- संचालन शुरू होते ही बढ़ी रौनक, जुलाई में जून से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर
- एनसीआर और पश्चिमी यूपी के यात्रियों की पहली पसंद बनने लगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
- अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होते ही और बढ़ेगी रफ्तार, नए शहरों को जोड़ने की तैयारी
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। देश के सबसे आधुनिक एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने संचालन शुरू होने के महज एक महीने के भीतर ही यात्रियों का भरोसा जीतना शुरू कर दिया है। एयरपोर्ट से लगातार बढ़ रही यात्री संख्या इस बात का संकेत है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर के लोग अब यात्रा के लिए इस नए एयरपोर्ट को तेजी से अपना रहे हैं। 15 जून से शुरू हुए संचालन के बाद 13 जुलाई तक 61,287 यात्रियों ने इस एयरपोर्ट के माध्यम से यात्रा की, जो किसी भी नए एयरपोर्ट के लिए उत्साहजनक शुरुआत मानी जा रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या ने यह स्पष्ट कर दिया है कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव के बीच नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक मजबूत वैकल्पिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और कम भीड़ के कारण यात्रियों का रुझान लगातार इस ओर बढ़ रहा है।
एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि आने वाले महीनों में यह संख्या और अधिक तेजी से बढ़ेगी। एयरपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, 15 जून से 30 जून के बीच कुल 27,841 यात्रियों ने यहां से यात्रा की। वहीं 1 जुलाई से 13 जुलाई तक केवल 13 दिनों में ही 33,446 यात्री एयरपोर्ट का उपयोग कर चुके हैं। यानी जुलाई के शुरुआती दिनों में ही जून के मुकाबले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह बढ़ोतरी बताती है कि एयरपोर्ट की सेवाओं पर यात्रियों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। जून के अंतिम पखवाड़े में 9,342 यात्रियों ने नोएडा एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भरी, जबकि 8,757 यात्री यहां पहुंचे। इसी अवधि में 2,398 ट्रांसफर यात्री और 7,344 ट्रांजिट यात्री भी दर्ज किए गए। वहीं जुलाई के पहले 13 दिनों में 9,082 यात्रियों ने यहां से उड़ान भरी और 9,332 यात्री एयरपोर्ट पर पहुंचे।
इसके अलावा 9,334 ट्रांसफर और 5,698 ट्रांजिट यात्री भी दर्ज किए गए, जो एयरपोर्ट की बढ़ती गतिविधियों का प्रमाण हैं। यदि जुलाई के दैनिक आंकड़ों पर नजर डालें तो लगभग हर दिन दो हजार से अधिक यात्रियों ने इस एयरपोर्ट के माध्यम से सफर किया। 1 जुलाई को 2,412, 2 जुलाई को 2,418, 3 जुलाई को 2,389, 4 जुलाई को 2,364 और 5 जुलाई को 2,636 यात्रियों ने यात्रा की। इसके बाद भी यात्रियों का सिलसिला लगातार बढ़ता रहा। 10 जुलाई को सबसे अधिक 3,255 यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया, जबकि 11 जुलाई को यह संख्या 3,000 रही। 13 जुलाई को भी 2,796 यात्रियों ने इस एयरपोर्ट से यात्रा की। लगातार बढ़ते ये आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि एयरपोर्ट संचालन अब स्थिरता की ओर बढ़ रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पूरी क्षमता से विकसित होने के बाद इसका सबसे बड़ा लाभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को मिलेगा। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री दबाव भी कम होगा।
इसके अलावा क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी तेजी से बढ़ने की संभावना है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (नायल) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आर.के. सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट को यात्रियों का लगातार अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 61 हजार से अधिक यात्री इस एयरपोर्ट से यात्रा कर चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे-जैसे नई घरेलू उड़ानें जुड़ेंगी और अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू होंगी, यात्रियों की संख्या में और तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से चरणबद्ध तरीके से देश के अधिक शहरों को जोड़ा जाएगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के बाद नोएडा एयरपोर्ट उत्तर भारत का एक प्रमुख एविएशन हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर संचालन व्यवस्था और विश्वस्तरीय सेवाओं के माध्यम से इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की यह सफल शुरुआत केवल एक नए हवाई अड्डे की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास और वैश्विक अवसरों की नई उड़ान का संकेत मानी जा रही है। आने वाले समय में जैसे-जैसे उड़ानों का विस्तार होगा, यह एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण हवाई अड्डों में अपनी मजबूत पहचान बनाने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


