कुछ खिलाड़ियों के लिए मैदान का अनुशासन और रात की मदहोशी दो अलग-अलग किनारे नहीं थे. वे रातभर सुरा और सुंदरियों के बीच महफिलें सजाते थे और अगली सुबह भारी सिर और लड़खड़ाते कदमों के साथ मैदान पर उतरकर ऐसा करिश्मा कर जाते थे कि दुनिया दांतों तले उंगली दबा लेती थी. इस ‘मस्तमौला’ ब्रिगेड के निर्विवाद राजा थे सर गारफिल्ड सोबर्स.

वेस्टइंडीज के महानतम ऑलराउंडर गैरी सोबर्स (Gary Sobers) ने कभी खुद को किसी बंदिश में नहीं बांधा. उनका सीधा सिद्धांत था जिंदगी पूरी शिद्दत और आनंद के साथ जीने के लिए है. साल 1973 के लॉर्ड्स टेस्ट का एक बेहद मशहूर किस्सा है, जो उनकी इस बेफिक्र जीवनशैली को पूरी तरह बयां करता है. इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच चल रहा था, लेकिन खेल खत्म होते ही सोबर्स सीधे किसी नाइट क्लब की ओर निकल पड़े. पूरी रात शराब के दौर चले और वह सुबह तड़के होटल लौटे. नींद पूरी होना तो दूर, वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे. जब वह मैदान पर पहुंचे, तो वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी चल रही थी.

गैरी सोबर्स ने शराब के नशे में कई सेंचुरी जड़ी.

लॉर्ड्स में ब्रांडी का ‘डोज’ और 150 रनों का तूफान
कप्तान रोहन कन्हाई (Rohan Kanhai) के आउट होने के बाद जब सोबर्स क्रीज पर पहुंचे, तो उनकी हालत बेहद खराब थी. उन्हें गेंदें सही से दिखाई नहीं दे रही थीं और पेट दर्द से वह बेहाल थे. लेकिन अपनी अद्भुत प्रतिभा के दम पर वे खेलते रहे और देखते ही देखते शतक के करीब पहुंच गए. जब दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो वह कुछ समय के लिए ड्रेसिंग रूम लौटे. वहां कप्तान कन्हाई ने उनके लिए दवा की जगह ‘ब्रांडी’ का इंतजाम किया. ब्रांडी के कुछ घूंट गले से नीचे उतरते ही सोबर्स का दर्द गायब हो गया. वे दोबारा क्रीज पर लौटे और 150 रनों की जादुई पारी खेलकर ही दम लिया. वेस्टइंडीज ने वह मैच एक पारी और 226 रनों के विशाल अंतर से जीता था.

महिला मित्र के साथ रात, ड्रेसिंग रूम में नींद और फिर 132 रन!
सोबर्स की यह कोई इकलौती कहानी नहीं थी. इससे पहले 1968 में जब वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर थी, तब भी एक ऐसा ही वाकया हुआ. सोबर्स पूरी रात अपनी एक महिला मित्र के साथ थे और सुबह उस समय होटल पहुंचे जब टीम बस मैदान के लिए रवाना हो चुकी थी. वे सीधे स्टेडियम पहुंचे, पैड पहने और ड्रेसिंग रूम की कुर्सी पर ही सो गए. जब विकेट गिरे तो उन्हें जगाया गया. सोबर्स आंखें मलते हुए मैदान पर गए और मात्र 113 मिनट में ताबड़तोड़ 132 रन कूट दिए. पारी खत्म कर वह लौटे और ड्रेसिंग रूम में फिर से अपनी अधूरी नींद पूरी करने लगे. साल 1958-59 के भारत दौरे पर भी उन्होंने रात के दो बजे तक शराब पीने के बाद अगले दिन पांच घंटे तक बल्लेबाजी करते हुए 198 रनों की पारी खेली थी.

हर्शल गिब्स की ऐतिहासिक 438 रन वाले मैच से ठीक पहले का नशा
लेकिन इस विद्रोही और रंगीन मिजाज शैली के नायक केवल सोबर्स ही नहीं थे. वक्त बदला, दौर बदला, लेकिन क्रिकेट की इस ‘मदहोश टोली’ में नए-नए चेहरे शामिल होते रहे. दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक ओपनर हर्शल गिब्स ने अपनी आत्मकथा ‘टू द पॉइंट’ में खुलकर स्वीकार किया है कि उन्होंने अपने करियर के कई बड़े मैचों (जिसमें ऐतिहासिक 438 रनों वाला मैच भी शामिल था) से कुछ घंटे पहले जमकर शराब पी थी. इसके बावजूद मैदान पर उनकी क्लास और टाइमिंग में कभी कोई कमी नहीं आई.

एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने हैंगओवर में जड़ा शतक और सड़कों पर आवारागर्दी
इंग्लैंड के आक्रामक ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को पब और पार्टियों का बेहद शौक था. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका एक यादगार टेस्ट शतक तब आया, जब वे पूरी तरह से हैंगओवर में थे. कई बार तो वे नशे की हालत में सड़कों पर घूमते हुए भी पाए गए, लेकिन जब हाथ में गेंद या बल्ला होता, तो विरोधी थर-थर कांपते थे.

एंड्रयू साइमंड्स अपने कप्तान रिकी पोंटिंग के सिर का दर्द बढ़ा देते थे
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स क्रिकेट के इस सबसे ‘अनप्रेडिक्टेबल’ खिलाड़ी की बेलगाम जीवनशैली से कप्तान रिकी पोंटिंग अक्सर परेशान रहते थे. कई बार मैच की सुबह साइमंड्स गंभीर हैंगओवर में पाए गए, लेकिन उनकी अद्भुत फील्डिंग और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी टीम के लिए हमेशा संजीवनी का काम करती रही.

जिसने शराब की लत में गंवा दिया अपना पूरा करियर
न्यूजीलैंड के बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज जेसी राइडर के लिए उनकी शराब की आदत ही उनका सबसे बड़ा दुश्मन बन गई. आईपीएल के दौरान देर रात तक पार्टी करने के कारण उन्हें कई बार टीम से बाहर होना पड़ा, और अंततः इसी अनुशासनहीनता ने उनके शानदार करियर को समय से पहले समाप्त कर दिया.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||